चीन और इजरायली के विदेश मंत्रियों के बीच फोन पर बातचीत
बीजिंग, 4 मार्च (आईएएनएस)। चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने मंगलवार को इजरायली विदेश मंत्री गिदोन सार के साथ फोन पर बातचीत की।
सार द्वारा वर्तमान स्थिति पर इसराइल के रुख से अवगत कराए जाने के बाद, वांग यी ने कहा कि चीन हमेशा अंतर्राष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों को वार्ता और परामर्श के माध्यम से हल करने का समर्थन करता है। सभी पक्षों को संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों का पालन करना चाहिए और अंतर्राष्ट्रीय संबंधों में बल प्रयोग या बल प्रयोग की धमकी से बचना चाहिए, जो इसराइल सहित सभी पक्षों के मौलिक हितों के अनुरूप है।
उन्होंने कहा कि चीन वर्षों से ईरान परमाणु मुद्दे के राजनीतिक समाधान के लिए प्रयासरत है। हाल ही में ईरान-अमेरिका वार्ता में उल्लेखनीय प्रगति हो रही थी, जिसमें इसराइल की सुरक्षा चिंताएं भी शामिल थीं, लेकिन दुर्भाग्य से इस प्रक्रिया को बाधित कर दिया गया।
वांग यी ने स्पष्ट किया कि चीन इसराइल और अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए सैन्य हमलों का विरोध करता है। सैन्य बल वास्तव में समस्याओं का समाधान नहीं कर सकता, बल्कि नई समस्याएं और गंभीर दुष्परिणाम पैदा करता है। सैन्य क्षमता का वास्तविक मूल्य युद्ध के मैदान में नहीं, बल्कि युद्ध को रोकने में है।
चीनी विदेश मंत्री ने तत्काल सैन्य कार्रवाई रोकने और युद्ध को और फैलने से रोकने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चीन मध्य पूर्व मुद्दों पर हमेशा निष्पक्ष रुख रखता है और स्थिति को शांत करने में रचनात्मक भूमिका निभाता रहेगा।
वांग यी ने इसराइल से चीनी कर्मियों और संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी उपाय करने का आग्रह किया। सार ने कहा कि इसराइल इस मामले को उच्च प्राथमिकता देता है और चीनी कर्मियों एवं संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
डीकेपी/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
चीनी जन राजनीतिक सलाहकार सम्मेलन की 14वीं राष्ट्रीय समिति का चौथा पूर्णाधिवेशन पेइचिंग में उद्घाटित
बीजिंग, 4 मार्च (आईएएनएस)। चीन की सर्वोच्च राजनीतिक सलाहकार संस्था – चीनी जन राजनीतिक सलाहकार सम्मेलन (सीपीपीसीसी) की 14वीं राष्ट्रीय समिति का चौथा पूर्णाधिवेशन 4 मार्च को दोपहर बाद पेइचिंग में औपचारिक रूप से उद्घाटित हुआ। उद्घाटन समारोह में चीन की कम्युनिस्ट पार्टी और देश के शीर्ष नेता शी चिनफिंग सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
सीपीपीसीसी राष्ट्रीय समिति के अध्यक्ष वांग हुनिंग ने सम्मेलन में सीपीपीसीसी राष्ट्रीय समिति की स्थायी समिति की ओर से महासभा के समक्ष कार्य रिपोर्ट प्रस्तुत की। अपने संबोधन में उन्होंने पिछले एक वर्ष के दौरान जन राजनीतिक सलाह से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा प्रस्तुत की और उन प्रमुख उपलब्धियों तथा अनुभवों का उल्लेख किया, जो बीते वर्ष में प्राप्त हुए। इसके साथ ही उन्होंने इस वर्ष के लिए विभिन्न कार्यों की रूपरेखा और प्राथमिकताओं का भी उल्लेख किया।
यह पूर्णाधिवेशन कुल सात दिनों तक चलेगा। सम्मेलन में सीपीपीसीसी राष्ट्रीय समिति के 34 विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 2000 से अधिक सदस्य भाग ले रहे हैं। ये सदस्य सीपीपीसीसी राष्ट्रीय समिति की स्थायी समिति की कार्य रिपोर्ट तथा पिछले पूर्णाधिवेशन के बाद सदस्यों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों के निपटारे संबंधी कार्य रिपोर्ट को सुनेंगे और उन पर विस्तार से विचार-विमर्श करेंगे।
इसके अलावा, सम्मेलन के सदस्य राष्ट्रीय जन प्रतिनिधि सभा (एनपीसी) के वार्षिक सम्मेलन में भी भाग लेंगे, जहाँ वे सरकारी कार्य रिपोर्ट सुनेंगे और उस पर अपनी राय व्यक्त करेंगे। साथ ही, वे राष्ट्रीय आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए प्रस्तावित 15वीं पंचवर्षीय योजना की रूपरेखा के मसौदे पर भी विचार करेंगे। इस प्रक्रिया के माध्यम से सदस्य देश की राजनीति, अर्थव्यवस्था, संस्कृति और अन्य सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण नीतिगत विषयों पर अपने सुझाव और विचार प्रस्तुत करेंगे।
गौरतलब है कि चीनी जन राजनीतिक सलाहकार सम्मेलन चीन की जनता का देशभक्त संयुक्त मोर्चा संगठन है। यह संस्था चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के नेतृत्व में बहुदलीय सहयोग और राजनीतिक सलाह-मशविरे की एक महत्वपूर्ण व्यवस्था के रूप में कार्य करती है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
डीकेपी/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation



















