ईडी ने फर्जी टेंडर मामले में Tripura समेत तीन राज्यों के 13 ठिकानों पर की छापेमारी
अगरतला, पांच नवंबर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अगरतला उप-क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों ने एक निलंबित नौकरशाह से जुड़े कथित फर्जी सरकारी निविदा गिरोह की जांच के सिलसिले में त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र के 13 ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की है। संघीय एजेंसी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। ईडी के मुताबिक, छापेमारी की कार्रवाई बुधवार को की गई और यह धनशोधन की उस जांच का हिस्सा थी, जो पश्चिमी त्रिपुरा जिले के कैपिटल कॉम्प्लेक्स पुलिस थाना में दर्ज एक प्राथमिकी पर आधारित है।
संघीय एजेंसी ने एक विज्ञप्ति में बताया कि नागपुर की मेसर्स एसके सेल्स कॉरपोरेशन की शिकायत पर, त्रिपुरा कैडर के एक निलंबित आईएएस अधिकारी और उनके कथित साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। ईडी ने बताया कि शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसके साथ ‘‘जालसाजी कर मध्याह्न भोजन और बिजली क्षेत्र से जुड़े कथित सरकारी निविदाओं के नाम पर लगभग 14.55 करोड़ रुपये की पेशगी के तौर पर जमा करवाई गई, जबकि वास्तव में ऐसी कोई निविदा जारी ही नहीं की गई थी।’’ विज्ञप्ति के मुताबिक, नवीनतम छापेमारी की कार्रवाई के तहत उत्तरी त्रिपुरा के धर्मनगर अनुमंडल में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के निलंबित अधिकारी और कथित हवाला कारोबारियों के आवासीय परिसरों की तलाशी ली गई। ईडी ने बताया कि पैसों के लेन-देन से जुड़ी कई कंपनियों और इकाइयों के कार्यालय परिसरों पर भी छापेमारी की गई।
विज्ञप्ति के मुताबिक, तलाशी के दौरान एजेंसी के अधिकारियों ने हवाला लेन-देन से जुड़े बड़ी संख्या में दस्तावेजी सबूत, कई महंगी संपत्तियों का विवरण और ऐसे रिकॉर्ड जब्त किए, जो कॉरपोरेट इकाइयों पर संदिग्ध नियंत्रण की ओर संकेत करते हैं। ईडी का आरोप है कि आरोपियों ने कथित तौर पर कई पीड़ितों के साथ कुल मिलाकर 44 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की है।
Kochi में डॉक्टर से मारपीट और लूटपाट, साउथ एक्ट्रेस Athulya Chandra समेत 3 गिरफ्तार
कोच्चि, पांच नवंबर अभिनेत्री अतुल्या चंद्रा और दो अन्य लोगों को एक डॉक्टर को बहाने से फ्लैट में बुलाकर मारपीट करने के आरोप में बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। डॉक्टर की ओर से दी गई शिकायत के अनुसार, उसे दो नवंबर को यहां वायटिला स्थित एसेन स्प्रिंगडेल अपार्टमेंट के एक फ्लैट में यह कहकर बुलाया गया था कि आरोपियों में से एक की मौसी की तबीयत खराब है।
शिकायत में कहा गया है कि वहां पहुंचने पर डॉक्टर ने देखा कि फ्लैट में अभिनेत्री समेत करीब 12 लोग मौजूद थे। आरोप है कि इन लोगों ने उसकी पिटाई की और उसके दो मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच तथा ईयरपॉड छीन लिये। इन सभी सामान की कुल कीमत करीब 3.25 लाख रुपये थी।
प्राथमिकी के अनुसार, 41-वर्षीय डॉक्टर ने आरोप लगाया कि उन लोगों ने उस पर इल्जाम लगाया है कि उसने आरोपियों में से एक की मौसी को नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म किया है। इसके बाद उन्होंने कई बार बेरहमी से उसकी पिटाई की। डॉक्टर ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान अभिनेत्री ने उसे गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी।
उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार नवंबर को भारतीय न्याय संहिता के तहत आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। चंद्रा कई दक्षिण भारतीय भाषाओं की फिल्मों में काम कर चुकी हैं। उनकी कुछ फिल्मों में उयिर (2026), डायस इरे (2025), माथु वदलारा (2019) और इसका दूसरा भाग माथु वदलारा 2 (2024) शामिल हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)

