ईरान में भारतीयों को दूतावास की सलाह, 48 घंटे तक सुरक्षित जगह पर रहें
तेहरान, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम एशिया में बिगड़ते हालात, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी और इजरायल के हमलों के बीच ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। लोगों को अगले 48 घंटे तक बाहर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
इसमें कहा गया, पिछली एडवाइजरी को जारी रखते हुए, जो भारतीय नागरिक अभी भी ईरान में हैं, उन्हें अगले 48 घंटों तक वहीं रहने की सलाह दी जाती है। सभी से अपील की जाती है कि बिजली, सैन्य ठिकानों और बहुमंजिला इमारत की ऊपरी मंजिल पर जाने से बचें, घर के अंदर रहें, और हाईवे पर किसी भी मूवमेंट के लिए दूतावास से पूरी तरह से संपर्क साधें।
इसके साथ ही एडवाइजरी में दूतावास की ओर से उपलब्ध कराए किराए के होटलों में रहने वालों को भी भीतर ही रहने की सलाह दी जाती है और साइट पर मौजूद दूतावास टीम से नियमित संपर्क में बनाए रखने की अपील की जाती है।
दूतावास ने अनुरोध किया है कि आधिकारिक अपडेट्स पर करीब से नजर रखें और सहायता के लिए मोबाइल नंबर-+989128109115; +989128109102, +989128109109;+989932179359 पर संपर्क कर सकते हैं। एंबेसी के अनुसार ये नंबर चालू रहेंगे।
इससे पहले भी भारत सरकार अपने नागरिकों को सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर ईरान छोड़ने की सलाह दे चुकी है।
ये एडवाइजरी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार रात (अमेरिकी समयानुसार) ईरान की पूरी सभ्यता खत्म करने की धमकी के बाद जारी की है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर कहा, आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी, जिसे फिर कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा।
उन्होंने आगे कहा, मैं नहीं चाहता कि ऐसा हो, लेकिन शायद ऐसा ही होगा। हालांकि, अब वहां सत्ता पूरी तरह बदल चुकी है, जहां कुछ अलग, ज्यादा समझदार और कम कट्टर सोच वाले लोग मौजूद हैं। कौन जानता है कि शायद कुछ बहुत शानदार हो जाए?
ट्रंप ने दावा किया कि मंगलवार रात हम दुनिया के लंबे और जटिल इतिहास के सबसे अहम पल के गवाह बनेंगे। 47 सालों की ज्यादती, भ्रष्टाचार और मौत का सिलसिला आखिरकार खत्म हो जाएगा। ईश्वर ईरान के लोगों की रक्षा करे।
--आईएएनएस
केआर/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
ईरान ने अपना रवैया नहीं बदला तो और भी साधन हैं, उम्मीद है तय समय सीमा से पहले मिलेगा जवाब: जेडी वेंस
नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि ईरान को अब अपनी मंशाओं से वैश्विक अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जेडी वेंस ने कहा कि अमेरिका को उम्मीद है कि आज रात तक ईरान की ओर से कोई प्रतिक्रिया मिल सकती है। मुझे उम्मीद है कि वे सही जवाब देंगे।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में हैं, जहां वे हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ऑर्बन के साथ अमेरिका और हंगरी के बीच द्विपक्षीय बैठक में शामिल हुए।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, ईरान को अब अपने इरादों से ग्लोबल इकॉनमी को नुकसान पहुंचाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
जेडी वेंस ने कहा कि अमेरिका इस बात को लेकर आश्वस्त है कि बातचीत जारी है और तय समय के भीतर कोई जवाब मिल सकता है। भरोसा जताया कि आज रात तक ईरान की ओर से कोई प्रतिक्रिया मिल सकती है।
उन्होंने कहा, उन्हें यह जानना होगा कि हमारे पास ऐसे साधन मौजूद हैं, जिनका इस्तेमाल करने का फैसला हमने अब तक नहीं किया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उनका इस्तेमाल करने का फैसला कर सकते हैं। अगर ईरानी अपना रवैया नहीं बदलता तो वे निश्चित रूप से उनका इस्तेमाल करेंगे।
उपराष्ट्रपति वेंस ने कहा, अमेरिका और हंगरी मिलकर प्रधानमंत्री विक्टर ऑर्बन और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में जिस चीज का प्रतिनिधित्व करते हैं, वह है पश्चिमी सभ्यता की रक्षा... उस विचार की रक्षा कि हमारी नींव एक विशिष्ट ईसाई सभ्यता और ईसाई मूल्यों पर रखी गई है।
वहीं, दूसरी ओर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी धमकी को दोहराते हुए कहा कि मंगलवार को ईरान की पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी।
ट्रंप ने मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पोस्ट में लिखा, आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी, जिसे फिर कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा।
इसके साथ ही विश्वास दिलाने की कोशिश की वो इसकी ख्वाहिश नहीं रखते। उन्होंने कहा, मैं नहीं चाहता कि ऐसा हो, लेकिन शायद हो जाए।
फिर दावा किया कि अब पूर्ण सत्ता परिवर्तन की गुंजाइश है। उनके मुताबिक, इस बदलाव के साथ ही सत्ता पर ज्यादा होशियार और कम रेडिकल सोच वाले लोग काबिज होंगे। ट्रंप ने उम्मीद जताई कि अगर ऐसा हुआ तो शायद कुछ बहुत ही शानदार हो जाए।
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation




















