हिंदू धर्म में गेंदे का फूल अति पावन और शुभ माना जाता है। गेंदे के फूल की सुनहरी-पीली और नारंगी चमक को शुभता, ऊर्जा और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि यह फूल कई देवी-देवताओं को अत्यंत प्रिय होता है। जब भक्त भावपूर्वक उन्हें गेंदे के फूल या उसकी माला अर्पित करते हैं, तो उनकी कृपा शीघ्र प्राप्त होती है। ऐसे घरों में शुभ कार्य बिना किसी रुकावट के सफलतापूर्वक पूरे होते हैं और सुख-समृद्धि का वास होता है। साथ ही, मांगलिक कार्यों में तेजी आती है और मनोकामनाएं भी पूरी होने लगती हैं।
किन देवी देवताओं को प्रिय है गेंदे का फूल
गेंदे का फूल पीले रंग का है और पीला रंग बृहस्पति ग्रह से जुड़ा है। गेंदे का फूल केवल पीले ही नहीं, बल्कि केसरिया रंग में भी पाया जाता है, जो त्याग, ऊर्जा और तेज का प्रतीक माना जाता है। आमतौर पर जिन देवी-देवताओं को पीला रंग प्रिय होता है, उन्हें गेंदे के फूल अर्पित किए जा सकते हैं।
लेकिन विशेष रूप से तीन देवता ऐसे हैं जिन्हें यह फूल अत्यंत प्रिय माना गया है। पूजा-अर्चना में गेंदे के फूल का प्रयोग तो सामान्य है, परंतु जब इसे भगवान गणेश, माता लक्ष्मी और भगवान विष्णु को समर्पित किया जाता है, तो उनकी विशेष कृपा प्राप्त होती है। मान्यता है कि इन देवी-देवताओं को गेंदे का फूल चढ़ाने से जीवन में सुख-समृद्धि और शुभ फल की प्राप्ति होती है।
माता लक्ष्मी को प्रिय हैं गेंदे का फूल
देवी लक्ष्मी को गेंदे का फूल पसंद है। जब माता लक्ष्मी को गेंदे का फूल चढ़ाते हैं तो उनके जीवन में सकारात्मकता आती है और धन कमाने के रास्ते भी खुल जाते हैं। हर शुक्रवार को ताजे गेंदे के फूल को लक्ष्मी जी को अर्पित करें और ऐसा करने से घर की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है।
विष्णु जी को प्रिय है गेंदे का फूल
भगवान विष्णु को विशेष रूप से पीले रंग के गेंदे के फूल बेहद प्रिय माने जाते हैं। यदि गुरुवार के दिन विधि-विधान से उनकी पूजा कर उन्हें गेंदे के फूल या उसकी माला अर्पित की जाए, तो भक्तों को संतान सुख, बुद्धि और समृद्धि का आशीर्वाद मिल सकता है। ऐसा करने से जीवन में स्थिरता आती है और सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बढ़ता है, जिससे मन और वातावरण दोनों प्रसन्न रहते हैं।
गणेश जी को प्रिय है गेंदे का फूल
भगवान गणेश को गेंदे के फूल अत्यंत प्रिय माने जाते हैं। बुधवार के दिन विधिपूर्वक उनकी पूजा करके यदि उन्हें गेंदे के फूल अर्पित किए जाएं, तो वे शीघ्र प्रसन्न होते हैं। इससे जीवन में सुख-समृद्धि का आगमन होता है, बुद्धि और विवेक की प्राप्ति होती है तथा कार्यों में आने वाली बाधाएं दूर होने लगती हैं। मान्यता है कि गणेश जी को गेंदे का फूल चढ़ाना आर्थिक परेशानियों को कम करने का सरल और प्रभावी उपाय माना जाता है।
Continue reading on the app