पाकिस्तानी सेना ने पांच बलूचों का किया कत्ल, 4 अब भी लापता: मानवाधिकार संगठन
क्वेटा, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। बलूचिस्तान के स्थानीय लोगों संग पाकिस्तानी आर्मी की ज्यादती का सिलसिला जारी है। एक बड़े सामाजिक और मानवाधिकार संगठन ने दावा किया है कि हाल ही में पाक सेना ने पांच बलूचों को बिना किसी कानूनी कार्रवाई के जान से मार डाला, वहीं चार अब तक लापता बताए जा रहे हैं।
ह्यूमन राइट्स बॉडी बलूच यकजेहती कमेटी (बीवाईसी) ने बताया कि 17 साल के छात्र हातिम बलूच का गोलियों से छलनी शव 16 अप्रैल को क्षत-विक्षत हालात में मिला। लगभग 11 दिन पहले पाकिस्तान के फ्रंटियर कॉर्प्स के जवान उसे पंजगुर जिले के परूम इलाके से कथित तौर पर जबरन उठा ले गए थे।
इस बेरहमी से हुई हत्या की निंदा करते हुए, बीवाईसी ने कहा, सरकार ने बलूचिस्तान को खून से नहला दिया है। सरकार बलूचों के खून की प्यासी है। जब भी सरकार अपने जोश में आती है, तो वह बिना किसी डर या रोक-टोक के बलूचों का खून बहाती है। जो लोग सवाल पूछने की हिम्मत करते हैं, उन्हें चुप कराने के लिए जेलों और काल कोठरी में डाल दिया जाता है। आम लोगों पर ड्रोन हमले किए जाते हैं, लोग मारे जाते हैं, और डर का माहौल बनाया जाता है ताकि लोग डर के मारे चुप रहें।
उसी दिन एक अलग घटना में, मानवाधिकार संगठनों ने खुलासा किया कि पाकिस्तानी सेना ने एक फर्जी एनकाउंटर में चार बलूचों को मार डाला और उनका शव बेहद दयनीय स्थिति में पंजगुर हॉस्पिटल पहुंचाया। दावा किया कि ये जवाबी कार्रवाई में मारे गए।
बलूचिस्तान में ह्यूमन राइट्स के उल्लंघन पर गहरी चिंता जताते हुए, मानवाधिकार संगठन ने कहा, बलूचों की हत्या, खासकर फर्जी एनकाउंटर में हत्या (उन लोगों की जिन्हें पहले गायब किया गया हो) बलूच नरसंहार का एक बेरहम सिस्टेमैटिक रूप ले चुका है। अकेले पंजगुर जिले में, पिछले तीन महीनों में लगभग 40 बलूच युवाओं को बेरहमी से मार दिया गया और उनके क्षत-विक्षत शव फेंक दिए गए।
बलूचिस्तान में आम लोगों पर हो रहे अत्याचारों पर रोशनी डालते हुए, पांक, बलूच नेशनल मूवमेंट के ह्यूमन राइट्स डिपार्टमेंट ने शुक्रवार को पंजगुर में पाकिस्तानी सेना के हाथों दो बलूच युवाओं को जबरन उठा कर ले जाने को एक श्रृंखला बताते हुए कड़ी निंदा की।
जानकारी का हवाला देते हुए, संगठनों ने बताया कि एफसी के लोगों ने दाद मोहम्मद के घर पर छापा मारा, और उनके बेटे अब्दुल वाहिद दाद को एक और व्यक्ति, अशफाक आदम के साथ हिरासत में ले लिया। उनकी गिरफ्तारी के बाद, दोनों लोगों को जबरन गायब कर दिया गया, और उनके ठिकाने का पता नहीं चला। इसके अलावा, 19 साल के बलूच युवक अली असगर को 16 अप्रैल को पाकिस्तानी मिलिट्री इंटेलिजेंस (एमआई) रेड के दौरान बलूचिस्तान के ग्वादर जिले के जिवानी इलाके में उसके घर से जबरदस्ती गायब कर दिया गया।
इसके अलावा, 19 साल के छात्र, मेहराज 12 अप्रैल को पाकिस्तान के काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट (सीटीडी) के लोगों ने प्रांतीय राजधानी क्वेटा में चिल्ड्रेन्स हॉस्पिटल के पास ग्रीन प्लाजा से किडनैप कर लिया।
राइट्स बॉडी ने कहा कि मेहराज के किडनैप होने के बाद से, उसका कोई अता-पता नहीं है, जिससे उसकी सुरक्षा को लेकर बहुत चिंता है और उसके परिजन बेहाल हैं।
--आईएएनएस
केआर/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
बाजार की पाठशाला: अक्षय तृतीया पर सोना खरीदने की सोच रहे हैं? जानिए 24 कैरेट और 22 कैरेट गोल्ड की शुद्धता पहचानने के ये आसान तरीके
नई दिल्ली, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। अक्षय तृतीया, जिसे आखा तीज भी कहा जाता है, हिंदू और जैन धर्म में बेहद शुभ दिन माना जाता है। इस वर्ष रविवार यानी 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया पड़ रहा है। मान्यता है कि इस दिन किया गया कोई भी निवेश या शुभ कार्य कभी कम नहीं होता और लगातार बढ़ता रहता है।
इसीलिए, इस दिन सोना खरीदना अक्षय धन यानी कभी न खत्म होने वाली संपत्ति का संकेत माना जाता है। साथ ही, सोने को मां लक्ष्मी से भी जोड़ा जाता है, इसलिए इसे घर में लाना समृद्धि का प्रतीक समझा जाता है। सोना एक ऐसा निवेश भी है जो समय के साथ अपनी कीमत बनाए रखता है और महंगाई के खिलाफ सुरक्षा देता है।
यही कारण है कि अक्षय तृतीया नजदीक आते ही देश भर में सोने की खरीदारी बढ़ने लगती है। लेकिन सोना खरीदते समय इसकी असली पहचान और शुद्धता जांचना बेहद जरूरी होता है। सही जानकारी के बिना कई बार लोग सोने की जगह गोल्ड-प्लेटेड या कम शुद्धता वाला सोने का आभूषण खरीद लेते हैं। ऐसे में कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखकर आप सुरक्षित और समझदारी भरी खरीदारी कर सकते हैं।
जानकारों के मुताबिक, सोना खरीदते समय सबसे पहले तीन जरूरी निशान जरूर देखें।
पहला है बीआईएस का लोगो, जो एक छोटा त्रिकोणीय निशान होता है और यह बताता है कि आभूषण भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) द्वारा प्रमाणित है।
दूसरा है शुद्धता और फाइननेस, जिसमें 22के916 का मतलब होता है कि उसमें 91.6 प्रतिशत सोना है, जबकि 18के750 का मतलब 75 प्रतिशत शुद्धता होता है।
तीसरा और सबसे महत्वपूर्ण है एचयूआईडी नंबर, जो 6 अंकों का अल्फान्यूमेरिक कोड होता है और हर ज्वेलरी के लिए यूनिक होता है।
इसके साथ ही, आज के डिजिटल दौर में सोने की शुद्धता की जांच आप अपने मोबाइल से भी कर सकते हैं। इसके लिए सरकार का बीआईएस केयर ऐप डाउनलोड करें और उसमें वेरिफाई एचयूआईडी ऑप्शन में ज्वेलरी पर लिखा कोड डालें। इसके बाद आपको ज्वेलर का नाम, हॉलमार्किंग सेंटर, तारीख और शुद्धता की पूरी जानकारी मिल जाएगी। अगर ऐप में दी गई जानकारी और ज्वेलर के दावे में अंतर हो, तो तुरंत सावधान हो जाएं।
इसके अलावा, सोने की शुद्धता जांचने के लिए आप ज्वेलर से कैरेट मीटर टेस्ट भी करवा सकते हैं। यह एक एक्सआरएफ मशीन होती है, जो बिना नुकसान पहुंचाए सोने में मौजूद धातुओं की सही जानकारी देती है। यह टेस्ट कुछ सेकंड में हो जाता है, इसलिए बिलिंग से पहले इसे अपने सामने करवाना आपका अधिकार है।
इसके अलावा, एक आसान तरीका मैग्नेट टेस्ट भी है। असली सोना चुंबक से चिपकता नहीं है। अगर आपका आभूषण मैग्नेट की ओर खिंचता है, तो उसमें दूसरी धातुओं की मात्रा ज्यादा हो सकती है।
जानकारों के अनुसार, सोना खरीदते समय हमेशा पक्का बिल लेना भी बेहद जरूरी है। बिल में एचयूआईडी नंबर, सोने की शुद्धता, वजन (ग्राम में), उस दिन का गोल्ड रेट, मेकिंग चार्ज और जीएसटी का पूरा विवरण होना चाहिए। यह आपकी खरीद का सबसे मजबूत प्रमाण होता है।
--आईएएनएस
डीबीपी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation



















.jpg)




