ऑस्ट्रेलियाई बैटर स्मिथ के सिर की चोट दोबारा जांची जाएगी:डरबन टेस्ट के चौथे दिन बाउंसर लगी थी, मैदान पर नहीं उतरे थे
ऑस्ट्रेलियाई बैटर स्टीव स्मिथ को साउथ अफ्रीका के खिलाफ डरबन टेस्ट के चौथे दिन हेलमेट पर गेंद लगी। इसके बाद वे ऑस्ट्रेलिया की ओर से मैदान पर नहीं उतरे। क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू के अनुसार ऑस्ट्रेलिया के उपकप्तान स्मिथ की अगले 24 घंटे में दोबारा जांच होगी। वे जांच में पास हुए तो मैच के आखिरी दिन मैदान पर उतरेंगे। मैच में ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 421 रन का टारगेट दिया है। स्मिथ की कन्कशन जांच हुई थी, जिसमें उन्हें बल्लेबाजी जारी रखने की अनुमति मिली थी। नॉर्त्या की बाउंसर सिर पर लगी, हेलमेट टूटा स्मिथ ने एनरिक नॉर्त्या की शॉर्ट गेंद से बचने की कोशिश की थी। गेंद उनकी उम्मीद के मुताबिक ऊपर नहीं उठी और हेलमेट से टकराकर फाइन लेग की ओर चली गई। स्मिथ और मार्नस लाबुशेन ने इस गेंद पर लेग बाई का एक रन लिया। गेंद लगने से स्मिथ के हेलमेट पर निशान पड़ गया। इसके बाद फिजियो अनिवार्य कन्कशन जांच के लिए मैदान पर पहुंचे। जांच में खेलने की मंजूरी मिलने के बावजूद स्मिथ मैदान पर नजर नहीं आए। अगर वे कन्कशन जांच में पास होते हैं, तो ऑस्ट्रेलिया तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त लेने की कोशिश जारी रखेगा। आखिरी दिन का खेलना कन्कशन टेस्ट पर निर्भर होगा अगर स्मिथ को कन्कशन होता है, तो वह डरबन टेस्ट के बाकी हिस्से से बाहर हो जाएंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के नियमों के अनुसार कन्कशन की पुष्टि होने पर खिलाड़ी को कम से कम 24 घंटे आराम करना होता है। इसके बाद क्रिकेट से जुड़ी गतिविधियों में वापसी के लिए मेडिकल अधिकारी की मंजूरी जरूरी होती है। साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टेस्ट 18 अक्टूबर से गेकबेर्हा में शुरू होगा। 2019 में भी चोटिल हुए थे स्मिथ, आर्चर की बॉल लगी थी स्मिथ को इससे पहले 2019 एशेज सीरीज के दौरान कन्कशन हुआ था। तब जोफ्रा आर्चर की तेज गेंद उनके हेलमेट पर लगी थी। उस समय स्मिथ ने मैदान पर कन्कशन टेस्ट पास किया था। बाद में उन्हें उसी मैच से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद मार्नस लाबुशेन ने टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था। ---------------------------------------------------- डरबन टेस्ट से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… ऑस्ट्रेलिया जीत से 6 विकेट दूर, साउथ अफ्रीका का स्कोर-102/4 ऑस्ट्रेलिया पहले टेस्ट में साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीत से 6 विकेट दूर है। डरबन में चौथे दिन स्टंप्स तक साउथ अफ्रीका ने दूसरी पारी में 4 विकेट पर 102 रन बनाए हैं। टीम को जीत के लिए अभी 319 रन की जरूरत है। पढ़ें पूरी खबर
टीम इंडिया के पूर्व फील्डिंग कोच श्रीधर की चेतावनी:न्यूजीलैंड की ठंड और हवा से फील्डिंग कठिन होगी, 22 अक्टूबर से सीरीज
टीम इंडिया के पूर्व फील्डिंग कोच आर. श्रीधर ने चेतावनी दी है कि न्यूजीलैंड दौरे पर भारत की फील्डिंग कमजोरियां बढ़ सकती हैं। श्रीधर ने कहा- ‘ठंड और तेज हवा के बीच फील्डिंग मुश्किल होगी। इसके लिए खिलाड़ियों को मुश्किल परिस्थितियों में खुद को ढालना होगा।’ भारत का न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्टूबर को हेग्ले ओवल में पहले T20I से शुरू होगा। इसके बाद 4 नवंबर से ODI सीरीज और 19 नवंबर से वेलिंगटन में टेस्ट सीरीज शुरू होगी। कैच छूटने से चिंतित हैं भारतीय कोच श्रीधर भारतीय टीम के कैच छोड़ने की समस्या से चिंतित हैं। उन्होंने फील्डिंग में एक टीम कल्चर बनाने की जरूरत बताई। भारत ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में अपनी पहचान बनाई है, लेकिन कैच छोड़ने और मौके गंवाने की समस्या लगातार बनी हुई है। श्रीधर ने सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क की ओर से आयोजित वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘मुझे लगता है कि हमारे फील्डरों को ढलना होगा। जैसा कि आप जानते हैं, एल नीनो, सुपर एल नीनो के कारण इस साल भारत में अक्टूबर बहुत गर्म रहा है।’ उन्होंने कहा, 'हमारे फील्डरों, गेंदबाजों और बल्लेबाजों को काफी बदलाव के लिए तैयार रहना होगा। वेलिंगटन में हवा, क्राइस्टचर्च में ठंड बड़ी परेशानी होगी न्यूजीलैंड की परिस्थितियां फील्डरों के लिए मुश्किल हो सकती हैं। वेलिंगटन तेज हवाओं के लिए जाना जाता है। जबकि, क्राइस्टचर्च में वसंत के दौरान सुबह और शाम ठंडी हो सकती हैं। श्रीधर ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों को ठंड के कारण गेंद पकड़ने में परेशानी न हो। इसके लिए हाथों को गर्म रखना होगा।खासकर वेलिंगटन में, जहां बहुत तेज हवा चल सकती है, ऊंचे कैच हमेशा चुनौती बन सकते हैं।' उन्होंने कहा- अगर आप क्राइस्टचर्च में हैं, तो हेग्ले ओवल एक शानदार, हरा-भरा क्रिकेट मैदान है और वहां बहुत ठंड हो सकती है।' ---------------------------------------------
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 









