IPL में डबल हेडर का पहला मुकाबला कोलकाता Vs राजस्थान:5 मैच हार चुकी KKR को पहली जीत की तलाश, RR की वापसी की कोशिश
IPL 2026 में रविवार को डबल हेडर का पहला मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमों की टूर्नामेंट में स्थिति बिल्कुल अलग है। एक तरफ राजस्थान रॉयल्स (RR) है, जो इस सीजन की मजबूत टीमों में से एक रही है, जबकि दूसरी ओर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) है, जो अब तक अपनी पहली जीत का इंतजार कर रही है। अब तक 6 मैच खेल चुकी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 5 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है, जबकि एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली KKR के लिए यह मैच साख बचाने जैसा है। दूसरी ओर, राजस्थान रॉयल्स (RR) भी अपना पिछला मुकाबला हैदराबाद से हारकर यहां पहुंची है, ऐसे में वह भी वापसी की पूरी कोशिश करेगी। अब तक दोनों टीमों के बीच 31 मैच खेले गए हैं। इनमें KKR ने 16 और राजस्थान ने 12 मुकाबले जीते हैं। इसके अलावा दो मैच टाई रहे, जिन्हें राजस्थान ने जीता। वहीं, एक मैच रद्द हो गया था। पिछले साल खेले गए दोनों मुकाबले कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने नाम किए थे। रहाणे की कप्तानी और नायर की रणनीति पर उठे सवाल अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में KKR का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है। टीम अक्सर जीती हुई स्थिति से मैच हार रही है, जिससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास कम हुआ है। KKR को अब तक एकमात्र अंक पंजाब किंग्स के खिलाफ बारिश के कारण धुले मैच से मिला है। कप्तान रहाणे के टॉस के फैसलों और हेड कोच अभिषेक नायर के टीम मैनेजमेंट पर भी सवाल उठ रहे हैं। गुजरात टाइटंस के खिलाफ नमी वाली पिच पर पहले बल्लेबाजी का फैसला गलत साबित हुआ था और टीम 32 रन पर 3 विकेट गंवा बैठी थी।। स्पिनर्स की फॉर्म और सिलेक्शन को लेकर उलझन KKR के मुख्य स्पिनर वरुण चक्रवर्ती टी-20 वर्ल्ड कप के बाद से लय में नहीं दिख रहे हैं। उन्हें पावरप्ले में गेंदबाजी दी गई, जहां वे काफी महंगे साबित हुए। हालांकि, पिछले मैच में जोस बटलर और वॉशिंगटन सुंदर के विकेट लेना उनके लिए सकारात्मक रहा। इसके अलावा, रचिन रवींद्र जैसे स्टार खिलाड़ी को बेंच पर बिठाने और टिम सीफर्ट को देर से मौका देने जैसे फैसलों की भी आलोचना हो रही है। शेन वॉटसन, टिम साउदी और ड्वेन ब्रावो जैसे दिग्गजों वाले सपोर्ट स्टाफ के बावजूद टीम मैदान पर दिशाहीन नजर आ रही है। KKR पास होम ग्राउंड पर आखिरी मौका, फिर एक महीने का ब्रेक कोलकाता में होने वाले विधानसभा चुनावों के कारण इस मैच के बाद ईडन गार्डन्स में करीब एक महीने तक कोई मुकाबला नहीं होगा। केकेआर की टीम 16 मई को दोबारा अपने घर लौटेगी। ऐसे में होम फैंस के सामने पहली जीत दर्ज करने के लिए कोलकाता की टीम पूरी जान लगाएगी। कैमरून ग्रीन की 79 रनों की पारी और चक्रवर्ती की फॉर्म में वापसी उनके लिए उम्मीद की किरण है। हैदराबाद की हार से सबक लेगी टीम राजस्थान रॉयल्स ने सीजन की शुरुआत लगातार चार जीत के साथ की थी,लेकिन पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने उनकी लय बिगाड़ दी। उस मैच में राजस्थान का पूरा टॉप ऑर्डर यशस्वी जायसवाल,वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और रियान पराग दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके थे। रियान पराग की कप्तानी वाली यह टीम कोलकाता के खिलाफ अपनी पुरानी गलतियों को सुधारना चाहेगी। राजस्थान की टीम गर्मी और कंडिशन्स के तालमेल बिठाने के लिए कोलकाता पहले ही पहुंच गई थी। पिच रिपोर्ट कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों को ज्यादा मदद दे सकती है। पिच पर अच्छा बाउंस देखने को मिलता है, जिससे बॉल भी बल्ले पर अच्छी आती है। आउटफील्ड भी काफी तेज रहती है, इसके अलावा मैदान छोटा है तो ज्यादा चौके-छ्क्के भी लगते हैं। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है जबकि मिडल ओवर्स में स्पिनर्स कारगर साबित हो सकते हैं। ऐसे में बल्ले और गेंद के बीच अच्छा कॉन्टेस्ट देखने को मिल सकता है। ईडन गार्डन्स स्टेडियम में अब तक कुल 103 IPLमुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से पहले बैटिंग करने वाली टीम ने 43तो दूसरी बैटिंग करने वाली टीम ने 58 मुकाबले जीते हैं। दो मुकाबले का कोई नतीजा नहीं निकला। मौसम कोलकाता के ईडन गार्डन्स में रविवार (19 अप्रैल 2026) को KKR बनाम RR मैच के दौरान मौसम गर्म रहने के साथ ही उमस बनी रहेगी। दोपहर के समय तापमान लगभग 36 डिग्री तक जा सकता है और शाम को हल्की ओस रहने की संभावना है। दोनों की टीमों की प्लेइंग -12 कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, रोवमन पॉवेल, सुनील नारायण, अनूकुल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, कार्तिक त्यागी और वैभव अरोरा। इम्पैक्ट: फिन एलन। राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई। इम्पैक्ट प्लेयर: वैभव सूर्यवंशी।
सरकार ने महंगाई भत्ता 2% बढ़ाकर 60% किया:चौथी तिमाही में HDFC बैंक का मुनाफा 9% बढ़ा, मेटा का 8,000 कर्मचारियों की छंटनी का प्लान
कल की बड़ी खबर DA से जुड़ी रही। सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2% की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। DA-DR 58% से बढ़कर 60% किया है। वहीं HDFC बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही (Q4) के नतीजे जारी कर दिए हैं। 31 मार्च 2026 को खत्म हुई इस तिमाही में बैंक का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट 9% बढ़कर 19,221 करोड़ रुपए रहा। कल की बड़ी खबर से पहले आज की ये सुर्खियां… अब कल की बड़ी खबरें पढ़ें... 1. केंद्र सरकार ने महंगाई भत्ता 2% बढ़ाकर 60% किया: 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 69 लाख पेंशनर्स को फायदा होगा सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2% की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। सरकार ने DA-DR 58% से बढ़कर 60% किया है। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से लागू होगी। इस फैसले से सरकार का सालाना 6,791 करोड़ रुपए का खर्च बढ़ेगा। इससे पहले अक्टूबर में महंगाई भत्ते को 55% से बढ़ाकर 58% किया गया था। पिछला रिविजन 1 जुलाई 2025 से प्रभावी माना गया था, जिसका भुगतान एरियर के साथ किया गया था। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… 2. HDFC बैंक का मुनाफा 9% बढ़कर ₹19,221 करोड़ हुआ: मार्च तिमाही में रेवेन्यू भी 5% बढ़ा; बैंक हर शेयर पर ₹13 का डिविडेंड देगा देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक HDFC बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही (Q4) के नतीजे जारी कर दिए हैं। 31 मार्च 2026 को खत्म हुई इस तिमाही में बैंक का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट 9% बढ़कर 19,221 करोड़ रुपए रहा। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 17,616 करोड़ रुपए था। बैंक ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 13 रुपए प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया है। इसके भुगतान के लिए रिकॉर्ड डेट 19 जून 2026 तय की गई है। इससे पहले बैंक अगस्त 2025 में 2.5 रुपए प्रति शेयर का स्पेशल अंतरिम डिविडेंड भी दे चुका है। इस तरह निवेशकों को पूरे साल में कुल 15.5 रुपए का डिविडेंड मिलेगा। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… 3. मेटा का 8,000 कर्मचारियों की छंटनी का प्लान: 20 मई से वर्कफोर्स घटाने की प्रोसेस शुरू होगी; ग्लोबल लेवल पर 10% स्टाफ कम होगा फेसबुक और इंस्टाग्राम की पेरेंट कंपनी मेटा इस साल मई में करीब 8,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का प्लान बना रही है। यह छंटनी 2022 के आखिरी और 2023 की शुरुआत में हुई रिस्ट्रक्चरिंग के बाद कंपनी का सबसे बड़ा कदम होगा। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, बड़े पैमाने पर होने वाली यह वर्कफोर्स कटौती 20 मई के आसपास शुरू हो सकती है। शुरुआती फेज में मेटा अपनी कुल ग्लोबल वर्कफोर्स का लगभग 10% हिस्सा कम करने की तैयारी में है। इसके अलावा कंपनी साल की दूसरी छमाही में भी कुछ और कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है। हालांकि, छंटनी की सटीक तारीख और कर्मचारियों की संख्या में अभी भी बदलाव की संभावना है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… 4. इस हफ्ते सोने-चांदी में बढ़त रही: सोना ₹1,328 बढ़कर ₹1.52 लाख प्रति 10 ग्राम हुआ, चांदी ₹10 हजार महंगी हुई इस हफ्ते सोने-चांदी के दाम में बढ़त रही। सोना 1,328 रुपए बढ़कर 1.52 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। इससे पहले ये बीते हफ्ते यानी 10 अप्रैल, शुक्रवार को 1.50 लाख रुपए पर था। वहीं चांदी 2.40 लाख रुपए किलो से बढ़कर 2.50 लाख रुपए पर पहुंच गई है। यानी इसकी कीमत 10,006 रुपए बढ़ी है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… कल दुनिया के टॉप-10 सबसे अमीर कौन रहे यह भी देख लीजिए… शुक्रवार के शेयर बाजार और सोना-चांदी का हाल जान लीजिए… पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की लेटेस्ट कीमत जान लीजिए...
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 




















