एयर इंडिया और इंडिगो जल्द शुरू करेंगी कतर के लिए उड़ानें: विदेश मंत्रालय
नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। खाड़ी क्षेत्र में उड़ानों की स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। इसी के चलते एयर इंडिया और इंडिगो भी जल्द ही कतर से भारत के लिए अपनी फ्लाइट सेवाएं फिर शुरू करने की योजना बना रही हैं। यह जानकारी विदेश मंत्रालय (एमईए) ने सोमवार को दी।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, कतर का हवाई क्षेत्र आंशिक रूप से खुल चुका है और कतर एयरवेज पहले से ही भारत के कई शहरों के लिए उड़ानें चला रही है।
मिडिल ईस्ट से भारत के लिए अतिरिक्त उड़ानें भी शुरू हो गई हैं। सोमवार को यूएई और भारत के बीच लगभग 105 उड़ानें चलने की उम्मीद है। दुबई और अबू धाबी से सीमित संख्या में व्यावसायिक उड़ानें सुरक्षा और संचालन कारणों से चलाई जा रही हैं।
सऊदी अरब और ओमान के कई एयरपोर्ट से भारत के लिए उड़ानें जारी हैं। कुवैत का हवाई क्षेत्र भी खुल गया है और जज़ीरा एयरवेज और कुवैत एयरवेज ने सीमित उड़ानें फिर शुरू कर दी हैं। बहरीन का एयरस्पेस भी खुला है और गल्फ एयर भारत के विभिन्न शहरों के लिए उड़ानें चला रही है।
इसके अलावा, इराक का हवाई क्षेत्र भी सीमित उड़ानों के साथ खुला है, जिसका उपयोग भारत आने के लिए आगे की यात्रा में किया जा सकता है।
ईरान का हवाई क्षेत्र फिलहाल आंशिक रूप से खुला है और केवल कार्गो व चार्टर्ड फ्लाइट्स की अनुमति है। विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को ईरान की यात्रा से बचने की सलाह दी है और वहां मौजूद लोगों से कहा है कि वे दूतावास की मदद से जमीन के रास्ते बाहर निकलें।
अब तक तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने 2,445 भारतीयों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की है।
इजरायल का हवाई क्षेत्र भी खुला है और सीमित उड़ानें फिर शुरू हो गई हैं, जिनका उपयोग भारत आने के लिए किया जा सकता है।
भारतीय मिशन लगातार भारतीय समुदाय, संगठनों, कंपनियों और अन्य संबंधित लोगों के साथ संपर्क में हैं और उनकी मदद कर रहे हैं।
28 फरवरी से अब तक करीब 12,96,000 यात्री इस क्षेत्र से भारत आ चुके हैं।
भारतीय दूतावास और अन्य कार्यालय 24 घंटे हेल्पलाइन चला रहे हैं और लोगों की सहायता कर रहे हैं। वे स्थानीय सरकारों के साथ भी लगातार संपर्क में हैं।
विदेश मंत्रालय समय-समय पर नए दिशा-निर्देश जारी कर रहा है, जिनमें स्थानीय नियम, फ्लाइट की स्थिति और भारतीयों के लिए सहायता से जुड़ी जानकारी शामिल है।
--आईएएनएस
डीबीपी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
ईरान ने टोगो के झंडे वाले जहाज पर गोलीबारी की थी, कुछ भारतीय नाविक थे मौजूद: भारत सरकार
नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत सरकार ने 25 अप्रैल को ईरानी कोस्ट गार्ड की ओर से टोगो के झंडे वाले जहाज पर फायरिंग की जानकारी दी है। इस जहाज में कुछ भारतीय क्रू सदस्य मौजूद थे। सरकार के अनुसार चेतावनी के तौर पर ये गोलीबारी की गई थी।
सोमवार को, पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग के दौरान पोर्ट्स, शिपिंग और जलमार्ग मंत्रालय के निदेशक मनदीप सिंह रंधावा ने इसकी जानकारी दी। मंत्रालय के अनुसार, ओमान के शिनास आउटर पोर्ट के पास से कई जहाज गुजर रहे थे, इनमें से एक टोगो के झंडे वाला केमिकल टैंकर एमटी सिरोन भी था। इन जहाजों को रोकने की कोशिश की गई और चेतावनी के तौर पर कुछ गोलियां चलाई गईं।
मंत्रालय के मुताबिक सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। किसी भी भारतीय झंडे वाले जहाज को इस घटना से कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और विदेश मंत्रालय, भारतीय मिशनों और समुद्री क्षेत्र से जुड़े पक्षों के लगातार संपर्क में है। पिछले चौबीस घंटे में ऐसी कोई भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
सरकार ने बताया कि हालात पर नजर रखी जा रही है और फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है।
वहीं विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भारत के उन प्रयासों का जिक्र किया जिसके जरिए संबंधों को बेहतर बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर भारत ने खाड़ी देशों के साथ अपने संपर्क और सहयोग को लगातार बढ़ाया है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने 25 और 26 अप्रैल को संयुक्त अरब अमीरात की आधिकारिक यात्रा की। उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति से मुलाकात की, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री का संदेश और शुभकामनाएं पहुंचाईं।
उन्होंने आगे कहा कि दोनों पक्षों ने भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने क्षेत्रीय स्थिति और आपसी हित के अन्य मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। यह एक महीने के भीतर भारत से यूएई की दूसरी उच्च-स्तरीय यात्रा है। इससे पहले, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने 11 और 12 अप्रैल को यूएई का दौरा किया था। उन्होंने अपने समकक्ष से मुलाकात की और यूएई के राष्ट्रपति से भी भेंट की, जहां उन्होंने संघर्ष के दौरान भारतीय समुदाय के कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए आभार व्यक्त किया था।
--आईएएनएस
केआर/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation















.jpg)






