शादी के बाद खूब चर्चा में रहे रश्मिका-विजय, अब होने जा रहे 'अंडरग्राउंड', कपल ने उठाया ये बड़ा कदम
Rashmika Mandanna-Vijay Deverakonda: विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना शादी के बाद से ही सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं. अब 4 मार्च को कपल का वेडिंग रिसेप्शन हैदराबाद में होस्ट किया गया, जहां साउथ से लेकर बॉलीवुड इंडस्ट्री से जुड़े कई बड़े-बड़े सेलेब्स नजर आए. इस पार्टी में रश्मिका-विजय सब से मिले और ढेर सारी फोटोज क्लिक करवाई. दूसरी ओर मीडिया के सामने आकर कपल ने एक बड़ा ऐलान किया, जिसे सुनकर फैंस हैरान रह गए.
रिसेप्शन में लगा सितारों का जमावड़ा
रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने शादी के 6 दिन बाद हैदराबाद के ताज कृष्णा में एक शानदार रिसेप्शन पार्टी होस्ट की. इस दौरान साउथ फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज सितारे शामिल हुए, वहीं बॉलीवुड के भी कई सेलेब्स नजर आए. राम चरण, अल्लू अर्जुन, नागार्जुन से लेकर करण जौहर, कृति सेनन और मृणाल ठाकुर जैसे स्टार्स ने दोनों के रिसेप्शन पर चार चांद लगा दिए. इस दौरान सभी सेलेब्स ने न्यूली वेड कपल को बधाई दी और उनके साथ फोटोज क्लिक करवाई.
चर्चा में रहने के बाद अब होंगे 'अंडरग्राउंड'
रिसेप्शन पार्टी में रश्मिका-विजय ने न केवल सेलेब्स के साथ बल्कि पैपराजी के साथ भी ढेर सारे पोज दिए. इस दौरान कपल ने पैप्स से बातचीत भी की और इसी बातचीत में उन्होंने सेलिब्रेशन के बाद का अपना प्लान रिवील किया. विजय ने बताया कि सेलिब्रेशन खत्म होने के बाद वो क्या करेंगे. एक्टर ने कहा- 'हम उम्मीद करते हैं कि सेलिब्रेशन खत्म हो जाएगा और अब हम अंडरग्राउंड होकर चुप रहेंगे. धन्यवाद.' कपल के इस बयान से साफ हो गया है कि अब दोनों अपने काम पर फोकस चाहते हैं और साथ ही मीडिया से उन्होंने प्राइवेसी की मांग की है.
रश्मिका-विजय का रिसेप्शन लुक
रश्मिका और विजय की शादी के लुक ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया था. दोनों ने साउथ इंडियन लुक कैरी किया और ढेर सारी ज्वैलरी पहनी थी, जो बेहद यूनिक था और लोगों को काफी पसंद भी आया. वहीं, अब दोनों का रिसेप्शन लुक ने भी फैंस का दिल जीत लिया है. रिसेप्शन में कपल ने बेहद ही सिंपल लुक को चुना. रश्मिका ने ग्रीन बॉर्डर वाली लाल रंग की सिल्क साड़ी पहनी थी जिसे उन्होंने गोल्ड ज्वेलरी के साथ स्टाइल किया था. उन्होंने कमरबंध, मल्टी लेयर्ड ज्वेलरी और मैचिंग इयररिंग पहनी थी. स्लीक चोटी, मांग में सिंदूर और मंगलसूत्र से अपना लुक पूरा किया. वहीं, विजय ऑफ व्हाइट कलर के साउथ इंडियन आउटफिट में नजर आए.
रश्मिका और विजय का वर्कफ्रंट
सेलिब्रेशन के बाद अब रश्मिका मंदाना और विजय अपने करियर पर फोकस करेंगे. रश्मिका के वर्कफ्रंट की बात करें तो 'पुष्पा' की सफलता के बाद वो साउथ और बॉलीवुड दोनों में काफी एक्टिव हैं. पिछले साल एक्ट्रेस को 'छावा', 'सिकंदर', 'थामा', 'द गर्लफ्रेंड' और 'कुबेर' में देखा गया था. वहीं, अब एक्ट्रेस 'मैसा', 'रणबाली' और 'कॉकटेल 2' जैसी फिल्मों में नजर आएंगी. विजय देवराकोंडा की बात करें तो उन्हें आखिरी बार 'द किंगडम' में देखा गया था. वहीं, अब एक्टर 'VD14' और 'SVC 59' में नजर आएंगे. वहीं, विजय रश्मिका के साथ 'रणबाली' में भी दिखेंगे. ये फिल्म इसी साल सितंबर में रिलीज की जाएगी.
बेटी के साथ दुबई में फंसी लारा दत्ता हुईं इमोशनल:शूटिंग के दौरान धमाके सुने, फाइटर जेट देखे; कहा- पिछले कुछ दिन काफी तनाव भरे रहे
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक्ट्रेस लारा दत्ता दुबई से अपना अनुभव शेयर करते हुए इमोशनल हो गईं। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में वहां का माहौल थोड़ा तनाव भरा रहा है। एक्ट्रेस इस समय अपनी बेटी सायरा के साथ दुबई में हैं। लारा ने कहा कि वह दुबई एक ब्रांड से जुड़े काम के लिए गई थीं। यह एक सामान्य वर्क ट्रिप थी, लेकिन हालात अचानक बदल गए। संघर्ष बढ़ने के बाद वहां का माहौल अलग हो गया। उन्होंने एक वीडियो में बताया कि वह 28 तारीख को दुबई के एक स्टूडियो में शूट कर रही थीं। उसी दौरान उन्हें ऊपर से तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी। लारा ने कहा, “हम इस इजराइल-ईरान युद्ध की शुरुआत से ही दुबई में हैं। यूएई का दुबई पिछले तीन साल से मेरा घर जैसा है। मैं यहां काफी समय बिताती हूं। 28 तारीख को मैं दुबई के एक स्टूडियो में शूट कर रही थी।” उन्होंने आगे बताया कि अचानक ऊपर से धमाकों की आवाज आने लगी। इसके बाद टीम के लोग स्टूडियो से बाहर निकल गए। लारा ने कई फाइटर जेट उड़ते देखे एक्ट्रेस ने कहा, “हमने ऊपर से धमाके सुने। हम स्टूडियो से बाहर भागे। वहां हमने देखा कि आसमान में मिसाइलों को बीच में ही रोका जा रहा था। पिछले कुछ दिन काफी तनाव वाले रहे हैं। मेरी बेटी मेरे साथ है। महेश काम के सिलसिले में बाहर थे, वह दुबई में नहीं थे।” लारा ने यह भी बताया कि उन्होंने आसमान में कई फाइटर जेट उड़ते हुए देखे। साथ ही तेज आवाज वाले धमाके भी सुनाई दिए। उन्होंने कहा, “हम थोड़ा नर्वस हैं और यह सब थोड़ा डराने वाला है। ऊपर कई फाइटर जेट उड़ते दिखे। कई तेज धमाकों की आवाज भी आई। हम एक सुरक्षित इलाके में विला में रहते हैं, लेकिन धमाकों के समय खिड़कियां हिलने लगती हैं और दरवाजे भी हिलते हैं। यह स्थिति परेशान करने वाली होती है। हालांकि मुझे एक बार भी असुरक्षित महसूस नहीं हुआ।” यूएई सरकार सभी लोगों का ध्यान रख रही: लारा लारा ने यूएई सरकार की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि वहां की सरकार लोगों की सुरक्षा के लिए पूरी कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, “यूएई सरकार ने बहुत अच्छा काम किया है। हर व्यक्ति को यहां सुरक्षित महसूस कराने की कोशिश की जा रही है। चाहे कोई भी किसी भी देश से हो, सभी का ध्यान रखा जा रहा है।” एक्ट्रेस ने आगे कहा कि वहां रहने वाले लोगों को महसूस कराया जाता है कि उनकी अहमियत है। उन्होंने कहा, “यहां रहने वाले लोगों को लगता है कि उनकी परवाह की जाती है। सरकार पूरी कोशिश कर रही है कि सभी सुरक्षित रहें। मैं यह देखकर हैरान हूं कि यहां सामान्य लोग भी रोज अपना काम कर रहे हैं। मेरा माली भी रोज आकर लॉन की घास काटता है और पौधों को पानी देता है।” वीडियो के अंत में लारा इमोशनल हो गईं। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही मुंबई लौटना चाहती हैं। उन्होंने बताया, “हम फ्लाइट देख रहे हैं। ज्यादा फ्लाइट नहीं हैं, लेकिन कुछ फ्लाइट मिल रही हैं। एतिहाद और एमिरेट्स की फ्लाइट्स देख रहे हैं। हम कोशिश कर रहे हैं कि किसी तरह मुंबई लौट जाएं। बच्चों को इन हालात से ज्यादा डर लग रहा है। बड़े लोग खुद को संभाल लेते हैं, लेकिन बच्चों को समझाना पड़ता है।” लारा ने पिछले साल भारत और पाकिस्तान के बीच हुए तनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “जब भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव हुआ था, तब मैं भारत में थी। उस समय हमने देखा कि हमारे देश ने लोगों की सुरक्षा के लिए अच्छा काम किया था। यहां भी वैसा ही महसूस होता है।” अंत में उन्होंने कहा कि किसी भी आम नागरिक को डर के माहौल में नहीं जीना चाहिए। लारा ने कहा, “कोई भी आम इंसान डर में जीने का हकदार नहीं है। उम्मीद है कि हालात जल्द सामान्य होंगे और सही फैसले लिए जाएंगे।” बता दें कि दुबई में तनाव की वजह ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच बढ़ता क्षेत्रीय संघर्ष है। ईरान ने दुबई और अबू धाबी के कुछ ठिकानों को निशाना बनाया। सुरक्षा कारणों से दुबई का हवाई क्षेत्र कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा, जिससे कई उड़ानें रद्द हुईं और हजारों यात्री फंस गए।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation

















