ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमलों ने जिस तरह पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है, उसकी गूंज अब सीमाओं से बाहर फैलती दिखाई दे रही है। जंग के केवल अठारह दिनों के भीतर हालात इतने भयावह हो चुके हैं कि लाखों लोग अपने ही देश में बेघर हो गए हैं, जबकि हजारों लोग जान बचाने के लिए सीमाएं पार करने को मजबूर हैं। उत्तरी इराक के हाजी ओमेरान सीमा पार बिंदु पर जो दृश्य सामने आए, वह इस मानवीय त्रासदी की सच्ची तस्वीर पेश करते हैं।
हम आपको बता दें कि रविवार को जब यह सीमा दोबारा खोली गई, तो दर्जनों ईरानी नागरिक तुरंत इराक की ओर उमड़ पड़े। ये लोग किसी सैर या व्यापार के लिए नहीं, बल्कि जिंदगी की बुनियादी जरूरतों के लिए सीमा पार कर रहे थे। सस्ते राशन की तलाश, इंटरनेट की सुविधा, अपने परिजनों से संपर्क और काम की उम्मीद ही उन्हें इस जोखिम भरे सफर पर खींच लाई। लगातार हवाई हमलों और आसमान छूती महंगाई ने ईरान के आम नागरिकों की कमर तोड़ दी है।
सीमा पार करते ही इराक के कुर्द क्षेत्र में ट्रकों की लंबी कतारें दिखाई दीं, जिनमें जरूरी सामान भरा था। यह सामान ईरान के लोगों के लिए राहत की सांस जैसा है, क्योंकि उनके अपने देश में चावल, तेल और अन्य आवश्यक वस्तुएं आम आदमी की पहुंच से बाहर हो चुकी हैं। पंद्रह किलोमीटर का सफर तय करके सीमा तक पहुंची एक महिला ने बताया कि वह सिर्फ एक फोन कॉल करने आई है क्योंकि पूरे ईरान में इंटरनेट लगभग ठप है। पिछले सोलह दिनों से उसके परिवार को उसकी कोई खबर नहीं मिली थी।
हालात इतने खराब हैं कि लोग इराकी सिम खरीदकर सीमा के पास खड़े होकर अपने रिश्तेदारों से संपर्क साध रहे हैं। यह केवल तकनीकी संकट नहीं, बल्कि सामाजिक टूटन का संकेत है। जब एक देश के लोग अपने ही देश में संवाद नहीं कर पा रहे, तो यह व्यवस्था के पूर्ण विफल होने का प्रमाण है।
दूसरी ओर, एक बुजुर्ग महिला की कहानी इस त्रासदी को और गहरा कर देती है। उसका बेटा, जो तस्करी कर परिवार चलाता था, वह ईरानी सैनिकों द्वारा मार दिया गया। अब वह तीन छोटे बच्चों के साथ भूख और कर्ज के बीच जूझ रही है। दो महीने का किराया बकाया है, खाने के लिए पैसे नहीं हैं और अब वह इराक में दूर के रिश्तेदारों से मदद मांगने के लिए अकेली सीमा पार कर रही है। बारिश में भीगती हुई वह सड़क किनारे किसी गाड़ी का इंतजार करती रही। यह केवल एक महिला की कहानी नहीं, बल्कि हजारों परिवारों की वास्तविकता है।
युद्ध ने न केवल नागरिक जीवन को तबाह किया है, बल्कि सुरक्षा ढांचे को भी पूरी तरह हिला दिया है। कई सैन्य ठिकाने, खुफिया कार्यालय और पुलिस संस्थान नष्ट हो चुके हैं। सुरक्षा बल अब अपने दफ्तरों में रहने से बच रहे हैं और स्कूलों, अस्पतालों या वाहनों में छिपकर काम चला रहे हैं। इसका सीधा असर आम नागरिकों की सुरक्षा पर पड़ रहा है, जो पहले ही भय और असुरक्षा में जी रहे हैं।
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार अब तक बत्तीस लाख से अधिक लोग ईरान के भीतर विस्थापित हो चुके हैं। यह संख्या तेजी से बढ़ रही है और यदि हालात नहीं सुधरे तो यह संकट अभूतपूर्व रूप ले सकता है। तुलना करें तो सीरिया के गृहयुद्ध में जो स्थिति बनी थी, उससे कहीं ज्यादा गंभीर परिदृश्य यहां बन सकता है, क्योंकि ईरान की आबादी लगभग नौ करोड़ है। यदि इसी अनुपात में विस्थापन हुआ, तो करोड़ों लोग अपने घरों से बेघर हो सकते हैं।
उधर, पड़ोसी देशों के लिए यह स्थिति एक बड़े खतरे के रूप में उभर रही है। इराक, तुर्की, पाकिस्तान और अन्य सीमावर्ती देश पहले ही आर्थिक और राजनीतिक दबावों से जूझ रहे हैं। ऐसे में यदि बड़ी संख्या में शरणार्थी आते हैं, तो यह संकट नियंत्रण से बाहर जा सकता है। तुर्की ने पहले ही अपनी सीमाओं को मजबूत कर लिया है और तीन स्तर की आपात योजना तैयार की है। हालांकि अभी बड़े पैमाने पर पलायन नहीं हुआ है, लेकिन खतरा लगातार बढ़ रहा है।
ईरान के भीतर भी हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं। दस हजार से अधिक नागरिक स्थलों को नुकसान पहुंचा है, जिनमें स्कूल और अस्पताल भी शामिल हैं। तेहरान, शिराज और इस्फहान जैसे बड़े शहरों में आवासीय इलाकों पर हमले हुए हैं। यदि बुनियादी ढांचा जैसे बिजली और पानी की व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो जाती है, तो अचानक बड़े पैमाने पर पलायन शुरू हो सकता है।
इस संकट की एक और भयावह परत यह है कि ईरान खुद पहले से ही लाखों शरणार्थियों की मेजबानी कर रहा है, जिनमें अधिकतर अफगान नागरिक हैं। अब यदि ईरानी नागरिक भी पलायन करते हैं, तो यह दोहरी मानवीय आपदा बन जाएगी, जहां शरण देने वाले देश खुद संकट में फंस जाएंगे।
फिलहाल, सीमा पार करने वालों की संख्या सीमित है, लेकिन संकेत साफ हैं कि यदि युद्ध लंबा खिंचता है, तो यह संख्या विस्फोटक रूप से बढ़ सकती है। लोग अभी भी अपने घरों और परिवारों को छोड़ने से हिचक रहे हैं, लेकिन लगातार हमले, महंगाई और बुनियादी सुविधाओं की कमी उन्हें अंततः पलायन के लिए मजबूर कर सकती है।
बहरहाल, ईरान में इस समय जो हो रहा है, वह केवल एक देश का संकट नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की स्थिरता के लिए खतरा है। यह युद्ध अब केवल सैन्य टकराव नहीं रहा, बल्कि एक गहरी मानवीय त्रासदी में बदल चुका है, जिसकी गूंज आने वाले समय में पूरी दुनिया को सुनाई दे सकती है।
Continue reading on the app
अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच छिड़े भीषण संघर्ष ने अंतरराष्ट्रीय उड़ान मार्गों को अत्यधिक जोखिम भरा बना दिया है। इस संकट के बीच, भारतीय पायलटों के प्रमुख संगठन 'एयर लाइन पायलट्स एसोसिएशन इंडिया' (ALPA India) ने मंगलवार को सभी लाइसेंसधारी पायलटों के लिए एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। संगठन ने पायलटों से अपील की है कि वे युद्ध प्रभावित क्षेत्रों में उड़ान भरने से पहले सुरक्षा और बीमा कवर की सावधानीपूर्वक समीक्षा करें।
भारतीय लाइसेंसधारी सभी पायलट के लिए जारी परामर्श में संगठन ने कहा कि सभी पायलट यह समझें कि ऐसे क्षेत्रों में जोखिम तेजी से और बिना पर्याप्त चेतावनी के बदल सकता है।
अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध से पश्चिम एशिया में उत्पन्न संकट के बीच यह परामर्श जारी किया गया। यहां 28 फरवरी से हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण कई उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं।
पायलट संगठन ने कहा कि सदस्यों को विमानन बीमा से जुड़े संभावित प्रभावों, विशेषकर युद्ध जोखिम से संबंधित प्रावधानों पर ध्यान देना चाहिए। कुछ परिस्थितियों में बीमा प्रदाता संघर्ष क्षेत्रों या उच्च जोखिम वाले हवाई क्षेत्रों में संचालन के लिए बीमा ‘कवर’ को सीमित या वापस ले सकते हैं।
एयर लाइन पायलट्स एसोसिएशन इंडिया ने कहा कि पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों में तेजी से बदलते और संभावित रूप से खतरनाक सुरक्षा हालात के कारण नागर विमानन संचालन के लिए जोखिम बढ़ गया है।
इन जोखिमों में हवाई क्षेत्र का बंद होना, मिसाइल व ड्रोन गतिविधियां, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध से हस्तक्षेप तथा प्रभावित क्षेत्रों से गुजर रहे नागरिक विमानों की गलत पहचान की संभावना शामिल हैं।
परामर्श में कहा गया कि ऐसी परिस्थितियों में चालक दल के लिए उपलब्ध बीमा सुरक्षा की सीमा को लेकर अस्पष्टता हो सकती है।
संगठन ने कहा, ‘‘ हम सभी पायलट को सलाह देते हैं कि वे पश्चिम एशिया के तनावग्रस्त क्षेत्रों में जाने, वहां से आने या वहां से गुजरने के दौरान विशेष सतर्कता बरतें व उड़ान से पहले सभी परिचालन ‘ब्रीफिंग’, ‘ नोटिस टू एयरमेन’ (नोटैम) और कंपनी की सलाहों की सावधानीपूर्वक समीक्षा करें।’’
साथ ही पायलट से कहा गया कि वे अपने पेशेवर विवेक का इस्तेमाल करें, आवश्यकता पड़ने पर स्थापित माध्यमों से सुरक्षा संबंधी चिंताओं को उठाएं और प्रस्तावित उड़ान के लिए बीमा व युद्ध जोखिम सुरक्षा को लेकर अपने संचालक से स्पष्ट जानकारी प्राप्त करें।
संगठन ने यह भी कहा कि भले ही विमानन कंपनियां नियामकीय अनुमति या परिचालन कारणों से कुछ हवाई क्षेत्रों में उड़ानों का संचालन जारी रखें, लेकिन पायलटों को यह ध्यान रखना चाहिए कि इन क्षेत्रों में जोखिम का स्तर अचानक बदल सकता है।
Continue reading on the app