UCC लागू करने की तैयारी, Assam में नियम बनाने के लिए आठ सदस्यीय समिति गठित
असम सरकार ने राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के लिए नियम तैयार करने के वास्ते एक समिति का गठन किया है। राजनीतिक विभाग की ओर से जारी एक अधिसूचना से यह जानकारी मिली है। अधिसूचना के मुताबिक, आठ सदस्यीय समिति एक महीने के भीतर नियमों का मसौदा सौंप देगी।
असम विधानसभा ने 27 मई को ‘समान नागरिक संहिता, असम, 2026 विधेयक’ पारित किया था। इसका मकसद एक ऐसा समान कानूनी ढांचा तैयार करना है, जो धर्म की परवाह किए बिना विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और सह-जीवन साथी से जुड़े मामलों को नियंत्रित करे। गृह एवं राजनीतिक विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अजय तिवारी ने 13 अक्टूबर के अपने आदेश में कहा कि विधेयक को राष्ट्रपति की सहमति के लिए केंद्र सरकार के पास भेज दिया गया है।
यह आदेश बृहस्पतिवार को मीडिया को उपलब्ध कराया गया। अधिसूचना के अनुसार, गृह एवं राजनीतिक विभाग के सचिव देव प्रसाद मिश्रा समिति के अध्यक्ष होंगे। इसमें कहा गया है कि समिति के सदस्यों में वित्त विशेष आयुक्त और सचिव पार्थ प्रतिम मजूमदार, विधायी सचिव गीतांजलि डी सैकिया, अल्पसंख्यक कल्याण एवं विकास सचिव फरीदा शम्सुल और गृह एवं राजनीतिक मामलों के अतिरिक्त सचिव मृदुल कुमार दास शामिल हैं।
असम मई में उत्तराखंड और गुजरात के बाद यूसीसी विधेयक पारित करने वाला तीसरा राज्य बन गया था।
Kashipur में अवैध Digital Exchange पकड़ा गया, STF ने आरोपी को किया गिरफ्तार
उत्तराखंड के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने उधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में कथित अवैध डिजिटल टेलीफोन एक्सचेंज का भंडाफोड़ कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक अन्य साथी फरार है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, ‘एनएस एंटरप्राइज’ के नाम से संचालित यह व्यवस्था ‘सेशन इनिशिएशन प्रोटोकॉल’ (एसआईपी) कनेक्शन के जरिए इंटरनेशनल लॉन्ग डिस्टेंस (आईएलडी) गेटवे को दरकिनार करती थी।
इसके माध्यम से ऑटोमेटेड कॉल की जाती थीं, जिनमें साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी कॉल भी शामिल थीं। उन्होंने बताया कि जांच में पता चला है कि इस व्यवस्था के जरिए 21 दिन में कुल 45,453 कॉल की गईं। एसटीएफ और साइबर अपराध प्रकोष्ठ की कुमाऊं इकाई ने दूरसंचार विभाग की एक टीम के साथ मिलकर संदिग्ध दूरसंचार व्यवस्था के बारे में मिली सूचना के आधार पर संबंधित स्थान का तकनीकी निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कॉल सेंटर का सर्वर, पेन ड्राइव और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए। एसटीएफ के अनुसार, मामले में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के निवासी नईमुद्दीन को गिरफ्तार किया गया है और उसका एक अन्य साथी फरार है। आरोपी के खिलाफ उधमसिंह नगर जिले के मुख्यालय रुद्रपुर स्थित साइबर अपराध थाने में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि जब्त उपकरणों, डिजिटल अभिलेखों और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि कथित अवैध गतिविधियों का पता लगाया जा सके और आरोपियों के अन्य सहयोगियों की भूमिका की पहचान की जा सके।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








