संयुक्त राष्ट्र के मंच से बोले रूसी दूत, ' स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर हम ईरान के साथ, नियंत्रण का उसे पूरा अधिकार'
न्यूयॉर्क, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। रूस ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर ईरान के अधिकार का खुला समर्थन किया है। संयुक्त राष्ट्र में रूस के राजदूत वैसिली नेबेंजिया ने कहा कि मौजूदा हालात में ईरान को इस अहम समुद्री मार्ग पर यातायात नियंत्रित करने का पूरा अधिकार है।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के मंच से नेबेंजिया ने पश्चिमी देशों पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ईरान पर पूरी जिम्मेदारी थोपने की कोशिश की जा रही है, मानो उसी ने अपने पड़ोसियों पर हमला किया हो, जबकि वास्तविकता अधिक जटिल है।
नेबेंजिया के अनुसार, युद्ध की स्थिति में कोई भी तटीय देश अपनी सुरक्षा के लिए अपने क्षेत्रीय जल में नौवहन (नेविगेशन) को सीमित कर सकता है। उन्होंने इस संदर्भ में अंतरराष्ट्रीय कानून की व्याख्या करते हुए कहा कि ऐसे कदम सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं के तहत वैध माने जा सकते हैं।
रूसी राजदूत ने पश्चिमी देशों की तीखी आलोचना करते हुए उन्हें “आधुनिक समुद्री डाकू” तक करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिमी देश अपने “गैरकानूनी कदमों” को एकतरफा प्रतिबंधों और दबाव की नीतियों के जरिए छिपाने की कोशिश कर रहे हैं।
नेबेंजिया ने यूरोपीय देशों की भी आलोचना की, जो यूक्रेन द्वारा काला सागर में रूसी व्यापारिक जहाजों पर हमलों का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह रुख अंतरराष्ट्रीय नियमों के विपरीत है और वैश्विक समुद्री सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करता है।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा हुआ है और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की सुरक्षा वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण बनी हुई है।
ये बयान ऐसे समय में आया जब ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची रूस पहुंचे और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। इस दौरान मास्को ने ईरान के साथ खड़े रहने का संकल्प दोहराया और मिडिल ईस्ट में शांति स्थापित करने के लिए हर संभव प्रयास जारी रखने की बात कही।
--आईएएनएस
केआर/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
अदाणीकॉनेक्स विशाखापत्तनम में 1 गीगावॉट क्षमता वाला एआई-रेडी डेटा सेंटर हब स्थापित करेगी
विशाखापत्तनम, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। अदाणी ग्रुप और एजकॉनेक्स की ज्वाइंट वेंचर कंपनी अदाणीकॉनेक्स ने मंगलवार को ऐलान किया है कि वह आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक गीगावाट क्षमता वाला एआई-रेडी डेटा सेंटर प्लेटफॉर्म बनाएगी।
यह प्रोजेक्ट अदाणी समूह के 10 अरब डॉलर के निवेश से समर्थित है, जो कि देश में डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर को विकसित करने की ग्रुप की प्रतिबद्धता को दिखाता है।
प्रमुख इन्फ्रास्ट्रक्चर पार्टनर के रूप में, अदाणीकॉनेक्स एक मजबूत और एकीकृत एनर्जी इकोसिस्टम द्वारा समर्थित, स्केलेबल, एआई-रेडी डेटा सेंटर इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित कर रहा है।
एनर्जी इन्फ्रास्ट्रक्चर में अदाणी समूह की क्षमताओं का लाभ उठाते हुए, यह प्लेटफॉर्म उच्च घनत्व वाले एआई और क्लाउड वर्कलोड की मांगों को पूरा करने के लिए विश्वसनीय, टिकाऊ और दीर्घकालिक बिजली उपलब्धता सुनिश्चित करेगा।
एआई इन्फ्रास्ट्रक्चर के अलावा, इस प्रोजेक्ट से आंध्र प्रदेश के आर्थिक इकोसिस्टम के विकास में योगदान मिलने की उम्मीद है, जिससे राज्य वैश्विक डिजिटल परिदृश्य में एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित होगा और भारत के व्यापक डिजिटल और ऊर्जा परिवर्तन में सहयोग मिलेगा।
यह प्रोजेक्ट अदाणी समूह की उस व्यापक प्रतिबद्धता का हिस्सा है जिसके तहत वह अगले दशक में भारत के एआई, ऊर्जा और डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर के निर्माण में 100 अरब डॉलर का निवेश करने जा रहा है।
कार्यक्रम, सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि विशाखापत्तनम में इंडिया एआई हब का शिलान्यास समारोह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में वैश्विक अग्रणी बनाने के दृष्टिकोण को दर्शाता है।
गूगल ने देश में अपने सबसे बड़े एआई-केंद्रित निवेश का औपचारिक रूप से निर्माण कार्य शुरू किया, जो भारत के डिजिटल और आर्थिक परिवर्तन के प्रति उसकी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अदाणीकॉनेक्स और अन्य के सहयोग से विकसित की जा रही यह परियोजना देश के बढ़ते डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर की आधारशिला बनने जा रही है।
--आईएएनएस
एबीएस/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation















.jpg)







