KAL KA Mausam: दिल्ली-एनसीआर समेत कई हिस्सों में बारिश के आसार, अगले 24 घंटे में दिखेगा मौसम का बदला मिजाज
देश के कई हिस्सों में मौसम एकदम तेजी से बदल रहा है. आज यानी 18 मार्च को दिल्ली-एनसीआर में कहीं बादल तो कहीं धूप देखने को मिला. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और हिमालयी क्षेत्रों में 20 मार्च तक आंधी-तूफान और बिजली कड़कने का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. राहत की बात यह है कि अगले एक हफ्ते तक देश में कहीं भी हीट वेव यानी लू चलने की स्थिति नहीं बनेगी और दिन का तापमान सामान्य या उससे कम रहेगा.
पहाड़ों पर भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
पहाड़ी राज्यों में कुदरत का कड़ा रुख देखने को मिल सकता है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 19 और 20 मार्च को भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही इन राज्यों में 18 और 19 मार्च को छिटपुट स्थानों पर ओलावृष्टि (हैलस्टॉर्म) भी हो सकती है. पहाड़ों पर हो रही इस हलचल का सीधा असर मैदानी इलाकों के तापमान पर पड़ेगा, जिससे लोगों को गर्मी से फिलहाल राहत मिलेगी.
मैदानी इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी
मौसम विभाग ने मैदानी राज्यों के लिए भी अलर्ट जारी किया है. पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 19 और 20 मार्च को ओले गिरने की आशंका है. वहीं, दिल्ली और चंडीगढ़ में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 20 मार्च को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. उत्तर-पश्चिम भारत में 20 मार्च के बाद बारिश की तीव्रता में कमी आने की उम्मीद है, लेकिन तब तक तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा.
मध्य और पूर्वी भारत में भी दिखेगा असर
मध्य और पूर्वी भारत में भी 22 मार्च तक मौसम खराब रहने वाला है. विदर्भ, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में अगले दो दिनों तक ओले गिरने की संभावना है. इसके अलावा ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 19 से 21 मार्च के बीच थंडरस्टॉर्म एक्टिविटी और ओलावृष्टि देखने को मिल सकती है. झारखंड और पश्चिम बंगाल में तो हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जो काफी नुकसानदेह साबित हो सकती है.
तापमान में आएगी भारी गिरावट
पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के बांदा में सबसे ज्यादा 39.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था. लेकिन अब आने वाले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में दिन के तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आने की संभावना है. मध्य भारत में भी तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है. दक्षिण भारत के राज्यों जैसे कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी अगले 4-5 दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा.
मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी
खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को भी सतर्क किया गया है. मौसम विभाग ने सलाह दी है कि 20 मार्च से 22 मार्च के बीच उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों के पास बंगाल की खाड़ी में न जाएं. समुद्र में ऊंची लहरें और तेज हवाएं चलने का खतरा बना हुआ है. मतलब अगले कुछ दिन पूरे देश के लिए मौसम के लिहाज से काफी उतार-चढ़ाव भरे रहने वाले हैं.
ये भी पढ़ें- Weather Update: देश के 16 राज्यों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, आंधी भी चलेगी; जानें आपके प्रदेश का कैसा रहेगा हाल
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation
















