Responsive Scrollable Menu

Delhi Weather: तेज हवाओं संग बारिश से गिरा पारा, अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री दर्ज

दिल्ली में बृहस्पतिवार को तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.9 डिग्री नीचे गिरकर 28.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस महीने का अब तक का सबसे कम तापमान है। वहीं, कई इलाकों में जलभराव और भारी यातायात जाम की खबर है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिनभर आसमान में काले बादल छाए रहे और रुक-रुक कर हुई बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। मौसम विभाग ने दोपहर तीन बजे तक के लिए बारिश, गरज के साथ छींटे पड़ने, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया था। आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 11:30 बजे से दोपहर ढाई बजे के बीच सफदरजंग में 15.9 मिमी बारिश दर्ज की गई।

इस अवधि में लोधी रोड में 20 मिमी, रिज में 24.5 मिमी, पालम में 11.2 मिमी और आयानगर में 7.2 मिमी बारिश हुई। अन्य केंद्रों में मयूर विहार में 15.2 मिमी, पीतमपुरा में 13 मिमी, छतरपुर में 10 मिमी, झारोड़ा कलां में 9.5 मिमी, पूसा में छह मिमी, नारायणा में 5.5 मिमी और जनकपुरी में 4.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि नजफगढ़ में इस दौरान बारिश नहीं हुई। तेज बारिश के कारण राजधानी के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित हुआ और मुख्य चौराहों व मुख्य मार्गों से जुड़ने वाले संपर्क मार्ग पर भीषण जाम देखने को मिला।

मंडी हाउस गोलचक्कर पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और वाहन चालकों ने यातायात पुलिस कर्मियों की अनुपस्थिति की शिकायत की। इंडिया गेट पर भी भारी जाम रहा, जहां एक राहगीर ने करीब 30 मिनट तक फंसे रहने की बात कही। इसके अलावा आईटीओ, विकास मार्ग, उच्चतम न्यायालय और भारत मंडपम को जोड़ने वाली सड़कों पर भी यातायात बाधित रहा।

दक्षिण दिल्ली में चिराग दिल्ली की लाल बत्ती (ट्राफिक सिग्नल) से आईआईटी दिल्ली और हौज खास की ओर वाहनों की कतारें लग गईं। यात्रियों ने आश्रम फ्लाईओवर से सराय काले खां और सनलाइट कॉलोनी की ओर जाने वाले निकास मार्ग पर भी जाम की शिकायत की। ओखला फेज-1 के पास फुटपाथों पर अतिक्रमण और निर्माण सामग्री पड़े होने से स्थिति और बिगड़ गई।

मॉडल टाउन में छुट्टी के समय स्कूलों के पास जलभराव से जाम की समस्या बढ़ गई। दिल्ली यातायात पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने पर संबंधित ‘ट्रैफिक सर्कल’ (क्षेत्र के स्थानीय यातायात पुलिस निरीक्षक) को कार्रवाई के लिए सूचित कर दिया गया है। मंडी हाउस और गीता कॉलोनी के पास जलभराव, जबकि पालम और एम्स के आसपास भारी जाम की खबर रही।

तापमान के आंकड़ों के अनुसार, पालम में अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 27.8 डिग्री, रिज में 27.4 डिग्री और आयानगर में 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक 23.3 डिग्री सेल्सियस रहा। पालम में न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री, लोधी रोड में 22 डिग्री, रिज में 22.3 डिग्री और आयानगर में 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इससे पहले दिल्ली में 12 अक्टूबर को 42 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, जो 2022 के बाद से अक्टूबर महीने में एक दिन में हुई सबसे अधिक बारिश थी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बृहस्पतिवार को हुई बारिश का कारण एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवातीय परिसंचरण और ‘ट्रफ’ रेखा (आसमान में फैले कम हवा के दबाव का एक लंबा और संकरा क्षेत्र) है। आईएमडी ने बताया कि उत्तरी पंजाब और उससे सटे इलाकों में एक चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है, जबकि दूसरा चक्रवातीय परिसंचरण दक्षिण हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों पर सक्रिय है।

बारिश के बावजूद दिल्ली की वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बनी रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 149 दर्ज किया गया। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, 0 से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा , 51 से 100 को संतोषजनक , 101 से 200 को मध्यम , 201 से 300 को खराब , 301 से 400 को बहुत खराब और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को गंभीर श्रेणी में रखा जाता है।

मौसम विभाग ने 17 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक राष्ट्रीय राजधानी में बारिश न होने का अनुमान जताया है।

Continue reading on the app

  Sports

India vs West Indies T20 से पहले Arshdeep Singh चोटिल, Bhuvneshwar Kumar टीम में शामिल

वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के आखिरी और निर्णायक मुकाबले से पहले भारतीय टीम को तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की चोट ने चिंता में डाल दिया है। चौथे टी20 मैच के दौरान उनके कंधे के पास चोट लगी थी, जिसके बाद उनके पांचवें मुकाबले में खेलने पर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, भारतीय टीम प्रबंधन ने अभी उन्हें पूरी तरह बाहर नहीं किया है। एहतियात के तौर पर तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को टीम में शामिल किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर उनके अनुभव का फायदा उठाया जा सके।

हैदराबाद में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में भारत की पारी के आखिरी समय में अर्शदीप सिंह बल्लेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान वेस्टइंडीज के गेंदबाज शमर जोसेफ की एक गेंद उनके बाजू के ऊपरी हिस्से पर लगी। यह मैच की आखिरी गेंद भी साबित हुई और अर्शदीप को चोट के कारण मैदान छोड़ना पड़ा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अपने बयान में कहा कि मैच में उनकी भागीदारी को लेकर फैसला मुकाबले से पहले उनकी सेहत में सुधार को देखते हुए लिया जाएगा।

पांचवें टी20 मैच से एक शाम पहले भारतीय गेंदबाजी प्रशिक्षक मोर्ने मोर्कल ने भी अर्शदीप की स्थिति पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भुवनेश्वर कुमार को टीम में अतिरिक्त तेज गेंदबाज के तौर पर जोड़ा गया है, लेकिन अभी किसी खिलाड़ी को बाहर नहीं किया गया है। मोर्कल के मुताबिक, अर्शदीप की हालत में सुधार हो रहा है और उनके खेलने की संभावना बनी हुई है। अंतिम फैसला टीम प्रबंधन मैच वाले दिन उनकी स्थिति का आकलन करने के बाद करेगा।

बता दें कि भुवनेश्वर कुमार ने नवंबर 2022 के बाद से भारत के लिए कोई टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेला है। पिछले सप्ताह उन्हें न्यूजीलैंड दौरे पर होने वाली टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में वापस जगह मिली थी। इससे पहले उन्होंने बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी फिटनेस की जांच कराई और गेंदबाजी का अभ्यास बढ़ाया। सितंबर में वह उत्तर प्रदेश टी20 लीग में खेलते नजर आए थे।

भुवनेश्वर की वापसी में इंडियन प्रीमियर लीग में उनका प्रदर्शन भी अहम रहा है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए उन्होंने लगातार खिताब जीतने वाले सत्रों में अच्छा प्रदर्शन किया। 2026 के आईपीएल में उन्होंने 16 मैचों में 28 विकेट लिए और सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों की सूची में दूसरे स्थान पर रहे। उनसे आगे कगिसो रबाडा थे, जिन्होंने पर्पल कैप हासिल की। मोर्ने मोर्कल ने भुवनेश्वर की वापसी पर खुशी जताते हुए कहा कि उनका अनुभव युवा गेंदबाजी आक्रमण के लिए काफी उपयोगी साबित होगा।

गौरतलब है कि अर्शदीप सिंह ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अब तक खेले गए चारों टी20 मुकाबलों में हिस्सा लिया है और 5 विकेट लिए हैं। वह रविवार को न्यूजीलैंड रवाना होने वाली भारतीय टी20 टीम का भी हिस्सा हैं। दूसरी ओर, भारतीय चयनकर्ताओं के सामने एकदिवसीय टीम को लेकर भी चुनौती है, क्योंकि प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा जैसे तेज गेंदबाज चोट से जूझ रहे हैं। न्यूजीलैंड में होने वाली एकदिवसीय सीरीज के बाद 2 टेस्ट मैचों की सीरीज भी खेली जानी है, इसलिए कुछ खिलाड़ियों को पहले आराम देकर टेस्ट की तैयारी का मौका मिल सकता है।

भारत के तेज गेंदबाजी विकल्पों में अर्शदीप, भुवनेश्वर, मयंक यादव और प्रिंस यादव शामिल हैं। वहीं, नीतीश कुमार रेड्डी और शिवम दुबे भी तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर के रूप में टीम का हिस्सा हैं। पांचवें टी20 मुकाबले के लिए श्रेयस अय्यर कप्तान हैं, जबकि अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, नमन धीर समेत बाकी खिलाड़ी भी टीम में शामिल हैं। ऐसे में निर्णायक मुकाबले से पहले सभी की नजरें अर्शदीप की फिटनेस और टीम प्रबंधन के अंतिम फैसले पर टिकी हैं।

Fri, 16 Oct 2026 22:32:00 +0530

  Videos
See all

Ye Bharat Ki Baat Hai: कॉकरोचों के PM बनेंगे Rahul Gandhi? | Neha Bora | Dipke | CJP Protest #tmktech #vivo #v29pro
2026-10-16T17:03:42+00:00

News Ki Pathshala: पंजाब में चिट्टे पर कैसी चुप्पी ? #shorts #ytshorts #amitshah #punjab #drugs #tmktech #vivo #v29pro
2026-10-16T17:05:06+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers