कम कैलोरी से लेकर दिल और पाचन तक, जानिए कैसे शरीर को अंदर से मजबूत बनाती है लौकी
नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय रसोई में कई ऐसी सब्जियां हैं, जिन्हें हम अक्सर साधारण समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लौकी ऐसी ही एक सब्जी है, जिसे ज्यादातर लोग पसंद नहीं करते, लेकिन स्वास्थ्य के लिए यह बेहद उपयोगी है। खासतौर पर गर्मियों के मौसम में यह शरीर को ठंडक देने और अंदर से संतुलित रखने में अहम भूमिका निभाती है। विज्ञान का कहना है कि अगर इसका सही मात्रा में और सही तरीके से सेवन किया जाए, तो शरीर को कई तरह से फायदा पहुंच सकता है।
सबसे पहले बात करें वजन कम करने की, तो लौकी इसमें काफी मददगार मानी जाती है। लौकी में पानी की मात्रा बहुत ज्यादा होती है और कैलोरी बहुत कम। इसे खाने से पेट जल्दी भर जाता है और फैट जमा भी नहीं होता। इसके अलावा, लौकी में मौजूद फाइबर धीरे-धीरे पचता है, जिससे लंबे समय तक भूख नहीं लगती। कुछ शोध बताते हैं कि सुबह खाली पेट लौकी का जूस पीने से शरीर का मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है।
पाचन तंत्र के लिए भी लौकी बहुत फायदेमंद मानी जाती है। इसमें मौजूद घुलनशील फाइबर आंतों में जाकर पानी को सोखता है और मल को नरम बनाता है, जिससे कब्ज की समस्या कम होती है। साथ ही, लौकी ठंडी होती है, जो पेट की जलन और एसिडिटी को कम करने में मदद करती है। यह पेट में बनने वाले अतिरिक्त एसिड को दूर करता है, जिससे गैस और अपच जैसी दिक्कतें धीरे-धीरे कम हो सकती हैं। नियमित रूप से लौकी खाने से आंतों की गति बेहतर होती है और पाचन तंत्र मजबूत बनता है।
दिल की सेहत के लिए भी लौकी को अच्छा माना जाता है। इसमें पोटैशियम जैसे तत्व पाए जाते हैं, जो ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने में मदद करते हैं। जब ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है, तो दिल पर दबाव कम पड़ता है। इसके अलावा लौकी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद कर सकते हैं, जिससे हृदय रोगों का खतरा कम हो सकता है।
ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में भी लौकी की भूमिका अहम होती है। इसमें ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, यानी यह खून में शुगर का स्तर तेजी से नहीं बढ़ाती। इसके अलावा फाइबर की मौजूदगी कार्बोहाइड्रेट के अवशोषण को धीमा करती है, जिससे ब्लड शुगर धीरे-धीरे बढ़ता है। यही वजह है कि डायबिटीज के मरीजों के लिए संतुलित मात्रा में लौकी का सेवन फायदेमंद माना जाता है।
त्वचा और बालों की सेहत पर भी लौकी का असर देखा गया है। इसमें विटामिन सी, जिंक और अन्य जरूरी पोषक तत्व होते हैं, जो त्वचा की कोशिकाओं को पोषण देते हैं। जब शरीर अंदर से हाइड्रेटेड रहता है, तो त्वचा में नमी बनी रहती है और वह ज्यादा स्वस्थ दिखती है। इसके साथ ही ये पोषक तत्व बालों की जड़ों को मजबूत बनाते हैं, जिससे बालों का झड़ना कम होता है और उनकी चमक बढ़ती है।
लौकी का एक और बड़ा फायदा यह है कि यह शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करती है। यह शरीर से हानिकारक तत्वों को बाहर निकालने की प्रक्रिया को तेज करती है। लौकी में मौजूद पानी और कुछ प्राकृतिक यौगिक लिवर और किडनी के काम को सपोर्ट करते हैं, जिससे शरीर की सफाई बेहतर तरीके से हो पाती है। गर्मियों में इसका जूस पीने से शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है और थकान भी कम महसूस होती है।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
ईरान में भारतीयों को दूतावास की सलाह, 48 घंटे तक सुरक्षित जगह पर रहें
तेहरान, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम एशिया में बिगड़ते हालात, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी और इजरायल के हमलों के बीच ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। लोगों को अगले 48 घंटे तक बाहर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
इसमें कहा गया, पिछली एडवाइजरी को जारी रखते हुए, जो भारतीय नागरिक अभी भी ईरान में हैं, उन्हें अगले 48 घंटों तक वहीं रहने की सलाह दी जाती है। सभी से अपील की जाती है कि बिजली, सैन्य ठिकानों और बहुमंजिला इमारत की ऊपरी मंजिल पर जाने से बचें, घर के अंदर रहें, और हाईवे पर किसी भी मूवमेंट के लिए दूतावास से पूरी तरह से संपर्क साधें।
इसके साथ ही एडवाइजरी में दूतावास की ओर से उपलब्ध कराए किराए के होटलों में रहने वालों को भी भीतर ही रहने की सलाह दी जाती है और साइट पर मौजूद दूतावास टीम से नियमित संपर्क में बनाए रखने की अपील की जाती है।
दूतावास ने अनुरोध किया है कि आधिकारिक अपडेट्स पर करीब से नजर रखें और सहायता के लिए मोबाइल नंबर-+989128109115; +989128109102, +989128109109;+989932179359 पर संपर्क कर सकते हैं। एंबेसी के अनुसार ये नंबर चालू रहेंगे।
इससे पहले भी भारत सरकार अपने नागरिकों को सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर ईरान छोड़ने की सलाह दे चुकी है।
ये एडवाइजरी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार रात (अमेरिकी समयानुसार) ईरान की पूरी सभ्यता खत्म करने की धमकी के बाद जारी की है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर कहा, आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी, जिसे फिर कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा।
उन्होंने आगे कहा, मैं नहीं चाहता कि ऐसा हो, लेकिन शायद ऐसा ही होगा। हालांकि, अब वहां सत्ता पूरी तरह बदल चुकी है, जहां कुछ अलग, ज्यादा समझदार और कम कट्टर सोच वाले लोग मौजूद हैं। कौन जानता है कि शायद कुछ बहुत शानदार हो जाए?
ट्रंप ने दावा किया कि मंगलवार रात हम दुनिया के लंबे और जटिल इतिहास के सबसे अहम पल के गवाह बनेंगे। 47 सालों की ज्यादती, भ्रष्टाचार और मौत का सिलसिला आखिरकार खत्म हो जाएगा। ईश्वर ईरान के लोगों की रक्षा करे।
--आईएएनएस
केआर/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.



News Nation




















