सत्ता परिवर्तन के नाम पर Rahul Gandhi अराजकता फैलाएंगे तो जनता विकल्प चुनेगी: BJP
नयी दिल्ली, तीन नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ अभियान को लेकर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर हमला तेज करते हुए मंगलवार को कहा कि अगर राहुल गांधी “सत्ता परिवर्तन” के लिए अपने “अराजकता के मॉडल” को जारी रखते हैं, तो जनता विपक्ष में उनकी जगह कोई दूसरा विकल्प ढूंढ लेगी। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने यहां भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, “अराजक ‘कॉकरोच’ और विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित ये सभी लोग ‘सत्ता परिवर्तन’ के लिए देश के सामने अराजकता का एक मॉडल पेश कर रहे हैं।” भाटिया ने चेतावनी दी कि जो लोग भारत में सत्ता परिवर्तन चाहते हैं, उन्हें शायद जनता यह तय करते मिले कि “विपक्ष गैर-जिम्मेदार है और उसे बदल दिया जाना चाहिए।” उन्होंने कहा, “राहुल गांधी, ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव-यह मत सोचिए कि अराजकता फैलाकर आपको कुछ हासिल होगा। देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए जनता आपके राजनीतिक करियर को खत्म कर देगी।
लोग विपक्ष का कोई विकल्प ढूंढ लेंगे।” भाटिया ने कहा कि राहुल के “अराजकता के मॉडल” को कोई स्वीकार नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के भीतर भी वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के अराजकतावादी मॉडल से सहमत नहीं हैं। उन्हें लगता है कि इससे कांग्रेस पूरी तरह से बर्बाद और नष्ट हो जाएगी।” भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि देश में विपक्ष के विरोध-प्रदर्शनों को विदेशी फंडिंग की वजह से बढ़ावा मिल रहा है।
उन्होंने दावा किया कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी ‘प्रोग्रेसिव इंटरनेशनल’ (पीआई) और‘इंडियन अलायंस पेरिस’ जैसी विदेशी ताकतों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करते हैं। भाटिया ने कहा, “पीआई हर जगह विरोध-प्रदर्शनों को वित्त पोषण देता है और ‘तख्तापलट’ के लिए हिंसा करवाता है। सोनिया गांधी उसके प्रतिनिधियों से मिली थीं।” उन्होंने दिल्ली में पीआई के प्रतिनिधियों के साथ सोनिया की कथित मुलाकात की एक तस्वीर भी दिखाई।
राहुल ने विपक्ष पर देश को अस्थिर करने के लिए विदेशी मदद लेने का आरोप लगाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सोमवार को पलटवार किया था और उन्हें इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती दी थी। कांग्रेस नेता ने मोदी पर “विदेशी मदद” से प्रधानमंत्री की कुर्सी हासिल करने का आरोप भी लगाया था।
श्रीनगर सांसद Aga Ruhullah Mehdi ने National Conference छोड़ी, वादों से मुकरने का लगाया आरोप
बडगाम (जम्मू-कश्मीर), तीन नवंबर श्रीनगर से लोकसभा सदस्य सैयद आगा रुहुल्ला मेहदी ने मंगलवार को यहां अपने पिता आगा सैयद मेहदी की 26वीं पुण्यतिथि पर आयोजित एक रैली में नेशनल कॉन्फ्रेंस नेतृत्व पर अनुच्छेद 370 की बहाली सहित चुनाव के दौरान किए गए प्रमुख वादों से पीछे हटने का आरोप लगाते हुए पार्टी से अपने इस्तीफे की घोषणा की। हालांकि, रुहुल्ला ने अपने भाषण में लोकसभा से इस्तीफा देने का उल्लेख नहीं किया, लेकिन उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वह मंगलवार को बाद में लोकसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भेज देंगे। मेहदी 2024 में नेशनल कॉन्फ्रेंस के टिकट पर श्रीनगर सीट से लोकसभा चुनाव जीते थे।
उन्होंने अपने समर्थकों को 80 मिनट तक संबोधित करते हुए जम्मू-कश्मीर में एक नया राजनीतिक संगठन बनाने का संकेत दिया। शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखी जा रही इस रैली में प्रभावशाली शिया नेता रुहुल्ला मेहदी ने नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दोनों पर अनुच्छेद 370 की बहाली की लड़ाई छोड़ देने का आरोप लगाया, जिसके तहत जम्मू-कश्मीर को भारतीय संघ के भीतर विशेष दर्जा प्राप्त था।
लोकसभा सदस्य मेहदी ने कहा कि पार्टी चुनाव के दौरान अनुच्छेद 370 बहाल करने, कैदियों की रिहाई और मुफ्त बिजली को लेकर किए गए तमाम दावे का सम्मान करने में विफल रही। लोकसभा सदस्य मेहदी ने कहा, चुनाव के दौरान अनुच्छेद 370 बहाल करने, कैदियों को रिहा करने और मुफ्त बिजली देने के बारे में किए गए तमाम दावे महज झूठ थे। मैं अब इन झूठों का हिस्सा बनकर नहीं रह सकता।
उन्होंने पार्टी से अपने इस्तीफे को आजादी का फरमान बताया। मेहदी ने कहा कि कुछ लोग चाहते हैं कि वह एक नया राजनीतिक दल बनाएं, लेकिन उनकी अधिक रुचि जम्मू-कश्मीर के लोगों की गरिमा और सम्मान बहाल करने के लिए एक आंदोलन शुरू करने में है। उन्होंने कहा, हमने 2024 के चुनाव में उनका (नेशनल कॉन्फ्रेंस का) समर्थन करने की अपील की थी और यह एक गलती साबित हुई।
हो सकता है कि उन्होंने हार मान ली हो, लेकिन हमने नहीं। हम एक ऐसा आंदोलन शुरू करेंगे, जिसमें ईमानदार और संवेदनशील लोग आगे आकर हमसे छीनी गई चीजों को वापस पाने की लड़ाई का नेतृत्व करेंगे।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi










