Gandhinagar की प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी भीषण आग, काबू पाने में जुटी IAF टीम
गुजरात के गांधीनगर जिले के कलोल तालुका में शनिवार सुबह प्लास्टिक बनाने वाली एक इकाई में भीषण आग लग गई। आग बुझाने का काम आठ घंटे से अधिक समय बाद भी जारी था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। कलोल के प्रभारी दमकल अधिकारी असलम चौहान ने बताया कि मोटी भोयान गांव स्थित सिंघल इंडस्ट्रीज में सुबह करीब 11 बजे आग लगी। चौहान ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “आग बुझाने के प्रयास जारी हैं।
इस अभियान में कड़ी, अहमदाबाद, गांधीनगर, कलोल और मानसा से अग्निशमन कर्मी तथा दमकल वाहन लगाए गए हैं। भारतीय वायु सेना के कर्मी भी अभियान में जुटे हैं। आठ घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है।” कलोल के पुलिस उपाधीक्षक आर एम सरोदे ने कहा कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि कारखाने में बड़ी मात्रा में पॉलिमर और विलायक (सॉल्वेंट) रखे होने के कारण आग बुझाने में मुश्किल आ रही है।
Dushyant Gautam को Sikkim का राज्यपाल बनाने के फैसले के साथ खड़ी हुई पार्टी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सिक्किम इकाई ने दुष्यंत कुमार गौतम को राज्य का नया राज्यपाल नियुक्त किए जाने के फैसले का शनिवार को समर्थन किया। साथ ही भाजपा ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच स्वतंत्र रूप से आगे बढ़नी चाहिए। भाजपा का यह बयान ऐसे समय आया है, जब विपक्षी दल आरोप लगा रहे हैं कि पार्टी के वरिष्ठ नेता दुष्यंत कुमार गौतम ही वह ‘वीआईपी’ थे, जिन्होंने 2022 में हत्या से पहले उत्तराखंड के एक होटल में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता भंडारी से अनुचित मांगें की थीं।
भाजपा ने कहा कि हत्याकांड की जांच को पूर्वाग्रह से ग्रसित या राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए तथा कानून के शासन और न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करने का आह्वान किया। पार्टी द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि वह इस मामले में हुए नवीनतम घटनाक्रम से अवगत है, जिसमें केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार को अंकिता के माता-पिता से मुलाकात कर उन्हें निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया था। वर्तमान में सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है।
पार्टी ने कहा, हम अंकिता भंडारी के परिवार के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त करते हैं और सत्य व न्याय के लिए उनके निरंतर संघर्ष को स्वीकार करते हैं, पार्टी ने यह भी कहा कि अपनी संतान को खो चुके माता-पिता की चिंताओं का समाधान सहानुभूति, गरिमा और गंभीरता के साथ किया जाना चाहिए।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









