चिलचिलाती गर्मी में खुद को रखें हाइड्रेटेड, रोज पिएं ये हेल्दी देसी ड्रिंक्स
नई दिल्ली, 21 मार्च (आईएएनएस)। तेज धूप, पसीना और ज्यादा गर्म मौसम के चलते शरीर डीहाइड्रेटेड हो जाता है, जिससे थकान, सिरदर्द और कभी-कभी चक्कर भी आ सकते हैं। ऐसे में सिर्फ पानी पीना ही पर्याप्त नहीं होता, इसलिए गर्मियों में कुछ हेल्दी और नेचुरल ड्रिंक्स को अपनी दिनचर्या में शामिल करना बेहद जरूरी है।
ऐसे में गर्मियों के लिए कुछ परफेक्ट देसी ड्रिंक्स की बात करें तो सबसे पहले आम पन्ना आता है। आम पन्ना कच्चे आम से बनता है और यह पारंपरिक रूप से गर्मियों का सबसे पसंदीदा पेय माना जाता है। यह लू से बचाने के लिए बेहतरीन है और प्यास बुझाने के साथ शरीर को तुरंत फ्रेश महसूस कराता है। इसमें थोड़ा-सा काला नमक और पुदीना डालकर और भी स्वादिष्ट और ठंडक देने वाला बनाया जा सकता है।
नारियल पानी भी गर्मियों का सुपर ड्रिंक है। इसे पीने से शरीर में पानी की कमी तुरंत पूरी हो जाती है, क्योंकि इसमें इलेक्ट्रोलाइट्स और मिनरल्स भरपूर मात्रा में होते हैं। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह ड्रिंक बेहद फायदेमंद है। यह बॉडी की एनर्जी बढ़ाने और थकान मिटाने में भी मदद करता है।
इसी तरह तरबूज का जूस भी गर्मियों में बेहद हेल्दी ड्रिंक माना जाता है। तरबूज में पानी की मात्रा बहुत अधिक होती है और यह शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकालने में मदद करता है। साथ ही इसमें मौजूद विटामिन्स और मिनरल्स शरीर को ठंडक और ऊर्जा दोनों प्रदान करते हैं।
खट्टे फलों जैसे संतरा, मौसमी और नींबू के जूस भी गर्मियों में बहुत काम आते हैं। ये न केवल शरीर को तरोताजा रखते हैं बल्कि विटामिन सी से भरपूर होने की वजह से इम्युनिटी भी बढ़ाते हैं। आप चाहें तो इनमें थोड़ी पुदीना, अदरक या काला नमक डालकर स्वाद और भी बढ़ा सकते हैं।
इसके अलावा छाछ या बटरमिल्क को गर्मियों का बेस्ट होम रेमेडी माना जाता है। यह पेट को ठंडक देता है, पाचन बेहतर करता है और शरीर की आंतरिक गर्मी को कम करने में मदद करता है।
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
IPL 2026 में टूट सकते हैं ये 10 धांसूू रिकॉर्ड, एक तो 12 सालों से है बरकरार
IPL 2026 को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है. क्रिकेट के इस त्योहार को शुरू होने में अब सिर्फ 7 दिन बाकी हैं और सभी टीमें तैयारियों में जुटी हुई हैं, खिलाड़ी प्रैक्टिस में जमकर पसीना बहा रहे हैं. क्रिकेट के गलियारों में भी आईपीएल की ही चर्चा है. कोई पुराने किस्सों की बात कर रहा है, तो कोई स्क्वाड एनालिसिस कर रहा है. तो आइए इस आर्टिकल में आपको आईपीएल के 10 ऐसे रिकॉर्ड्स के बारे में बताते हैं, जो इस सीजन टूट सकते हैं.
1. निशाने पर विराट कोहली का 973 रन वाला रिकॉर्ड
IPL 2026 में विराट कोहली का 973 रनों वाला महारिकॉर्ड भी टूट सकता है. कोहली ने आईपीएल 2016 में शानदार प्रदर्शन किया था और सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाकर उन्होंने ऑरेन्ज कैप जीती थी. तब विराट ने 973 रन बनाए थे और वो एक सीजन में किसी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर रहा.
2- फास्टेस्ट सेंचुरी
IPL में फास्टेस्ट सेंचुरी बनाने का रिकॉर्ड फिलहाल क्रिस गेल के नाम पर दर्ज है. गेल ने 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए महज 30 गेंदों में शतक लगाया था. अब गेल का ये रिकॉर्ड खतरे में है, क्योंकि आईपीएल में कई धुरंधर बल्लेबाज हिस्सा ले रहे हैं. पिछले ही सीजन 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 35 गेंदों में सेंचुरी लगाई थी.
3- क्रिस गेल का 175 रनों वाला रिकॉर्ड
IPL 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए क्रिस गेल ने सबसे बड़ी इंडिविजुअल इनिंग खेली थी. उन्होंने पुणे वॉरियर्स के खिलाफ खेलते हुए 175* रन बोर्ड पर लगा दिए थे. तब से ये रिकॉर्ड गेल के ही नाम पर दर्ज है. मगर, इस सीजन के शुरू होने से पहले वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा विस्फोटक बल्लेबाज ने बताया कि वह गेल के इस रिकॉर्ड को तोड़ना चाहते हैं. इसके अलावा ईशान किशन, अभिषेक शर्मा जैसे बल्लेबाज भी हैं, जो गेल के 175 रनों के रिकॉर्ड को चूर-चूर कर सकते हैं.
4- IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट
IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड ड्वेन ब्रावो और हर्षल पटेल के नाम पर संयुक्त रूप से दर्ज है. ब्रावो ने 2013 और हर्षल ने 2021 में 32-32 विकेट चटकाए. अब यदि आईपीएल 2026 में कोई गेंदबाज 33 विकेट लेने में सफल होता है, तो वह इतिहास रच सकता है.
5. हाईएस्ट इनिंग टोटल
IPL 2026 में एक इनिंग के हाईएस्ट स्कोर वाला रिकॉर्ड भी धराशाही हो सकता है. असल में, देखा जाता है कि लगभग हर सीजन ही इन रिकॉर्ड्स में सुधार देखने को मिलता है. मौजूदा समय में एक पारी में सबसे बड़े स्कोर वाला रिकॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद के नाम पर दर्ज है, जिसने 2024 में आरसीबी के खिलाफ 287 रन बनाए थे. इतना ही नहीं, इस मामले में टॉप-4 में SRH की ही टीम है.
6. सबसे ज्यादा खिताब जीतने का रिकॉर्ड
IPL के अब तक 18 सीजन खेले गए हैं, जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स ने 5 ट्रॉफी जीती है और मुंबई इंडियंस ने भी 5 बार खिताबी जीत दर्ज की है. CSK ने एमएस धोनी की कैप्टेंसी में 2010, 2011, 2018, 2021, 2023 में ट्रॉफी उठाईं. जबकि MI ने रोहित शर्मा की कैप्टेंसी में 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताबी जीत दर्ज की. अब यदि IPL 2026 में चेन्नई या मुंबई में से कोई टीम चैंपियन बनती है, तो वह सबसे ज्यादा बार ट्रॉफी जीतने वाली टीम बन जाएगी.
7- सबसे ज्यादा चौके
IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा चौके लगाने का रिकॉर्ड विदेशी खिलाड़ी डेविड वॉर्नर के नाम पर दर्ज हैं. वॉर्नर ने आईपीएल 2016 में बेहतरीन बल्लेबाजी की थी और अपनी कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी. उस सीजन वॉर्नर ने 17 मुकाबले खेले थे, जिसमें उन्होंने 88 चौके लगाए थे. मगर, मौजूदा समय में भारत के युवा खिलाड़ी जिस तरह से चौके-छक्कों की बारिश कर रहे हैं, उसे देखकर कहना गलत नहीं होगा कि IPL 2026 में वॉर्नर का ये बड़ा रिकॉर्ड टूट सकता है.
8- सबसे ज्यादा डक
IPL में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने का अनचाहा रिकॉर्ड ग्लेन मैक्सवेल के नाम पर दर्ज है. मैक्सी अपने करियर में 19 बार शून्य पर बिना खाता खोले पवेलियन लौटे हैं. जबकि रोहित शर्मा 18 बार डक पर आउट हो चुके हैं. ऐसे में यदि IPL 2026 में 2 बार भी रोहित शून्य पर आउट होते हैं, तो ये अनचाहा रिकॉर्ड हिटमैन के नाम पर दर्ज हो जाएगा.
9- एक सीजन में सबसे ज्यादा कैच
आईपीएल इतिहास में एक सीजन में सबसे ज्यादा कैच लेने का रिकॉर्ड कीरोन पोलार्ड के नाम पर दर्ज है. मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए पोलार्ड ने IPL 2017 में 15 कैच लिए थे. आईपीएल में फील्डिंग का स्तर सीजन दर सीजन ऊंचा होता जा रहा है. ऐसे में अब आईपीएल 2026 में उनका ये रिकॉर्ड टूट सकता है.
10- सबसे ज्यादा छक्के
आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम पर दर्ज है. गेल ने आईपीएल 2012 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए सीजन में 59 सिक्स लगाए थे. अब IPL 2026 में कई तूफानी बल्लेबाज हिस्सा ले रहे हैं, जो गेल के इस रिकॉर्ड को धराशाही कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें: संजू सैमसन को कप्तान न बनाकर क्या CSK ने कर दी है गलती? जानिए ऋतुराज गायकवाड से कितने बेहतर हैं आंकड़े
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation






















