बैतूल में तेंदुए की दस्तक, राहगीर ने कैमरा में कैद किया वीडियो, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
बैतूल जिले के पश्चिमी वन मंडल क्षेत्र में तेंदुए की दस्तक देखने को मिली है। दरअसल, यहां के भीमपुर ब्लॉक में तेंदुआ सड़क पार करता हुआ दिखाई दिया। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जो वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने बनाया है।
वीडियो सामने आने और तेंदुए की दस्तक की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की ओर से क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। लोगों से सावधान रहने को कहा जा रहा है। तेंदुआ दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचित करने और उसे दूर रहने की सलाह दी गई है।
बैतूल में दिखा तेंदुआ
जानकारी के मुताबिक एक सरकारी कर्मचारी अपनी पंचायत से जब भीमपुर की तरफ आ रहे थे। उसी समय एक तेंदुआ सड़क पार करता हुआ दिखाई दिया। तभी कर्मचारियों ने वीडियो अपने कैमरा में कैद कर लिया। यह पूरा मामला भूरापानी जोड़ के पास का बताया जा रहा है।
दो दिन से मिल रही थी जानकारी
वन विभाग चिचोली के रेंजर शैलेंद्र चौरसिया द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक पिछले दो दिनों से उन्हें नांदा के पास तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिल रही है। यह पहली बार नहीं है जब इस क्षेत्र में तेंदुआ देखा गया। इसके पहले भी यहां तेंदुए की मौजूदगी दर्ज की गई है। वन विभाग की ओर से कर्मचारियों को वाहन से पूरे क्षेत्र में गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
वन विभाग ने कराई मुनादी
तेंदुए की मौजूदगी की जानकारी लगने के बाद वन विभाग ने आसपास के सभी गांव में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने को कहा है। यह कहा गया है कि जंगल या सड़क के आसपास अगर तेंदुआ दिखाई देता है तो उसके करीब जाने की कोशिश बिल्कुल नहीं करनी है। फोटो वीडियो लेने की कोशिश में तेंदुआ हिंसक कदम उठा सकता है। जैसे ही तेंदुआ दिखाई दे उससे सुरक्षित दूरी बनाकर तुरंत पर विभाग को सूचित करने को कहा गया है।
मुरैना दौरे पर आज CM मोहन यादव, उद्यमियों से करेंगे संवाद, जिला सलाहकार समिति की बैठक और सीएम समाधान कार्यक्रम में लेंगे हिस्सा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शुक्रवार 16 अक्टूबर को जन विश्वास अभियान-2026 के तहत मुरैना पहुंचेंगे। वहीं अपने एक दिवसीय दौरे में वे जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र और शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण करेंगे। साथ ही स्कूल में विद्यार्थियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी लेंगे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट में उद्यम संवाद, जिला सलाहकार समिति की बैठक, यशस्वी संवाद और सीएम समाधान कार्यक्रम में शामिल होंगे। बता दें उनका दोपहर 12:15 बजे मुरैना पहुंचने का कार्यक्रम तय है।
भोपाल से ग्वालियर होते हुए मुरैना पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
वहीं निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 11 बजे भोपाल के स्टेट हैंगर से विमान से रवाना होंगे। सुबह 11:45 बजे वे ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद 11:55 बजे हेलीकॉप्टर से मुरैना के लिए रवाना होंगे और दोपहर 12:15 बजे मुरैना हेलीपैड पर उतरेंगे। मुरैना पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री का पहला कार्यक्रम जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण करना है। वे दोपहर 12:25 बजे केंद्र पहुंचेंगे। यहां व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद दोपहर 12:55 बजे शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जाएंगे। स्कूल में वे पढ़ाई और दूसरी व्यवस्थाओं को देखेंगे और विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे।
जिला सलाहकार समिति की बैठक
दरअसल स्कूल निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:30 बजे कलेक्ट्रेट में उद्यम संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके जरिए वे उद्यमियों से चर्चा करेंगे। इसके बाद दोपहर 2:20 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सलाहकार समिति की बैठक लेंगे। दौरे के अगले चरण में दोपहर 3 बजे एनआईसी कक्ष में यशस्वी संवाद कार्यक्रम होगा। वहीं दोपहर 3:25 बजे मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सीएम समाधान कार्यक्रम में शामिल होंगे। इन कार्यक्रमों के बाद शाम 4:15 बजे मुख्यमंत्री मीडिया ब्रीफिंग करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे शाम 4:25 बजे कलेक्ट्रेट से हेलीपैड के लिए रवाना होंगे और 4:30 बजे हेलीकॉप्टर से ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगे।
नितेंद्र शर्मा, मुरैना
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News









