सोमवार को लोकसभा में पश्चिम एशिया युद्ध पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर के बयान के अलावा कोई सार्थक कार्यवाही नहीं हुई और सदन स्थगित हो गया। जयशंकर ने संसद के दोनों सदनों में पश्चिम एशिया युद्ध के बाद खाड़ी देशों में फंसे भारतीय नागरिकों को बचाने और उनकी मदद करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में बयान दिया। बयान के दौरान विपक्षी सदस्यों ने दोनों सदनों में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और इस मुद्दे पर चर्चा की मांग की, लेकिन उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया। राज्यसभा में सदन के नेता, केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और लोकसभा में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष के इस व्यवहार की कड़ी निंदा की। लोकसभा और राज्यसभा ने भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप जीतने की बधाई दी और खिलाड़ियों को भविष्य के मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
जयशंकर का बयान
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पश्चिम एशिया संकट के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति की जरूरत पर जोर देते हुए सोमवार को लोकसभा में कहा कि उस क्षेत्र में रहने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा तथा अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करना भारत सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अमेरिका और इजराइल ने बीते 28 फरवरी को ईरान पर बड़ा सैन्य हमला किया था जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए थे। अधिकारियों के अनुसार, युद्ध में अब तक ईरान में कम से कम 1,230 लोग, लेबनान में 397 और इज़राइल में 11 लोग मारे गए हैं। संसद के दोनों सदनों में पश्चिम एशिया संघर्ष पर दिए अपने वक्तव्य में जयशंकर ने कहा कि भारत सरकार पश्चिम एशियाई क्षेत्र के सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता बनाए रखने के पक्ष में है। उन्होंने एक ईरानी जहाज को भारतीय बंदरगाह पर खड़ा करने की अनुमति देने को मानवीय आधार पर लिया गया सही निर्णय बताया।
लोकसभा की कार्यवाही
लोकसभा में सोमवार को विपक्षी दलों के सदस्यों ने पश्चिम एशिया संकट पर चर्चा कराने की मांग को लेकर हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही दो बार के स्थगन के बाद दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। विपक्ष के इस रुख पर अड़े रहने के कारण लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए प्रस्ताव लाने के विपक्ष के नोटिस पर चर्चा और मतदान की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी। सदन की बैठक दो बार स्थगित होने के बाद अपराह्न तीन बजे शुरू हुई तो पीठासीन सभापति जगदंबिका पाल ने कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद को लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अपना संकल्प रखने को कहा। इस दौरान कांग्रेस समेत विपक्ष के सदस्य पश्चिम एशिया के हालात पर सदन में चर्चा कराने की मांग करते हुए आसन के समीप आकर नारेबाजी करने लगे। कांग्रेस के सदस्य नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने की इजाजत भी आसन से मांग रहे थे।
राज्यसभा की कार्यवाही
नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने सोमवार को राज्यसभा में बताया कि पिछले साल जून में अहमदाबाद से लंदन-गैटविक जा रही एअर इंडिया की उड़ान एआई171 के दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले की जांच तेजी से जारी है और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की रिपोर्ट ‘‘जल्द ही’’ सामने आएगी।
- राज्यसभा में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों के पश्चिम एशिया की स्थिति पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर के बयान के दौरान हंगामा करने और सदन से बहिर्गमन किए जाने को लेकर केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सोमवार को आरोप लगाया कि विपक्ष केवल ‘‘अराजकता’’ फैलाना चाहता है।
- देश में बढ़ते सड़क हादसों पर राज्यसभा में सोमवार को चिंता जताते हुए भाजपा की डॉ मेधा विश्राम कुलकर्णी ने कहा कि हादसों में जान गंवाने वालों में से 60 फीसदी लोग 18 साल से 32 साल की उम्र के होते हैं जो देश के विकास में उल्लेखनीय योगदान दे सकते हैं। शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए कुलकर्णी ने कहा कि देश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं विकराल होती जा रही हैं और 2024 में एक लाख 80 हजार से अधिक लोगों की जान ऐसे हादसों में गई है।
Continue reading on the app
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी सोमवार को नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास पहुंचे। उन्होंने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। दूतावास में नकवी ने ईरानी राजदूत से मुलाकात की और दिवंगत नेता खामेनेई को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने ईरान के लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएं भी प्रकट कीं।
नकवी ने कहा, शांति ही हर समस्या का समाधान
मीडिया से बातचीत करते हुए नकवी ने कहा कि बुद्ध की धरती भारत हमेशा से शांति का पक्षधर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की बात को दोहराते हुए कहा कि किसी भी समस्या का हल केवल शांति के रास्ते से ही संभव है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि वह खुद एक बड़ी समस्या है। मानवता की रक्षा के लिए शांति अनिवार्य है। उन्होंने प्रार्थना की कि इस संकट की घड़ी से शांति का मार्ग प्रशस्त हो।
इजरायल-अमेरिका हमले में हुई थी मौत
गौरतलब है कि 28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मृत्यु हो गई थी। इस हमले में उनके साथ कई अन्य ईरानी नेता और सैन्य अधिकारी भी मारे गए थे। सुरक्षा कारणों और लगातार हो रहे हमलों की वजह से 5 मार्च को होने वाले उनके अंतिम संस्कार को फिलहाल टाल दिया गया है।
Continue reading on the app