नई दिल्ली: एफएसएसएआई का रेडिसन ब्लू होटल को सुधार नोटिस, खाद्य सुरक्षा में गंभीर खामियां उजागर
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने नई दिल्ली के प्रतिष्ठित होटल मेसर्स एबी होटल्स लिमिटेड (रेडिसन ब्लू होटल) को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का पालन न करने पर इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया है। निरीक्षण के दौरान होटल की रसोई और परिसर में कई गंभीर खामियां पाई गईं।
एफएसएसएआई की जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट में 7 प्रमुख बिंदुओं का उल्लेख किया है, जो खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करते हैं।
पहला, परिसर और उपकरणों का रखरखाव बहुत खराब स्थिति में पाया गया। निरीक्षण में जंग लगी मशीनरी, फ्रीजर से पानी का रिसाव, रेफ्रिजरेशन सिस्टम में कमी, तापमान की निगरानी न होना, वेंटिलेशन, फर्श और लाइटिंग व्यवस्था में खामियां देखी गईं।
दूसरा, सफाई और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था अपर्याप्त पाई गई। परिसर में रुका हुआ पानी, ड्रेनेज सिस्टम की खराबी और कचरा निस्तारण की समस्या मिली। साथ ही कीट नियंत्रण में भी भारी लापरवाही देखी गई, जिसमें रसोई क्षेत्र में कॉकरोच और मक्खियों की मौजूदगी पाई गई।
तीसरा, खाद्य सामग्री की खरीद और उसकी जांच की व्यवस्था भी मानकों पर खरी नहीं उतरी। जांच में फफूंद लगे और सड़े हुए फल-सब्जियों का उपयोग होता पाया गया। इसके अलावा अप्रूव्ड वेंडर रिकॉर्ड और खाद्य सामग्री की ट्रेसेबिलिटी में भी कमी दर्ज की गई।
चौथा और सबसे गंभीर मामला कुकिंग ऑयल को लेकर है। एफएसएसएआई के अनुसार कुकिंग ऑयल की उपयुक्तता जांच नहीं की जा रही थी। होटल के एनवाईसी किचन में टीपीसी वैल्यू 31 और 24.4 वाले तेल का उपयोग होता पाया गया, जो तय मानक से काफी अधिक है। ऐसा तेल स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक माना जाता है।
पांचवां, खाद्य पदार्थों के भंडारण में भी लापरवाही बरती जा रही थी। कच्चे और पके हुए भोजन, शाकाहारी और मांसाहारी भोजन, एलर्जेनिक और नॉन-एलर्जेनिक खाद्य पदार्थों को अलग-अलग नहीं रखा गया था। साथ ही खाद्य और गैर-खाद्य वस्तुओं को भी एक साथ रखा गया था। फूड हैंडलर्स बिना ग्लव्स और हेयरनेट के, ज्वेलरी पहने और लंबे नाखूनों के साथ काम करते पाए गए, जो स्वच्छता नियमों का सीधा उल्लंघन है।
छठा, एफएसएसएआई लाइसेंस परिसर में प्रमुखता से प्रदर्शित नहीं किया गया था और लाइसेंस की शर्तों के अनुपालन में भी कमियां पाई गईं।
एफएसएसएआई ने अंतिम बिंदु में होटल प्रबंधन (एफबीओ) को तत्काल सुधारात्मक उपाय करने का निर्देश दिया है। साथ ही सहायक दस्तावेजी और फोटोग्राफिक साक्ष्य के साथ विस्तृत कार्रवाई की रिपोर्ट (एटीआर) प्रस्तुत करने को कहा है। प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि अनुपालन में विफलता पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, जिसमें एफएसएसएआई लाइसेंस का निलंबन भी शामिल हो सकता है।
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
एफएसएसएआई ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर रैडिसन ब्लू दिल्ली के संचालक, फ्लिपकार्ट और बिगबास्केट को जारी किए नोटिस
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। खाद्य नियामक भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने शुक्रवार को बताया कि उसने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर राष्ट्रीय राजधानी में एक रेडिसन ब्लू होटल के संचालक और ई-कॉमर्स कंपनियों फ्लिपकार्ट तथा बिगबास्केट को नोटिस जारी किए हैं।
नई दिल्ली में रेडिसन ब्लू होटल चलाने वाली एबी होटल्स को दिए नोटिस में एफएसएसएआई ने कहा कि परिसर और उपकरणों का रखरखाव खराब पाया गया। इसमें जंग लगी मशीनरी, फ्रीजर से रिसाव और रेफ्रिजरेशन, तापमान की निगरानी, वेंटिलेशन, फर्श और लाइटिंग में कमियां शामिल थीं।
इसमें अपर्याप्त सफाई और स्वच्छता, रुके हुए पानी, जल निकासी और खाद्य अपशिष्ट संबंधी समस्याएं, साथ ही तिलचट्टे और मक्खियों की मौजूदगी सहित कीट नियंत्रण में कमियां पाई गईं।
नियामक ने कहा कि खाद्य पदार्थों की खरीद और प्राप्ति की जांच अपर्याप्त पाई गई, जिसमें फफूंद से प्रभावित और खराब हो चुके फल और सब्जियां प्राप्त होना, अनुमोदित विक्रेताओं के रिकॉर्ड और ट्रेसबिलिटी में कमियां शामिल हैं।
एफएसएसएआई ने यह भी बताया कि खाना पकाने वाले तेल की उपयुक्तता की जांच नियमानुसार नहीं की गई थी, और एनवाईसी किचन में ऐसे तेल का इस्तेमाल हो रहा था, जिनका टीपीसी मान 31 और 24.4 था।
जांच में पाया गया कि कच्चे और पके हुए खाने, शाकाहारी और मांसाहारी चीजों को सही ढंग से अलग-अलग नहीं रखा गया था। साथ ही, खाना बनाने वाले कर्मचारी बिना दस्ताने और हेयरनेट पहने काम कर रहे थे और उन्होंने गहने पहन रखे थे तथा उनके नाखून भी लंबे थे।
एफएसएसएआई ने ऑपरेटर को तुरंत सुधार के कदम उठाने और एक विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) जमा करने का निर्देश दिया है। ऐसा न करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें एफएसएसएआई लाइसेंस को सस्पेंड करना भी शामिल है।
एक अलग नोटिस में, एफएसएसएआई ने फ्रीडम कुकिंग राइस ब्रैन ऑयल के बारे में भ्रामक दावे करने के लिए जेमिनी एडिबल्स एंड फैट्स इंडिया लिमिटेड, इनोवेटिव रिटेल कॉन्सेप्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (बिगबास्केट) और फ्लिपकार्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को नोटिस जारी किया है।
नियामक ने बताया कि इस प्रोडक्ट का प्रचार ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया पर ऐसे दावों के साथ किया जा रहा था, जैसे कि यह खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करता है और अच्छे कोलेस्ट्रॉल को बनाए रखता है या बढ़ाता है और इसमें 10,000प्लस पीपीएम नेचुरल ओरिजानोल है। इन दावों के जरिए इसके सेवन को कोलेस्ट्रॉल मैनेजमेंट और हृदय स्वास्थ्य से जोड़ा जा रहा था।
नियामक के अनुसार, एडवरटाइजिंग एंड क्लेम्स रेगुलेशंस, 2018 के तहत खाद्य वनस्पति तेलों के लिए इस तरह के दावे करने की अनुमति नहीं है। इसके अलावा, जेमिनी एडिबल्स अपनी ई-कॉमर्स वेबसाइट के जरिए ऐसे प्रोडक्ट बेच रही थी, जबकि उसके पास ई-कॉमर्स गतिविधियों के लिए कोई वैध सेंट्रल लाइसेंस नहीं था।
संबंधित कंपनियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और उनसे पूछा गया है कि उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए।
एक अन्य कार्रवाई में, नियामक ने डीएनवी फूड प्रोडक्ट्स लिमिटेड का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। जांच में पाया गया कि वहां खाद्य पदार्थों का निर्माण, पैकिंग और भंडारण बहुत ही अस्वच्छ परिस्थितियों में किया जा रहा था। वहां मक्खियां थीं, पानी जमा था और जाले लगे हुए थे; यहां तक कि पापड़ के ऊपर एक मक्खी भी बैठी हुई मिली।
--आईएएनएस
एबीएस/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation









