Kyiv क्षेत्र में Russia के हमले से चार लोगों की मौत, बेलग्रेड पहुंचे जेलेंस्की
बेलग्रेड, आठ अगस्त (एपी) यूक्रेन की राजधानी कीव और आसपास के क्षेत्र में रूस के हमलों में एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की सर्बिया की यात्रा पर हैं।
सर्बिया यूरोप के उन कुछ देशों में शामिल है, जिन्होंने यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद भी मॉस्को के साथ अपने दोस्ताना संबंध कायम रखे हैं। कीव और आसपास के इलाकों में रातभर हुए रूसी हमलों में एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, यूक्रेनी सेना ने रूस के तेल ठिकानों को निशाना बनाया।
जेलेंस्की शुक्रवार को सर्बिया की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा के लिए बेलग्रेड पहुंचे। बेलग्रेड में जेलेंस्की के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुसिक ने यूक्रेन को ‘‘मित्र राष्ट्र’’ बताया। उन्होंने कहा कि वह यूक्रेनी नेता का स्वागत कर सम्मानित महसूस कर रहे हैं।
दोनों नेताओं ने अपने-अपने देशों के यूरोपीय संघ में शामिल होने के प्रयासों, द्विपक्षीय संबंधों और आपसी सहयोग को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। शनिवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के ब्रोवरी जिले में रूसी ड्रोन हमलों से एक मकान ध्वस्त हो गया, जिसमें बुजुर्ग दंपति और उनके तीन वर्षीय पोते की मौत हो गई। जेलेंस्की ने बताया कि कीव में ‘‘नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर छह बैलिस्टिक मिसाइल से किए गए हमले’’ में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई।
यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि रूस की ओर से रात में दागे गए 151 ड्रोन में से 135 को उसने मार गिराया या बीच में ही रोक दिया। हमले में छह बैलिस्टिक मिसाइल और अन्य निर्देशित मिसाइल का भी इस्तेमाल किया गया। वहीं, रूस में स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि दक्षिणी क्रास्नोडार क्षेत्र स्थित इल्स्की तेल रिफाइनरी में ड्रोन का मलबा गिरने से आग लग गई, जिसमें पांच लोग घायल हो गए।
यूक्रेन द्वारा घरेलू स्तर पर विकसित हथियारों से किए जा रहे मिसाइल हमलों ने कई महीनों से रूस के तेल प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान पहुंचाया है। इस अभियान के कारण ईंधन संकट से रूस की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
Strait of Hormuz में UAE के ADNOC पोत पर ईरान ने दागी मिसाइल, विदेश मंत्रालय ने की पुष्टि
दुबई, आठ अगस्त (एपी) संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों ने बताया कि अबू धाबी की सरकारी स्वामित्व वाली तेल एवं गैस कंपनी एडीएनओसी के एक पोत पर होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते समय हमला किया गया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि ईरान ने वाणिज्यिक जहाजों पर किए जा रहे हमलों के तहत मिसाइल दागी। एडीएनओसी ने एक बयान में कहा कि शनिवार तड़के हुए हमले में कोई हताहत नहीं हुआ।
कंपनी ने बताया कि फरवरी में अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू करने के बाद से उसके एक दर्जन से अधिक पोतों पर जलडमरूमध्य से गुजरते समय मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए जा चुके हैं। कंपनी के अनुसार, इनमें एक चालक दल के सदस्य की मौत हुई और 20 अन्य घायल हो गए। एडीएनओसी ने हमले की सटीक जगह या किसी तरह के नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी।
बाद में ‘यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर’ ने बताया कि ओमान के खसब शहर के पूर्व में एक पोत पर किसी मिसाइल से हमला हुआ, जिससे आग लग गई लेकिन आग को बुझा दिया गया। सेंटर ने कहा कि पोत और उसके चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। हालांकि, तत्काल यह स्पष्ट नहीं हो सका कि यह वही घटना थी जिसमें एडीएनओसी का पोत शामिल था।
जलडमरूमध्य के दूसरी ओर स्थित ईरान और ओमान जलमार्ग के प्रबंधन के लिए एक समझौते पर चर्चा कर रहे हैं, जबकि युद्ध से पहले इस जलमार्ग को अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग माना जाता था।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









