खामेनेई की मौत के बाद पुतिन का चढ़ा पारा, चीन और उत्तर कोरिया ने की अमेरिका-इजरायल की आलोचना
नई दिल्ली, 1 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका और इजरायलके हवाई हमले में ईरान के सुप्रीम नेता खामेनेई की मौत के बाद दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिका और इजरायल की कार्रवाई की कड़ी निंदा की। वहीं चीन और उत्तर कोरिया ने भी नाराजगी जाहिर की है।
इजरायली मीडिया टाइम्स ऑफ इजरायल के अनुसार, रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि अमेरिका और इजरायल की कार्रवाई इंसानी नैतिकता और अंतरराष्ट्रीय कानून के सभी नियमों का उल्लंघन करती है।
पुतिन ने ईरानी समकक्ष मसूद पेजेशकियन को लिखे एक नोट में कहा, “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई और उनके परिवार के सदस्यों की मौत के संबंध में मेरी गहरी संवेदनाएं स्वीकार करें।”
चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि खामेनेई पर हमला ईरान की संप्रभुता और सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन है। यह यूएन चार्टर के मकसद और सिद्धांतों और इंटरनेशनल रिलेशन के बेसिक नियमों को रौंदता है। चीन इसका कड़ा विरोध करता है और इसकी कड़ी निंदा करता है। हम सैन्य ऑपरेशन को तुरंत रोकने, तनावपूर्ण स्थिति को और न बढ़ाने और मिडिल ईस्ट और पूरी दुनिया में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए मिलकर कोशिश करने की अपील करते हैं।
उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया, कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा है कि ईरान पर इजरायल के हमले और वहां अमेरिकी सैन्य अभियान गैरकानूनी हमले और राष्ट्रीय संप्रभुता का उल्लंघन हैं।
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा कि खामेनेई सरकार के बैलिस्टिक मिसाइल और न्यूक्लियर प्रोग्राम, हथियारबंद प्रॉक्सी को सपोर्ट और अपने ही लोगों के खिलाफ हिंसा और डराने-धमकाने के क्रूर कामों के लिए जिम्मेदार थे। वह ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर हमलों की प्लानिंग के लिए जिम्मेदार थे। उनकी मौत पर शोक नहीं मनाया जाएगा। ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि इस हमले में खामेनेई की बेटी, पोता और दामाद की भी मौत हो गई है।
--आईएएनएस
केके/वीसी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
अमेरिकी हमले की सिद्धारमैया ने की निंदा, अरब देशों में फंसे कन्नड़िगों की सुरक्षित वापसी का आश्वासन
शिवमोग्गा, 1 मार्च (आईएएनएस)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने ईरान पर अमेरिका के हमले को “अनुचित” बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि अरब देशों में फंसे कर्नाटक के लोगों (कन्नड़िगों) को सुरक्षित वापस लाने के लिए राज्य सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है।
शिवमोग्गा हवाईअड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विदेश मंत्रालय के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि मध्य-पूर्व के “युद्ध-प्रभावित” क्षेत्रों में फंसे कन्नड़िगों की सुरक्षा और वापसी सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने बताया कि बल्लारी जिले के करीब 30 लोग इस समय अरब देशों में फंसे हुए हैं और उन्हें वापस लाने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दुबई में रह रहे भारतीय सुरक्षित हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य सचिव और रेजिडेंट कमिश्नर के साथ बैठक कर अरब देशों में रह रहे कन्नड़िगों की सुरक्षा पर चर्चा की गई है। उन्होंने बताया कि दुबई हवाईअड्डा फिलहाल अस्थायी रूप से बंद है और उड़ान सेवाएं शुरू होते ही फंसे लोगों को भारत लाने की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि जनता दल (सेक्युलर) के विधान परिषद सदस्य एस. एल. भोजे गौड़ा, जो इस समय दुबई में हैं, ने फोन पर उनसे बात की और बताया कि वे सुरक्षित हैं तथा एक होटल में ठहरे हुए हैं।
अमेरिकी कार्रवाई की आलोचना करते हुए सिद्दारमैया ने कहा कि एक ओर अमेरिका शांति की बात करता है, वहीं दूसरी ओर युद्ध में शामिल होता है, जो उसका विरोधाभासी रुख दर्शाता है। उन्होंने ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामनेई के निधन पर भी शोक व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने दुबई में फंसे कन्नड़िगों से व्यक्तिगत रूप से बात की है और उन्हें भरोसा दिलाया है कि राज्य सरकार उनकी सुरक्षित वापसी के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है। मुख्य सचिव को विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि यह संतोषजनक है कि मध्य-पूर्व के देशों में रह रहे कन्नड़िगों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ले रखी है। उन्होंने लोगों से घबराने की जरूरत नहीं बताई और भरोसा दिलाया कि हर फंसे कन्नड़िग को सुरक्षित वापस लाने के प्रयास जारी रहेंगे।
बिजली दरों में अप्रैल से संभावित बढ़ोतरी के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल राज्य सरकार के समक्ष ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।
--आईएएनएस
डीएससी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation





















