Credit Score: क्या होता है क्रेडिट स्कोर, क्यों भारत में बेहद जरूरी है ये तीन अंकों वाली आपकी पहचान?
Credit Score Explained: अगर आप लोन लेने की सोच रहे हैं या क्रेडिट कार्ड के लिए अप्लाई करना चाहते हैं, तो एक चीज सबसे ज्यादा मायने रखती है, वो है आपका क्रेडिट स्कोर। 300 से 900 के बीच आने वाला यह तीन अंकों का नंबर छोटा जरूर लगता है, लेकिन बैंकों के लिए यही आपकी वित्तीय साख का सबसे बड़ा पैमाना होता है। स्कोर जितना अच्छा, उतनी आसानी से लोन, कम ब्याज दर और बेहतर ऑफर मिलते हैं। वहीं, कम स्कोर होने पर लोन मिलना मुश्किल हो सकता है या ब्याज ज्यादा देना पड़ सकता है।
भारत में सिबिल, एक्सपीरिन और इक्विफेक्स जैसे क्रेडिट ब्यूरो आपके पूरे क्रेडिट व्यवहार पर नजर रखते। इसमें यह देखा जाता है कि आप समय पर ईएमआई और क्रेडिट कार्ड बिल चुकाते हैं या नहीं, आपने कितना क्रेडिट इस्तेमाल किया, और आपका क्रेडिट मिक्स कैसा है और आप बार-बार लोन या कार्ड के लिए अप्लाई तो नहीं कर रहे। बार-बार आवेदन करना बैंकों को यह संकेत देता कि आप आर्थिक दबाव में हो सकते हैं।
क्या होता है क्रेडिट स्कोर?
अक्सर लोग सोचते हैं कि क्रेडिट स्कोर सिर्फ लोन लेने के समय काम आता है, लेकिन इसका असर रोजमर्रा की फाइनेंशियल लाइफ पर भी पड़ता है। अच्छा स्कोर हो तो होम लोन आसानी से मंजूर हो सकता है और ब्याज दर भी कम मिलती है। वहीं, क्रेडिट कार्ड की लिमिट और अप्रूवल भी काफी हद तक इसी पर निर्भर करता है। कई मामलों में कम स्कोर होने पर बैंक सीधे आवेदन खारिज भी कर सकते हैं, चाहे आपकी आय अच्छी ही क्यों न हो।
क्यों खराब होता है क्रेडिट स्कोर?
क्रेडिट स्कोर खराब होने के पीछे सबसे बड़ा कारण है भुगतान में देरी। एक भी ईएमआई या क्रेडिट कार्ड बिल लेट होने पर स्कोर पर बड़ा असर पड़ सकता है। इसके अलावा, केवल मिनिमम ड्यू भरना भी अच्छा संकेत नहीं माना जाता। इससे यह लगता है कि आप पूरी रकम चुकाने में सक्षम नहीं। बार-बार पूरा क्रेडिट लिमिट इस्तेमाल करना, कम समय में कई लोन या कार्ड के लिए अप्लाई करना, या पुराने क्रेडिट अकाउंट अचानक बंद कर देना भी स्कोर को नुकसान पहुंचाता है। कई बार क्रेडिट रिपोर्ट में गलती भी हो सकती है, इसलिए समय-समय पर इसे चेक करना जरूरी।
कैसे क्रेडिट स्कोर सुधार सकते?
अच्छी बात यह है कि क्रेडिट स्कोर सुधारना मुश्किल नहीं है, बस थोड़ी अनुशासन की जरूरत होती है। सबसे पहले हर भुगतान समय पर करें। कोशिश करें कि अपनी क्रेडिट लिमिट का पूरा इस्तेमाल न करें और उसे संतुलित रखें। अगर आप शुरुआत कर रहे हैं, तो छोटा लोन लेकर समय पर चुकाना या सिक्योर्ड क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करना फायदेमंद हो सकता है। साथ ही, बिना जरूरत के बार-बार लोन या कार्ड के लिए अप्लाई करने से बचें और रिपोर्ट में कोई गलती दिखे तो उसे तुरंत ठीक कराएं।
ध्यान रखने वाली बात यह है कि क्रेडिट स्कोर रातों-रात नहीं सुधरता। लेकिन अगर आप लगातार कुछ महीनों तक सही आदतें अपनाते हैं, तो इसमें सुधार दिखने लगता है। कुल मिलाकर, क्रेडिट स्कोर एक ऐसा फैक्टर है जो चुपचाप आपके फाइनेंशियल फैसलों को प्रभावित करता है। सही आदतों के साथ इसे बेहतर बनाकर आप भविष्य में लोन लेना और भी आसान बना सकते हैं।
(प्रियंका कुमारी)
गैस संकट के बीच होटल-ढाबों को बड़ी राहत: सरकार ने कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई 20% बढ़ाई, कैसे मिलेगा फायदा
Commercial LPG Supply increased: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच केंद्र सरकार ने होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों को राहत देने के लिए कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई बढ़ाने का बड़ा फैसला लिया। पेट्रोलियम मिनिस्ट्री ने शनिवार को घोषणा की कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मिलने वाली कमर्शियल एलपीजी में अतिरिक्त 20% की बढ़ोतरी की गई। इससे पहले 10% की बढ़ोतरी हो चुकी थी, और अब कुल बढ़ोतरी 50% तक पहुंच गई।
सरकार का कहना है कि यह कदम सप्लाई चेन पर पड़े दबाव और PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) के ट्रांजिशन को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। इस अतिरिक्त सप्लाई को प्राथमिकता के आधार पर रेस्टोरेंट, ढाबों, होटलों, इंडस्ट्रियल कैंटीन, फूड प्रोसेसिंग और डेयरी यूनिट्स को दिया जाएगा।
इसके अलावा, राज्य सरकारों और स्थानीय निकायों द्वारा संचालित सब्सिडी वाले कैंटीन और कम्युनिटी किचन भी इसका लाभ उठाएंगे। प्रवासी मजदूरों के लिए 5 किलो के फ्री ट्रेड LPG सिलेंडर की व्यवस्था भी की गई। अब तक 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने केंद्र के निर्देशों के मुताबिक गैर-घरेलू एलपीजी आवंटन के आदेश जारी कर दिए जबकि बाकी क्षेत्रों में सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियां सीधे सप्लाई कर रही। पिछले एक हफ्ते में करीब 13479 मीट्रिक टन LPG खपत दर्ज की गई है।
सरकार ने यह भी साफ किया है कि घरेलू एलपीजी सप्लाई फिलहाल सामान्य बनी हुई है और कहीं से भी स्टॉक खत्म होने की कोई बड़ी शिकायत नहीं मिली है। डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड सिस्टम के जरिए वितरण और ज्यादा सुचारु हुआ है, जिससे डिलीवरी में पारदर्शिता और तेजी आई है। हाल के दिनों में पैनिक बुकिंग के मामलों में भी कमी देखी गई है।
वहीं, पश्चिम एशिया में चल रहे संकट का असर भारत पर भी दिख रहा है। 28 फरवरी से अब तक करीब 3.3 लाख भारतीय स्वदेश लौट चुके हैं। यूएई से लगभग 90 फ्लाइट्स के संचालन की उम्मीद है, जबकि सऊदी अरब और ओमान से सेवाएं जारी हैं। कतर ने भी आंशिक रूप से एयरस्पेस खोलते हुए 8–10 विशेष उड़ानें शुरू की हैं।
समुद्री मोर्चे पर 22 भारतीय जहाज अब भी पश्चिमी फारस की खाड़ी में फंसे हुए हैं, जिनमें 611 भारतीय नाविक सवार हैं। अब तक 534 नाविकों को सुरक्षित वापस लाया जा चुका है, जबकि इस संकट में 6 भारतीयों की मौत हो चुकी है और एक व्यक्ति अब भी लापता है।
(प्रियंका कुमारी)
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi






















