सुनंदा शर्मा के लाइव परफॉर्मेंस के बीच स्टेज पर चढ़ा शख्स, डर से चीख पड़ीं सिंगर, बाउंसर्स ने लातें मारकर भगाया
Sunanda Sharma Jaipur Concert: पॉपुलर पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा (Sunanda Sharma) हाल ही में जयपुर में एक लाइव कॉन्सर्ट करने पहुंची थीं. इस दौरान सिंगर ने 'जट्ट यमला', 'जानी तेरा ना', 'पागल नहीं होना' और 'चोरी चोरी' जैसे शानादर गानों से अपने कॉन्सर्ट में समां बांध दिया. उनके गानों पर कॉलेज के स्टूडेंट जमकर थिरकते हुए नजर आए. सुनंदा शर्मा ने यह लाइव परफॉर्मेंस शनिवार शाम 30 अक्टूबर को जयपुर के बस्सी दयारामपुरा स्थित आनंद इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में किया था. इस दौरान हंगामा भी देखने को मिला. दरअसल, जब वह परफॉर्मेंस कर रही थी, उसी बीच अचानक एक फैन स्टेज पर चढ़ गया, जिससे सिंगर बुरी तरह गई और उनकी चीख निकल पड़ी. इसके बाद मौके पर मौजूद बाउंसर्स ने तुरंत उस शख्स को लातें मारकर स्टेज से भगा दिया.
डर से चीख पड़ीं सिंगर
सिंगर सुनंदा शर्मा का सोशल मीडिया पर जयपुर कॉन्सर्ट का एक वीडियो बड़ा तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें एक शख्स उनकी परफॉर्मेंस के बीच में अचानक स्टेज पर चढ़ जाता है, जिससे सिंगर बुरी तरह डर जाती हैं और वो चीखने लगती हैं. हालांकि, वह शख्स स्टेज पर सिर्फ उनके पैर छूने के लिए आया था. वीडियो में देखा जा सकता है कि वह शख्स सीधा स्टेज पर चढ़कर उनके पैर छूने की कोशिश करता है. इससे अचानक आए शख्स को देखकर सुनंदा घबरा जाती हैं. हालांकि, वहां मौजूद बाउंसर्स उस शख्स को लातें मारकर भगा देते हैं.
बाउंसर्स को सुनंदा ने लातें मारने रोका
इस वीडियो में देखा जा सकता है कि जब स्टेज पर आए शख्स को बाउंसर्स लातें मारकर भगाते हैं. उस समय सुनंदा बाउंसर्स को रोकती हुईं नजर आती हैं. हालांकि, इतनी देर में वहां मौजूद बाउंसर्स उस शख्स को स्टेज से भगा देते हैं. सोशल मीडिया वायरल इस वीडियो में आगे ये नहीं दिखाया जाता है कि उस को लेकर सुनंदा क्या कहती हैं लेकिन जिस तरह शख्स को लातें मारकर भगाया गया, उसको लेकर सोशल मीडिया यूजर्स बाउंसर्स पर भड़क गए हैं.
बाउंसर्स पर भड़के सोशल मीडिया यूजर्स
वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि स्टेज पर अचानक आए शख्स को बाउंसर्स लातों से मारकर भगाते हुए नजर आ रहे हैं. जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों की नजरों में आया तो लोग बाउंसर्स पर भड़क गए. एक शख्स ने कमेंट किया, 'मारना क्यों, गलत बात है.' वहीं, दूसरे ने कहा, 'वाह रे वाह सिक्युरिटी वालों ऐसे कोई लातों से मारता है? क्या ही कर दिया भाई ने सिर्फ स्टेज पर चढ़ा है.' तीसरे ने कमेंट किया, 'ये पैरों से मार रहा है और तुम लोग इन लोगो को देखने जाते हो. ये इज्जत है तुम्हारी.' इसके साथ एक अन्य ने गार्ड पर सवाल उठाया, 'ये कौनसा तरीका है गार्ड आराम से भी बोल सकते थे. कौन है हीरो और कौन हीरोइन? अगर इन्हें हम ना पूछे तो शायद...कोई भी ना पूछे. इन्हें भी सबकी इज्जत करनी चाहिए.'
पहली बार नहीं हुआ ऐसा सिंगर के साथ
बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं जब सुनंदा के साथ लाइव परफॉर्मेंस के दौरान ऐसा हुआ हो. इससे पहले इसी साल जून में जब सुनंदा शर्मा गाजियाबाद में परफॉर्मेंस कर रही थीं. उस दौरान एक छात्र उनके पैर छूने स्टेज पर आया, तो सुनंदा इतनी घबरा गईं कि उन्होंने शो को बीच में ही रोक दिया, हालांकि बाद में बड़ा दिल दिखाते हुए उन्होंने पुलिस से उस छात्र का करियर खराब न करने की अपील की. वहीं, जयपुर के आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज में जब वैसी ही घटना दोबारा हुई, तो शुरुआती घबराहट के बावजूद उन्होंने खुद को संभाला, माइक पर 'इट्स ओके' कहा और कुछ देर के ब्रेक के बाद वापस लौटकर अपनी परफॉर्मेंस दी.
ये भी पढे़: ‘आप बुरे आदमी हो’, यश के रावण किरदार पर बेटा हुआ हैरान, बोला- 'आप ऐसा कैसे कर सकते हो?'
देश में हवाई सफर विदेश जाने से भी महंगा, दिवाली पर हवाई किराये में 450 फीसदी का भारी उछाल
Diwali Domestic Flight Ticket Price Hike: दिवाली पर अपने घर जाने या छुट्टियां मनाने के लिए हवाई सफर की योजना बना रहे लोगों को इस बार अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ सकती है. देश में घरेलू उड़ानों के किराये में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है. कई रूट पर हवाई टिकटों की कीमत सामान्य किराये से 450 फीसदी से भी ज्यादा बढ़ गई है. हालात ऐसे हैं कि मुंबई से दिल्ली या पटना जाने के मुकाबले लंदन और एशिया के कई बड़े शहरों की उड़ान सस्ती पड़ रही है. त्योहार के दौरान बढ़ती मांग और हवाई किराये पर सरकारी नियंत्रण के अभाव ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है. इतना ही नहीं, नए साल की छुट्टियों के लिए भी अभी से टिकटों के दाम बढ़ने लगे हैं.
दिवाली पर हवाई टिकटों की कीमतों में क्यों आया उछाल?
- त्योहारों में बढ़ी मांग: दिवाली के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घरों को लौटते हैं. इसके अलावा कई लोग छुट्टियां मनाने के लिए पर्यटन स्थलों का रुख करते हैं. इससे घरेलू उड़ानों की मांग तेजी से बढ़ जाती है.
- 450 फीसदी से ज्यादा महंगे टिकट: कई प्रमुख घरेलू रूट पर हवाई किराये में सामान्य कीमत के मुकाबले 450 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
- सरकारी नियमों का इंतजार: केंद्र सरकार ने हवाई किराये में मनमानी बढ़ोतरी रोकने के लिए नए नियामकीय नियम लाने का भरोसा दिया था, लेकिन तय समय सीमा तक इन्हें लागू नहीं किया जा सका.
- डायनेमिक प्राइसिंग का असर: एयरलाइंस मांग के हिसाब से टिकटों की कीमतें बदलती हैं. त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने पर किराया भी तेजी से ऊपर चला जाता है.
- यात्रियों की जेब पर असर: अचानक बढ़े किराये के कारण आम यात्रियों के लिए त्योहार पर घर जाना या घूमने का प्लान बनाना मुश्किल हो रहा है.
दिल्ली-मुंबई रूट पर टिकट 26 हजार रुपये के पार
दिवाली के आसपास देश के सबसे व्यस्त हवाई रूट दिल्ली-मुंबई पर भी किराये में भारी उछाल आया है. फ्री प्रेस जर्नल के किराया विश्लेषण के मुताबिक, कई उड़ानों के टिकट सामान्य कीमत से कई गुना महंगे हो गए हैं.
- मुंबई-दिल्ली उड़ान: 7 नवंबर को एयर इंडिया की एकतरफा उड़ान का किराया 26,560 रुपये तक पहुंच गया है. सामान्य तौर पर इस रूट का किराया करीब 5,000 रुपये रहता है. यानी इसमें लगभग 431 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.
- दिल्ली-मुंबई वापसी: 15 नवंबर को स्पाइसजेट की उड़ान का टिकट 28,130 रुपये तक पहुंच गया है. यह सामान्य किराये से करीब 462 फीसदी ज्यादा है.
- मुंबई-अहमदाबाद: 6 नवंबर को एयर इंडिया की उड़ान का किराया 12,545 रुपये हो गया है. सामान्य किराये के मुकाबले इसमें करीब 318 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.
- मुंबई-पटना: 8 नवंबर को एयर इंडिया की इस रूट की उड़ान का टिकट 28,221 रुपये तक पहुंच गया है. यह सामान्य कीमत से करीब 303 फीसदी ज्यादा है.
- मुंबई-कोल्हापुर: स्टार एयर की सप्ताह में तीन दिन चलने वाली उड़ान का किराया 6 नवंबर को 9,820 रुपये तक पहुंच गया है. सामान्य किराया करीब 4,000 रुपये है. यानी टिकट लगभग 145 फीसदी महंगा हो गया है.
- मुंबई-नागपुर: इस रूट पर हवाई टिकट की कीमत 21,008 रुपये तक पहुंच गई है. सामान्य किराये के मुकाबले इसमें करीब 320 फीसदी की बढ़ोतरी बताई गई है.
घरेलू उड़ान से महंगी नहीं
घरेलू हवाई किराये में बेतहाशा बढ़ोतरी का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि कुछ अंतरराष्ट्रीय रूट पर यात्रा करना देश के भीतर सफर करने से सस्ता पड़ रहा है.
- लंदन की उड़ान: 7 नवंबर को भारत से लंदन जाने के लिए एतिहाद एयरवेज और अजरबैजान एयरलाइंस जैसी कंपनियों के टिकट करीब 25,500 रुपये में उपलब्ध हैं. वहीं, मुंबई से दिल्ली जाने के लिए एयर इंडिया का टिकट 26,560 रुपये तक पहुंच गया है.
- बैंकॉक का सफर: बैंकॉक जाने के लिए एकतरफा टिकट करीब 15,000 से 22,000 रुपये के बीच मिल रहे हैं.
- दुबई और कोलंबो: इन दोनों अंतरराष्ट्रीय रूट पर भी टिकटों की कीमत घरेलू उड़ानों के मुकाबले कम बताई जा रही है.
- सिंगापुर और फुकेट: इन पर्यटन स्थलों के लिए भी एकतरफा टिकट करीब 15,000 से 22,000 रुपये के दायरे में उपलब्ध हैं.
यानी कई यात्रियों के लिए विदेश जाना अपने ही देश के एक शहर से दूसरे शहर जाने से सस्ता पड़ रहा है. इससे घरेलू विमानन बाजार में किराये की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.
हवाई किराये पर सरकार के नए नियम क्यों नहीं आए?
हवाई किराये में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बीच केंद्र सरकार ने कीमतों को नियंत्रित करने के लिए नए नियम लाने की बात कही थी.
- 16 अक्टूबर को दिया था भरोसा: नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने 16 अक्टूबर को कहा था कि हवाई किराये में अनियंत्रित बढ़ोतरी रोकने के लिए नए नियामकीय नियम तैयार किए जाएंगे.
- 30 अक्टूबर थी समय सीमा: सरकार ने 14 दिनों के भीतर यानी 30 अक्टूबर तक नए नियमों को अंतिम रूप देकर लागू करने की बात कही थी.
- समय सीमा हुई खत्म: तय तारीख तक नए नियम जारी नहीं हो सके. ऐसे में त्योहारों के दौरान हवाई किराये में बढ़ोतरी को लेकर यात्रियों की चिंता बढ़ गई है.
- सुप्रीम कोर्ट में दिया था आश्वासन: सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में भी इस संबंध में भरोसा दिया गया था. इसके बावजूद तय समय सीमा तक नियामकीय ढांचा लागू नहीं हो पाया.
- एयरलाइंस की कीमतों पर सवाल: उद्योग से जुड़े जानकारों का कहना है कि किराया तय करने वाले एल्गोरिदम पर प्रभावी ऊपरी सीमा नहीं होने के कारण त्योहारों और आपात परिस्थितियों में टिकटों की कीमतें तेजी से बढ़ सकती हैं.
सोशल मीडिया पर भी लोग सरकार की देरी को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं. यात्रियों का कहना है कि अगर किराये को लेकर पारदर्शी नियम नहीं बनाए गए तो त्योहारों के दौरान हवाई सफर आम लोगों की पहुंच से बाहर होता जाएगा.
नए साल पर गोवा जाने का प्लान भी पड़ेगा महंगा
हवाई किराये में बढ़ोतरी केवल दिवाली तक सीमित नहीं है. दिसंबर के आखिरी सप्ताह और नए साल की छुट्टियों के लिए भी टिकटों की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं. 30 दिसंबर के लिए मुंबई से कई प्रमुख शहरों के हवाई किराये में बड़ा उछाल दर्ज किया गया है.
- मुंबई-गोवा: नए साल पर गोवा घूमने जाने वालों को ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं. एयर इंडिया का टिकट 13,469 रुपये तक पहुंच गया है, जबकि सामान्य किराया करीब 3,500 रुपये रहता है. इसमें लगभग 284 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.
- मुंबई-भुज: एयर इंडिया की इस रूट की उड़ान का किराया 13,522 रुपये तक पहुंच गया है. सामान्य कीमत के मुकाबले इसमें करीब 170 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.
- मुंबई-बेंगलुरु: एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान का टिकट 11,777 रुपये तक पहुंच गया है. यह सामान्य किराये से करीब 161 फीसदी ज्यादा है.
- मुंबई-दिल्ली: इस रूट पर एयर इंडिया का टिकट 11,713 रुपये तक पहुंच गया है. सामान्य किराये के मुकाबले यह करीब 134 फीसदी महंगा है.
इन आंकड़ों से साफ है कि हवाई किराये में बढ़ोतरी का असर केवल दिवाली के यात्रियों पर नहीं, बल्कि साल के आखिर में छुट्टियां मनाने की तैयारी कर रहे लोगों पर भी पड़ रहा है.
हवाई किराया महंगा होने से रेलवे पर बढ़ा दबाव
हवाई टिकटों की कीमतें बढ़ने के कारण बड़ी संख्या में लोग ट्रेन से सफर करने का विकल्प चुन रहे हैं. इससे रेलवे पर भी त्योहारों के दौरान यात्रियों का दबाव बढ़ गया है.
- मुंबई-दिल्ली रूट पर भारी भीड़: दिवाली के सप्ताह में मुंबई से दिल्ली के बीच चलने वाली लगभग सभी ट्रेनों में सीटें भर चुकी हैं.
- तेजस एक्सप्रेस में भी भीड़: मुंबई सेंट्रल से रवाना होने वाली दोनों तेजस एक्सप्रेस ट्रेनों में दिवाली के दौरान सीटों की उपलब्धता लगभग खत्म हो गई है.
- 2,000 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें: पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के मुताबिक, त्योहारों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे 2,000 से ज्यादा विशेष ट्रेनें चला रहा है.
- अतिरिक्त ट्रेनों की तैयारी: रेलवे की ओर से जरूरत के मुताबिक और विशेष ट्रेनें चलाने की योजना बनाई जा रही है. आने वाले हफ्तों में इस संबंध में और घोषणाएं की जा सकती हैं.
आम यात्रियों के लिए क्या है सबसे बड़ी चुनौती?
दिवाली और नए साल के दौरान हवाई किराये में बढ़ोतरी ने एक बार फिर विमानन क्षेत्र में कीमतों को लेकर बहस छेड़ दी है. एक तरफ एयरलाइंस मांग और उपलब्ध सीटों के आधार पर किराया तय करती हैं, वहीं दूसरी तरफ यात्रियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान अचानक कई गुना बढ़ने वाली कीमतों पर नियंत्रण जरूरी है.
सरकार ने नए नियम लाने का भरोसा दिया था, लेकिन समय सीमा निकलने के बाद भी उनका इंतजार बना हुआ है. ऐसे में सवाल है कि क्या सरकार हवाई किराये में पारदर्शिता लाने और मनमानी बढ़ोतरी रोकने के लिए जल्द कोई कदम उठाएगी?
फिलहाल दिवाली पर घर जाने वाले यात्रियों के सामने दोहरी मुश्किल है. हवाई सफर जेब पर भारी पड़ रहा है और ट्रेनों में भी सीटें मिलना आसान नहीं है. इसका सीधा असर आम लोगों के त्योहार के बजट पर पड़ रहा है.
यह भी पढ़ें: Indian Railways: कौन कर सकता है 365 दिन पहले ट्रेन टिकट की बुकिंग? जानिए नियम, फीस और पूरा प्रोसेस
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation









