Failed ATM Transaction पर Axis Bank को फटकार, Consumer Court ने 8 साल बाद दिलाया इंसाफ और मुआवजा
महाराष्ट्र के नागपुर स्थित उपभोक्ता आयोग ने सेवा में कमी के मामले में एक्सिस बैंक को फटकार लगाते हुए उसे एक ग्राहक को राशि वापस करने और 10,000 रुपये मुआवजा देने का निर्देश दिया है। ग्राहक को आठ वर्ष पहले एक असफल एटीएम लेनदेन में 5,000 रुपये का नुकसान हुआ था। जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने एटीएम में ग्राहक के बैंक खाते से राशि डेबिट होने के बाद नकदी नहीं मिलने को गंभीर मामला बताया। आयोग ने कहा कि ऐसे लेनदेन की जांच करना और ग्राहक को तत्काल राहत देना बैंक की जिम्मेदारी है।
पिछले महीने दिए गए एक फैसले में, आयोग ने पाया कि बैंक ने शिकायतकर्ता की शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और लोकपाल प्रक्रिया के माध्यम से निष्पक्ष सुनवाई प्रदान करने में विफल रहा। यह असफल लेनदेन 19 अगस्त, 2018 का है। नागपुर निवासी शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने एक्सिस बैंक के एक एटीएम से 5,000 रुपये निकालने का प्रयास किया था।
मामले की सुनवाई आयोग के अध्यक्ष सतीश सप्रे और सदस्य मिलिंद केदार ने एकपक्षीय रूप से की, क्योंकि कानूनी नोटिस दिए जाने के बावजूद एक्सिस बैंक आयोग के समक्ष उपस्थित नहीं हुआ। आयोग ने टिप्पणी की कि शिकायतकर्ता की ओर से बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद बैंक यह साबित करने के लिए कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सका कि उसने मामले की उचित जांच कराई या एटीएम के निगरानी कैमरे की जांच की।
आयोग ने कहा कि अभिलेखों से स्पष्ट है कि बैंक ने शिकायतकर्ता की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया। आयोग ने यह भी कहा कि नोटिस मिलने के बाद भी बैंक ने कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया। आयोग ने माना कि खाते से राशि कटने के बावजूद ग्राहक को नकदी नहीं मिलना बैंक की सेवा में कमी को दर्शाता है। आयोग ने बैंक को निर्देश दिया कि वह शिकायतकर्ता को 5,000 रुपये लौटाए और मानसिक तथा शारीरिक उत्पीड़न के लिए 10,000 रुपये मुआवजा दे।
Madhya Pradesh Digital Village | डिजिटल क्रांति का नया अध्याय! गुना के उमरी में खुला देश का पहला 'फिजिटल' सेवा केंद्र, Jyotiraditya Scindia ने किया शुभारंभ
मध्य प्रदेश का गुना जिला अब केवल अपनी राजनीतिक पहचान के लिए नहीं, बल्कि तकनीकी नवाचार के लिए भी जाना जाएगा। रविवार को केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जिले के उमरी गांव में देश के पहले एकीकृत 'फिजिटल' (फिजिकल + डिजिटल) सेवा केंद्र का उद्घाटन किया। यह केंद्र 'समृद्ध ग्राम फिजिकल सर्विसेज पायलट पहल' के तहत शुरू किया गया है।
एक आधिकारिक बयान में रविवार को कहा गया कि केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दूरसंचार विभाग की ‘समृद्ध ग्राम फिजिकल सर्विसेज पायलट पहल’ के तहत इस केंद्र का शुभारंभ किया। उद्घाटन के अवसर पर सिंधिया ने कहा, ‘‘समृद्ध ग्राम पहल की शुरुआत के साथ हम दुनिया को अपने उमरी में ला रहे हैं। शिक्षा और कृषि से लेकर स्वास्थ्य देखभाल और सरकारी सेवाओं तक, तकनीक हमारे लोगों के हाथों में सीधे नए अवसर दे रही है।’’
यह पहल भारतनेट परियोजना के माध्यम से ग्रामीण भारत में उपलब्ध संपर्क का लाभ उठाती है। ‘समृद्धि केंद्र’ की परिकल्पना एक एकल-खिड़की वाली ग्रामीण सेवा केंद्र के रूप में की गई है, जो एक ही स्थान पर स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा, कौशल विकास, कृषि, वित्तीय सेवाएं, ई-गवेंस सहायता और डिजिटल संपर्क सेवाएं देती है। सिंधिया ने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से किसान डिजिटल उपकरणों के जरिये मिट्टी की नमी, पोषक तत्वों और फसल के स्वास्थ्य के बारे में वास्तविक समय में जानकारी पा सकेंगे, जिससे कृषि स्मार्ट और अधिक उत्पादक बनेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में मंत्री ने कहा, ‘‘उमरी के प्रत्येक नागरिक को दिल्ली और अन्य राज्यों के चिकित्सकों के साथ टेली-परामर्श और डायग्नोस्टिक्स सेवाएं मिलेंगी। रक्त परीक्षण की रिपोर्ट 30 मिनट से भी कम समय में तैयार हो जाएगी।’’ उन्होंने कहा कि प्रमाण पत्र से लेकर ई-बैंकिंग तक की जरूरी सरकारी सेवाएं अब समृद्ध ग्राम के भीतर ही उपलब्ध होंगी।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi



















