हल्द्वानी के रामपुर रोड पर एनकेबी टाइम्स का शुभारंभ, CM धामी बोले- निष्पक्ष, सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता जरूरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित विंटेज ग्रीन में आयोजित कार्यक्रम में एनकेबी टाइम्स का शुभारंभ किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एनकेबी टाइम्स की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष, सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता अत्यंत आवश्यक है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता समाज को जागरूक करने और जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है. पत्रकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की समस्याओं को उजागर कर उनके समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एनकेबी टाइम्स जनसरोकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता देने के साथ ही पत्रकारिता के मूल्यों को आगे बढ़ाने का कार्य करेगा. उन्होंने कहा कि पत्रकारिता को जन-जन तक पहुंचाने और इसे निरंतर आगे बढ़ाने के लिए सभी का सहयोग महत्वपूर्ण है.
मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है
मुख्यमंत्री ने 'सबके राम' की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक धर्म, जाति या वर्ग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके आदर्श सम्पूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं. भारतीय परंपरा में भगवान श्रीराम को मर्यादा पुरुषोत्तम, आदर्श राजा और मानवीय मूल्यों का प्रतीक माना गया है. उनका जीवन त्याग, संयम, साहस, सहयोग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है.
मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर भगवान श्रीराम को ऊर्जा, समाधान और अनंतकाल का प्रतीक बताया था. उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श समाज को एकता और सद्भाव का संदेश देते हैं. अयोध्या से रामेश्वरम तक भगवान श्रीराम से जुड़ी आस्था और परंपराएं देश की सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करती हैं. 'सबके राम' का भाव समाज को जोड़ने, परस्पर सम्मान और मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है.
इस अवसर पर श्री नमन कृष्ण महाराज ने भी भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों एवं उनके आध्यात्मिक महत्व पर विचार व्यक्त किए. इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, श्रीमती सरिता आर्या एवं श्री राजेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष श्री प्रताप बिष्ट, दायित्वधारी डॉ. अनिल कपूर डब्बू, श्री शंकर कोरंगा, श्री नवीन वर्मा, श्रीमती भावना मेहरा एवं श्रीमती रेणु अधिकारी, एनकेबी टाइम्स के निदेशक श्री आदित्य सिसौदिया, श्री सिद्धार्थ सिसौदिया, श्री आशुतोष सिंह एवं श्री गणेश जोशी, कुमाऊं मंडलायुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री श्री दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी नैनीताल श्री ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.
Uttarakhand News: जनपद दौरे पर पहुंचे CM धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को लोहियाहेड हेलीपैड पर आम लोगों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके जल्द समाधान के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आम जनता की शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए.
समय पर समस्याओं का समाधान करना प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की समस्याओं को लंबित न रखा जाए. उनका समयबद्ध और प्रभावी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ काम कर रही है. इसमें प्रशासन की जवाबदेही सबसे महत्वपूर्ण है. अधिकारियों को जनता की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए.
विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं पर चर्चा
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और स्थानीय जरूरतों को लेकर भी बातचीत की. उन्होंने नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई. साथ ही अधिकारियों को आवश्यक समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए.
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, भवानी भंडारी, दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा और भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय मौजूद रहे. इसके अलावा जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एएसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शाशनी सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: धामी सरकार का बड़ा तोहफा, 755 करोड़ की परियोजनाओं को मंजूरी; कैंची धाम बाईपास से लेकर कुंभ तक विकास को मिलेगी रफ्तार
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation










