तनाव, चिंता कम कर मन को शांत रखता यह आसन, छात्रों के लिए भी लाभदायी
नई दिल्ली, 20 फरवरी (आईएएनएस)। आज की भागदौड़ भरी और अनियमित जीवनशैली न केवल शरीर को थका रही है, बल्कि दिमाग पर भी भारी पड़ रही है। तनाव, एकाग्रता की कमी, कमर दर्द और कई शारीरिक समस्याएं आम हो गई हैं। ऐसे में योगासन के रोजाना अभ्यास से इन परेशानियों से छुटकारा या काफी राहत मिल सकती है।
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा प्रमोटेड गोरक्षासन या काउहर्ड पोज ऐसा ही एक प्रभावी आसन है, जो तन और मन दोनों को मजबूत बनाता है।
आयुष मंत्रालय के अनुसार, गोरक्षासन न केवल शरीर को लचीला बनाता है, बल्कि एकाग्रता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस आसन के नियमित अभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य में सुधार आता है। यह खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जो लंबे समय तक बैठकर काम करते हैं या तनाव से जूझ रहे हैं।
गोरक्षासन के अभ्यास से शरीर को एक-दो नहीं बल्कि कई लाभ मिलते हैं। यह शरीर के लचीलापन को बढ़ाता है, खासकर कूल्हों, घुटनों और टखनों में। एकाग्रता और ध्यान केंद्रित करने की क्षमता में सुधार करता है, जो छात्रों के लिए खासतौर पर लाभदायी है।
यह रीढ़ की हड्डी को मजबूत और सीधी रखने में मदद करता है। पाचन तंत्र को बेहतर बनाता है और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत देता है। गोरक्षासन तनाव, चिंता कम करता है और मन को शांत रखता है। यही नहीं यह मूत्र संबंधी विकारों में लाभकारी माना जाता है और रक्त संचार को सुचारू बनाता है।
एक्सपर्ट के अनुसार, गोरक्षासन के लिए सबसे पहले जमीन पर दंडासन की मुद्रा में बैठें। दोनों पैरों को मोड़ें और तलवों को आपस में जोड़ते हुए घुटनों को जितना संभव हो जमीन की ओर नीचे दबाएं ताकि फर्श को स्पर्श कर सकें। रीढ़ की हड्डी और गर्दन को पूरी तरह सीधा रखें, कंधे ढीले छोड़ दें। सामान्य तरीके से सांस लेते हुए इस मुद्रा में जितनी देर तक आराम से रह सकें रहें। अभ्यास पूरा होने पर धीरे-धीरे पैर सीधे करके आराम की मुद्रा में लौट आएं।
इस अभ्यास को लेकर सावधानियां बरतनी भी जरूरी है। गंभीर घुटने, कूल्हे या कमर की समस्या वाले लोग डॉक्टर या योग विशेषज्ञ की सलाह से ही अभ्यास करें। गर्भवती महिलाओं को भी सावधानी बरतनी चाहिए। सुबह खाली पेट अभ्यास करने की सलाह एक्सपर्ट देते हैं।
--आईएएनएस
एमटी/एएस
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच शेयर बाजार की सपाट शुरुआत, डिफेंस स्टॉक्स ने संभाला मोर्चा
मुंबई, 20 फरवरी (आईएएनएस)। कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार के कारोबारी सत्र में सपाट खुला। सुबह 9:24 पर सेंसेक्स 17 अंक की मामूली कमजोरी के साथ 82,434 और निफ्टी 10 अंक की कमजोरी के साथ 25,444 पर था।
शुरुआती कारोबार में बाजार को संभालने का काम डिफेंस और पीएसयू बैंक कर रहे थे। सूचकांकों में निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी एनर्जी, निफ्टी पीएसई, निफ्टी प्राइवेट बैंक और निफ्टी मेटल गेनर्स थे।
दूसरी तरफ निफ्टी आईटी, निफ्टी मीडिया, निफ्टी फार्मा, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी हेल्थकेयर और निफ्टी ऑटो में दबाव के साथ कारोबार हो रहा था।
मिडकैप और स्मॉलकैप में दबाव के साथ कारोबार हो रहा था। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 47 अंक की कमजोरी के साथ 59,180 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 57 अंक की गिरावट के साथ 16,963 पर था।
सेंसेक्स पैक में एलएंडटी, बीईएल, एनटीपीसी, एचयूएल, टाइटन, एक्सिस बैंक, पावर ग्रिड और अदाणी पोर्ट्स टॉप गेनर्स थे। इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, इटरनल, एचसीएल टेक, भारती एयरटेल, एमएंडएम, एशियन पेंट्स और अल्ट्राटेक सीमेंट टॉप लूजर्स थे।
ज्यादातर वैश्विक बाजारों में लाल निशान में कारोबार हो रहा है। टोक्यो, हांगकांग, जकार्ता और बैंकॉक लाल निशान में थे, जबकि सोल हरे निशान में था। अमेरिका के शेयर बाजार गुरुवार को गिरावट के बंद हुए थे।
जानकारों के मुताबिक, बाजार में गिरावट की वजह अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता संघर्ष है, जिसके कारण वैश्विक बाजारों में भी दबाव देखा जा रहा है।
दूसरी तरफ, इसके कारण कच्चे तेल की कीमतों में मजबूती बनी हुई है। खबर लिखे जाने तक ब्रेंट क्रूड 0.21 प्रतिशत की तेजी के साथ 71.81 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड 0.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 66.56 डॉलर प्रति बैरल पर था।
इससे अतिरिक्त, गुरुवार को विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) 880.49 करोड़ रुपए की बिकवाली के साथ शुद्ध विक्रेता थे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशक (डीआईआई) भी 596.28 करोड़ रुपए की बिकवाली के साथ शुद्ध विक्रेता थे।
--आईएएनएस
एबीएस/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation























