Amit Shah ने Puducherry Police को प्रेसिडेंट्स कलर सौंपा, कई दिग्गज रहे मौजूद
पुडुचेरी, नौ अगस्त केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को पुडुचेरी पुलिस को प्रेसिडेंट्स कलर प्रदान किया। शाह ने गोरिमेडु स्थित पुडुचेरी सशस्त्र पुलिस मैदान में आयोजित आधिकारिक समारोह में केंद्र शासित प्रदेश के पुलिस बल के ‘एनसाइन’ अधिकारी को यह सम्मान सौंपा। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक शालिनी सिंह भी शाह के साथ मौजूद थीं।
उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन और मुख्यमंत्री एन. रंगासामी समेत कई अन्य गणमान्य लोग समारोह में उपस्थित रहे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आठ मई को पुडुचेरी पुलिस को यह सम्मान देने की घोषणा की थी। यह सम्मान पुलिस की ‘‘उत्कृष्ट सेवा, अनुशासन और विशिष्ट उपलब्धियों’’ के लिए दिया गया है।
यह पुरस्कार किसी सैन्य इकाई या राज्य अथवा केंद्र शासित प्रदेश की पुलिस को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है। इससे पहले भारतीय नौसेना, भारतीय तटरक्षक बल और विभिन्न राज्यों के पुलिस विभागों को भी यह सम्मान प्रदान किया जा चुका है।
Nashik Earthquake: नासिक में महसूस हुए 4.3 तीव्रता के झटके, मकानों की दीवारों में पड़ीं दरारें
नासिक, नौ अगस्त महाराष्ट्र के नासिक में हल्का भूकंप आने के बाद कई इलाकों में झटके महसूस किए गए जिससे जिले के कुछ स्थानों पर मकानों में दरारें पड़ गईं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, शनिवार रात 10 बजे नासिक में 4.3 तीव्रता का भूकंप आया। इसके बाद रविवार सुबह पांच बजकर 33 मिनट पर 3.3 तीव्रता का झटका महसूस किया गया। अधिकारियों के अनुसार, भूकंपीय गतिविधि महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के पास हाटगढ़ पर्वत श्रृंखला के निकट भनवड इलाके में पांच किलोमीटर की गहराई पर दर्ज की गई।
नासिक शहर के कुछ हिस्सों के अलावा जिले की सुरगाणा, कलवण, देवला, चांदवड, पेठ, दिंडोरी एवं निफाड तहसीलों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए और लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि सुरगाणा तहसील के भादर और दिंडोरी तहसील के नानाशी में कुछ मकानों की दीवारों में दरारें पड़ गईं। उन्होंने बताया कि इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
उन्होंने बताया कि इलाके में बांधों का भी निरीक्षण किया गया, लेकिन उनमें कोई नुकसान नहीं पाया गया। जिलाधिकारी आयुष प्रसाद ने कहा, ‘‘लोगों को डरने की जरूरत नहीं है और न ही उन्हें किसी अफवाह पर विश्वास करना चाहिए। हालांकि, सभी को सतर्क रहना चाहिए और सुरक्षा संबंधी सावधानियां बरतनी चाहिए।’’ इससे पहले जिले में 25 से 28 जुलाई के बीच और छह अगस्त को भी भूकंप के झटके दर्ज किए गए थे।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi











