म्यांमार दौरे पर विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह, यांगून में आईएनएस संध्याक पर ‘डेक रिसेप्शन’ में हुए शामिल
यांगून, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने बुधवार को म्यांमार के यांगून में भारतीय नौसेना के सर्वेक्षण पोत आईएनएस संध्याक पर आयोजित ‘डेक रिसेप्शन’ में हिस्सा लिया। वह म्यांमार के नए राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए यहां पहुंचे हैं।
सिंह 10 अप्रैल को राजधानी नेपीदॉ में होने वाले मिन आंग ह्लाइंग के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत में भारत और म्यांमार के बीच गहरे संबंधों की झलक देखने को मिली। उन्होंने कहा कि आईएनएस संध्याक की यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘महासागर’ विजन के अनुरूप है।
यांगून पहुंचने पर सिंह का स्वागत म्यांमार में भारत के राजदूत अभय ठाकुर और म्यांमार के विदेश मंत्रालय के महानिदेशक यू जॉ फ्यो विन ने किया।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, सिंह 8 से 11 अप्रैल तक चार दिवसीय दौरे पर म्यांमार में हैं। इस दौरान वह म्यांमार सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे, व्यापार, आर्थिक और विकास सहयोग से जुड़े द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे और भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे।
म्यांमार दूतावास ने भी एक्स पर जानकारी दी कि सिंह अपने दौरे के दौरान सरकारी प्रतिनिधियों से मुलाकात के अलावा भारत के मित्रों और प्रवासी भारतीयों से भी संवाद करेंगे।
गौरतलब है कि मिन आंग ह्लाइंग को 3 अप्रैल को देश का राष्ट्रपति चुना गया था। उन्होंने तीन उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा वोट हासिल किए।
उनके दो उपराष्ट्रपति नियो सॉ और नैन नी नी ए हैं, जो सैन्य समर्थित यूनियन सॉलिडैरिटी एंड डेवलपमेंट पार्टी (यूएसडीपी) से जुड़े हैं।
राष्ट्रपति चुने जाने से पहले मिन आंग हलाइंग ने सेना प्रमुख का पद छोड़ दिया था और जनरल ये विन ऊ को यह जिम्मेदारी सौंपी थी।
मिन आंग हलाइंग 2021 से म्यांमार की सत्ता संभाल रहे हैं। देश में दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 में हुए चुनावों में यूएसडीपी को जीत मिली थी।
विशेषज्ञों का मानना है कि पिछले पांच वर्षों से जारी राजनीतिक गतिरोध के बाद म्यांमार में नई सरकार के गठन से घरेलू और क्षेत्रीय स्थिरता को बढ़ावा मिल सकता है।
--आईएएनएस
डीएससी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
पूर्व पीएम देउबा और पत्नी के खिलाफ काठमांडू में गिरफ्तारी वारंट जारी
काठमांडू, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। काठमांडू जिला अदालत ने पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा और उनकी पत्नी, पूर्व विदेश मंत्री आरजू राणा देउबा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। यह मामला पैसे के अवैध लेन‑देन की जांच से जुड़ा बताया गया।
काठमांडू पोस्ट की खबर के अनुसार, मंगलवार को न्यायाधीश महेंद्र खड़का की बेंच ने मनी लॉन्ड्रिंग जांच विभाग की मांग पर यह गिरफ्तारी वारंट जारी किया।
जांच विभाग देउबा और उनकी पत्नी के साथ ही पूर्व प्रधानमंत्रियों केपी शर्मा ओली और पुष्प कमल दहल पर भी मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच कर रहा है।
पिछले साल सितंबर में हुए जेन-जी आंदोलन के दौरान देउबा, प्रचंड की बेटी और पूर्व ऊर्जा मंत्री दीपक खड़का के आवासों से जले हुए कैश के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर सर्कुलेट हुई थीं। खड़का तब से जांच के लिए पुलिस हिरासत में हैं।
प्रदर्शनकारियों ने उनके घरों में आग लगा दी थी। फोरेंसिक जांच में बाद में पुष्टि हुई कि करेंसी नोटों के टुकड़े असली थे, जिससे पूरी तरह से जांच शुरू हो गई, क्योंकि इस बात का शक था कि तस्वीरें शायद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करके बनाई गई हों।
हालांकि, देउबा और उनकी पत्नी देश के बाहर हैं। वे 26 फरवरी को इलाज के लिए सिंगापुर गए थे। वे घर वापस नहीं आए हैं और खबर है कि वे हांगकांग में हैं।
सूत्रों ने काठमांडू पोस्ट को बताया कि देउबा दंपति के खिलाफ यह गिरफ्तारी वारंट इसलिए जारी किया गया है, ताकि इंटरपोल रेड नोटिस के लिए प्रक्रिया शुरू की जा सके। रेड नोटिस आने के बाद विदेश में ही उन्हें रोका जा सकता है और नेपाल वापस लाने में मदद मिलेगी।
शेर बहादुर देउबा पांच बार नेपाल के प्रधानमंत्री रहे हैं और 1991 से नेपाल की राजनीति में एक अहम हस्ती रहे हैं। वे लगातार अपने गृह जिले डाडेलधुरा से चुनाव जीतते आए हैं। इस बार उन्होंने पांच मार्च को हुए चुनाव में हिस्सा नहीं लिया।
--आईएएनएस
एवाई/एबीएम
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation


















.jpg)




