टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग से बॉलीवुड में दहशत:अमाल मलिक ने पूछा- उन्हें क्यों निशाना बनाया, शत्रुघ्न सिन्हा और राहुल ढोलकिया ने उठाए सवाल
मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग से फिल्म इंडस्ट्री में दहशत का माहौल है। टाइगर इस घटना में बाल-बाल बच गए, जबकि उनके ड्राइवर समेत दो लोग घायल हुए हैं। म्यूजिक कंपोजर अमाल मलिक ने सवाल उठाया कि आखिर टाइगर को निशाना क्यों बनाया गया। वहीं, भाजपा सांसद और एक्टर रवि किशन ने इसे गंभीर चिंता का विषय बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। शत्रुघ्न सिन्हा, राहुल ढोलकिया, रणवीर शौरी और सिंगर मीका सिंह ने भी इस घटना पर नाराजगी जताई है। अमाल मलिक बोले- टाइगर को क्यों निशाना बनाया? म्यूजिक कंपोजर और सिंगर अमाल मलिक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर टाइगर श्रॉफ के समर्थन में पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि टाइगर ने अपनी पहली फिल्म से लेकर अब तक हर पीढ़ी का मनोरंजन किया है। अमाल ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि ऐसे शख्स को इस घटना से क्यों गुजरना पड़ रहा है, जिसने जानबूझकर कभी किसी का बुरा नहीं किया। अमाल ने टाइगर को अपना भाई बताते हुए उन्हें अपना ख्याल रखने की सलाह दी। उन्होंने लिखा कि वह हमेशा उनके साथ हैं और इस वक्त उन्हें अपने परिवार के साथ खड़े रहना चाहिए। अमाल ने मुंबई के हालात पर सवाल उठाते हुए मुंबई पुलिस, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से टाइगर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील भी की। रवि किशन बोले- आरोपियों को मिले कड़ी सजा भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन ने टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना को बेहद दुखद और गंभीर बताया। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह चिंता का विषय है और मामले की पूरी जांच होनी चाहिए। रवि किशन ने कहा कि उन्हें महाराष्ट्र पुलिस पर पूरा भरोसा है। जांच के बाद जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने टाइगर को मासूम इंसान बताते हुए उनके सुरक्षित रहने की प्रार्थना भी की। रवि किशन ने भरोसा जताया कि महाराष्ट्र पुलिस और राज्य सरकार इस मामले में कार्रवाई कर रही हैं और जल्द ही जिम्मेदार लोगों को पकड़ा जाएगा। शत्रुघ्न सिन्हा ने पूछा- आखिर हो क्या रहा है? दिग्गज अभिनेता और राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भी इस घटना पर चिंता जाहिर की। उन्होंने X पर पोस्ट कर लिखा कि टाइगर श्रॉफ पर हमले, धमकियों और फायरिंग की खबर बेहद चौंकाने वाली और चिंताजनक है। शत्रुघ्न ने कहा कि टाइगर इस घटना में सुरक्षित बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर को गंभीर चोटें आईं। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को टैग करते हुए इस मामले पर चिंता जताई। उनकी पोस्ट से साफ है कि वह फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर हैं और इस घटना पर ठोस कार्रवाई चाहते हैं। राहुल ढोलकिया ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल फिल्ममेकर राहुल ढोलकिया ने इस घटना को लेकर मुंबई की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने X पर पोस्ट कर पूछा कि आखिर शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति क्या है। राहुल ने अपनी पोस्ट में लिखा कि जहां निर्दोष लोगों को जेल भेजा जाता है, वहीं अपराधी खुलेआम सड़कों पर लोगों पर गोली चलाते हैं। उन्होंने जेल में बंद गैंगस्टरों की ओर से बॉलीवुड को धमकियां दिए जाने और ऐसी घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को टैग करते हुए पूछा कि मुंबई, जुहू और वहां रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए जवाबदेह कौन है। मीका सिंह बोले- सरकार इस मामले को गंभीरता से ले सिंगर मीका सिंह ने भी टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के बाद मुंबई में लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो और पोस्ट के जरिए सरकार से इस मामले को गंभीरता से लेने की अपील की। मीका ने कहा कि मुंबई को हमेशा देश के सबसे सुरक्षित शहरों में गिना जाता रहा है। यहां लोग, खासकर महिलाएं, देर रात भी आने-जाने और काम करने में सहज महसूस करते रहे हैं। लेकिन इस घटना ने सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपने ही शहर की सड़कों पर डर के माहौल में नहीं रहना चाहिए। सरकार और संबंधित अधिकारियों को जवाबदेही तय करते हुए सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। मीका ने टाइगर के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। रणवीर शौरी ने जताया गुस्सा एक्टर रणवीर शौरी ने भी फायरिंग की घटना पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने X पर इसे चौंकाने वाला और घिनौना बताया। रणवीर ने टाइगर श्रॉफ और उनके पिता जैकी श्रॉफ की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और मुंबई पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। रवि दुबे बोले- सुरक्षा में बड़ी चूक एक्टर रवि दुबे ने भी टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना पर चिंता जताई है। वह टाइगर के पड़ोसी हैं और घटना के बाद उनका हालचाल जानने के लिए उनके घर पहुंचे। रवि दुबे ने इसे सुरक्षा में बड़ी चूक बताते हुए कहा कि टाइगर सुरक्षित हैं, यह राहत की बात है, लेकिन उनके ड्राइवर को चोट आई है। उन्होंने ड्राइवर के जल्द ठीक होने की कामना की और कहा कि इस घटना को अंजाम देने वालों को सजा मिलनी चाहिए। रवि दुबे ने कहा कि इस घटना के बाद इलाके में रहने वाले लोग भी सहमे हुए हैं और अब उन्हें ज्यादा सतर्क रहना होगा। क्या है पूरा मामला? रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई। बताया गया कि टाइगर फुटबॉल मैच खेलने के बाद पुष्पा पार्क के पास से अपनी कार में निकल रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की। इस घटना में टाइगर को गोली लगने की चोट नहीं आई, लेकिन उनके ड्राइवर समेत दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कीं। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। पोस्ट में सलमान खान के साथ काम करने वाले फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को भी धमकी दिए जाने की बात कही गई। इस घटना ने एक बार फिर मुंबई में फिल्मी सितारों की सुरक्षा और गैंगस्टरों की कथित धमकियों को लेकर बहस तेज कर दी है। फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने पुलिस और सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
क्रिकेटर नवीन बोले- गंभीर से बातचीत के बाद सोच बदली:इंजरी पर अफसोस करने का फायदा नहीं; भारत के खिलाफ मैच से पहले चोटिल हुए
अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज नवीन-उल-हक ने कहा है कि इंजरी पर अफसोस करने का कोई फायदा नहीं है। उन्होंने बताया कि भारतीय कोच गौतम गंभीर से हुई बातचीत ने उन्हें मुश्किल दौर से उबरने में मदद की। भारत के खिलाफ सितंबर में हुई टी-20 सीरीज के पहले मैच में टॉस से 20 मिनट पहले उनके कंधे की चोट फिर उभर आई थी। इसकी वजह से वे मैच नही खेल सके। तब नवीन 9 महीने की रिहैबिलिटेशन के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करने वाले थे। नवीन ने क्रिकबज से बातचीत में कहा कि अब उनका पूरा ध्यान फिटनेस हासिल करने पर है। वह जल्दबाजी में वापसी नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा कि वे तभी खेलेंगे, जब उन्हें अपने कंधे पर पूरा भरोसा होगा। नवीन ने कहा- गंभीर से 20-25 मिनट बातचीत ने नजरिया बदला नवीन ने बताया कि भारत के खिलाफ तीसरे टी-20 के बाद वह मैदान पर अकेले बैठे थे। तभी गौतम गंभीर ने उनसे चोट और मैच नहीं खेलने की वजह पूछी। गंभीर IPL में लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ उनके कोच रह चुके हैं। नवीन के मुताबिक, बातचीत के दौरान उन्होंने गंभीर को बताया कि लंबे समय तक मेहनत करने के बाद दोबारा चोटिल होना उन्हें मानसिक रूप से कितना प्रभावित कर रहा था। करीब 20-25 मिनट की इस बातचीत से उन्हें अपनी परेशानियों में उलझे रहने के बजाय दोबारा आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। कंधे की चोट के कारण टी-20 वर्ल्ड कप भी नहीं खेले नवीन दिसंबर 2025 के बाद से कोई प्रोफेशनल क्रिकेट नहीं खेले हैं। दाएं कंधे में स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण वह इस साल टी-20 वर्ल्ड कप से भी बाहर रहे। फ्रैक्चर 8 से 10 सप्ताह में ठीक हो गया था, लेकिन इसके बाद रिकवरी लंबी चली। कंधे के लैब्रम की मरम्मत के लिए उन्हें दूसरी सर्जरी भी करानी पड़ी। कंधे के कैप्सूल को कसने की जरूरत के कारण वापसी में और समय लगा। नवीन ने कहा कि लगातार राष्ट्रीय टीम और अलग-अलग लीग में खेलने के बाद अचानक जिम और फिजियोथेरेपी तक सीमित हो जाना उनके लिए मुश्किल था। 34-35 साल तक खेलना चाहते हैं नवीन का मानना है कि उनके पास उच्च स्तर पर क्रिकेट खेलने के लिए अभी 7-8 साल हैं। उन्होंने कहा कि अगले 6-7 साल तक अच्छा क्रिकेट खेलने के लिए उन्हें मेहनत करनी होगी और मुश्किलों का सामना करना होगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह इंटरनेशनल टीम में जगह या प्लेइंग-11 में वापसी को लेकर नहीं सोच रहे। उन्हें अपनी स्किल पर भरोसा है और पूरी फिटनेस हासिल करने के बाद वह मैदान पर अपना प्रदर्शन दिखाना चाहते हैं। फिटनेस पर पूरा भरोसा होने पर ही लौटेंगे नवीन ने वापसी के लिए कोई समयसीमा तय नहीं की है। वह रिहैबिलिटेशन, स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और गेंदबाजी की तैयारी जारी रखेंगे। उनके मुताबिक, क्रिकेट में लौटने से पहले उन्हें अपनी फिटनेस और कंधे को लेकर 100-120% भरोसा चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर अफगानिस्तान की टीम में जगह नहीं मिलती, तो भी यह करियर का अंत नहीं होगा। लीग क्रिकेट में प्रदर्शन करने के मौके मौजूद हैं। नवीन ने कहा कि जीवन ने उन्हें सिखाया है कि एक दिन शानदार प्रदर्शन हो सकता है और अगले दिन खराब। इसलिए उतार-चढ़ाव के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others








