Kyiv पर Russia missile attack में 17 लोगों की मौत, Zelenskyy ने मांगी और एयर डिफेंस सिस्टम
कीव, पांच अगस्त (एपी) यूक्रेन की राजधानी कीव और उसके आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार रातभर किए गए रूस के मिसाइल और ड्रोन हमलों में 17 लोगों की मौत हो गई तथा 44 अन्य लोग घायल हो गए। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बुधवार को यह जानकारी दी। रूस यूक्रेन के खिलाफ बड़े पैमाने पर लगातार बैलिस्टिक मिसाइल हमले कर रहा है।
इस साल गर्मियों से ऐसे हमले लगभग नियमित हो गए हैं। यूक्रेन के पास अमेरिका निर्मित ‘पैट्रियट’ प्रणालियों की मिसाइलों का सीमित भंडार है। उसके पास मौजूद हवाई रक्षा प्रणालियों में केवल ‘पैट्रियट’ ही बैलिस्टिक मिसाइलों को मार गिराने में सक्षम है।
रूस के हमलों में यूक्रेन की इसी कमजोरी का फायदा उठाया जा रहा है। जेलेंस्की ने अन्य देशों से और अधिक अवरोधक मिसाइलें भेजने की अपील की है। ईरान युद्ध के कारण इन मिसाइलों की उपलब्धता और कम हो गई है।
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘आज मारे गए लोगों की जान बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने वाली प्रणालियां ही बचा सकती थीं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारे साझेदारों के लिए यह समझना बहुत जरूरी है कि इनकी आपूर्ति में देरी या बैलिस्टिक मिसाइल रोधी प्रणालियां देने में अनिच्छा का सीधा नतीजा ऐसी भयावह जनहानि और तबाही के रूप में सामने आता है।’’ अमेरिका की अगुवाई वाले शांति प्रयासों में कोई प्रगति होती नहीं दिखने के बीच यूक्रेन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर बातचीत के लिए दबाव बनाने के उद्देश्य से तेल रिफाइनरियों जैसे प्रमुख रूसी स्थलों पर हमले तेज कर दिए हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बिना शर्त युद्धविराम का प्रस्ताव रखा था जिसे यूक्रेन ने स्वीकार कर लिया है लेकिन पुतिन ने इसे मानने से इनकार कर दिया है। रूस की सबसे बड़ी ऑनलाइन खुदरा कंपनी ‘वाइल्डबेरीज’ और तुला क्षेत्र के गवर्नर ने बताया कि यूक्रेन ने कंपनी के माल ढुलाई केंद्रों पर बुधवार को एक और हमला करते हुए मॉस्को के दक्षिण में तुला क्षेत्र स्थित उसके एक गोदाम को ड्रोन से निशाना बनाया।
यूक्रेन के आंकड़ों के अनुसार, तीन सप्ताह से भी कम समय में ‘वाइल्डबेरीज’ का यह 14वां गोदाम है, जिसमें आग लगी है। यूक्रेन का कहना है कि यह कंपनी ऐसे सामान उपलब्ध कराती है, जिनका इस्तेमाल रूसी सेना कर सकती है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी सेना ने रातभर में रूस के 16 क्षेत्रों के अलावा, क्रीमिया तथा आजोव सागर और काला सागर के ऊपर यूक्रेन के 475 ड्रोन मार गिराए।
यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि रूस ने 24 बैलिस्टिक मिसाइल, चार अन्य मिसाइल और 115 ड्रोन दागकर यूक्रेन को निशाना बनाया। उसने बताया कि चार अन्य मिसाइल की पहचान या तो हाइपरसोनिक ‘जिरकॉन’ या सुपरसोनिक ‘ओनिक्स’ मिसाइलों के रूप में की गई। कई ड्रोन जेट इंजन से संचालित थे।
जेलेंस्की ने कहा कि हमलों में आम नागरिकों के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के गोदामों, बुनियादी ढांचे और एक रेलवे स्टेशन को मुख्य रूप से निशाना बनाया गया। हालांकि, रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने सैन्य गतिविधियों में शामिल परिवहन, माल ढुलाई और वितरण केंद्रों को निशाना बनाया।
Imran Khan के समर्थकों का Pakistan में प्रदर्शन, पंजाब में 20 से अधिक कार्यकर्ता गिरफ्तार
एम जुल्करनैन लाहौर, पांच अगस्त पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की कैद के तीन साल पूरे होने पर उनके समर्थकों ने बुधवार को पुलिस की कार्रवाई के बावजूद देश के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन किया। पंजाब प्रांत में पुलिस ने इमरान खान की पार्टी ‘पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ’ (पीटीआई) के 20 से अधिक प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। क्रिकेट की दुनिया से राजनीति में आए 73-वर्षीय खान भ्रष्टाचार के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद पांच अगस्त, 2023 से जेल में हैं।
उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं और इनमें से कुछ मामलों में हुई सजाएं या तो निलंबित कर दी गई हैं या रद्द कर दी गई हैं। हालांकि, अन्य मामलों में मुकदमे लंबित होने के कारण वह अब भी जेल में हैं। खान की पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पाकिस्तान के चार प्रांतों में कई स्थानों पर रैलियां आयोजित करने के लिए अधिकारियों से अनुमति मांगी थी।
पंजाब, सिंध और बलूचिस्तान प्रांतों में हालांकि प्रदर्शन की इजाजत नहीं मिली, जिसके बाद पेशावर में आयोजित एक जनसभा पार्टी के अभियान का मुख्य केंद्र बन गई है, जिसमें मुख्य रूप से इमरान खान की रिहाई की मांग की गई। खान की कम से कम दो बहनों के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी पेशावर में जनसभा को संबोधित करने की संभावना है। इस प्रांत में उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ सत्ता में है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता शेख वकास अकरम ने कहा कि अन्य जगहों पर प्रदर्शन की इजाजत नहीं मिलने के बावजूद पार्टी नेतृत्व ने क्षेत्रीय इकाइयों में अपने कार्यकर्ताओं से रैलियां आयोजित करने को कहा। इसके बाद पुलिस ने सख्ती की और पंजाब में गिरफ्तारियां हुईं। अकरम ने कहा, ‘‘लेकिन हम उनके (खान के) लिए बाहर निकलेंगे।’’ पार्टी के वकील अबूजर सलमान नियाजी ने कहा, ‘‘पंजाब पुलिस ने इमरान खान के गृहनगर मियांवाली में उनकी रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे 20 से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।’’ अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संस्था ‘एमनेस्टी इंटरनेशनल’ की दक्षिण एशिया के लिए कार्यवाहक क्षेत्रीय निदेशक इसाबेल लासी ने कहा कि पाकिस्तान के अधिकारियों ने ‘‘इमरान खान को निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार से जानबूझकर वंचित रखा।
उन्हें लंबे समय तक एकांत कारावास में रखा तथा उनके इलाज एवं लोगों से मिलने-जुलने के अधिकारों को सीमित किया’’।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi














.jpg)




