Bank of America पर US Treasury ने ठोका 1.2 अरब डॉलर का जुर्माना
अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने धनशोधन रोधी और प्रतिबंध संबंधी कानूनों के कथित उल्लंघन के लिए बैंक ऑफ अमेरिका पर 1.2 अरब डॉलर का जुर्माना लगाया है। अमेरिका के दूसरे सबसे बड़े बैंक पर लगाया गया यह जुर्माना वित्त मंत्रालय के इतिहास में तीसरा सबसे बड़ा जुर्माना है। अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने मंगलवार को बयान में कहा, ‘‘जब इतने बड़े बैंक धनशोधन रोधी और प्रतिबंध संबंधी अपने दायित्वों को पूरा करने में विफल रहते हैं, तो इसके परिणाम काफी व्यापक होते हैं।
इससे पूरी अमेरिकी वित्तीय प्रणाली के सामने अवैध वित्तीय गतिविधियों का बड़ा जोखिम पैदा होता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आज की कार्रवाई स्पष्ट संदेश देती है कि बड़े से बड़े वित्तीय संस्थान भी कानून से ऊपर नहीं हैं।’’ वित्त मंत्रालय ने कहा कि बैंक ऑफ अमेरिका (बीओए) ने उसके विदेशी परिसंपत्ति नियंत्रण कार्यालय के साथ 1.16 करोड़ डॉलर के समझौते पर भी सहमति जताई है। यह समझौता ईरान, रूस, मादक पदार्थों और वैश्विक स्तर पर आतंकवाद से संबंधित प्रतिबंध कार्यक्रमों समेत कई कार्यक्रमों के कथित उल्लंघनों के मामले में किया गया है। मंत्रालय ने बयान में कहा कि उसके वित्तीय अपराध प्रवर्तन नेटवर्क (फिनसीईएन) ने बैंक ऑफ अमेरिका पर 1.2 अरब डॉलर का जुर्माना लगाया है।
इसकी वजह ‘‘राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े प्राथमिक जोखिमों को कम करने और उनकी जानकारी देने में विफलता’’ है। इनमें चीन के धनशोधन नेटवर्क और अमेरिका की दक्षिण-पश्चिमी सीमा पर होने वाली अवैध वित्तीय गतिविधियां शामिल हैं। इस जुर्माने में से 75 करोड़ डॉलर अमेरिकी मुद्रा नियंत्रक कार्यालय को दिए जाएंगे।
यह इस संघीय बैंक नियामक एजेंसी की ओर से लगाया गया अब तक का सबसे बड़ा जुर्माना है। वित्त मंत्रालय ने कहा कि बीओए ने स्वीकार किया है कि उसने 1970 के बैंक गोपनीयता कानून का जानबूझकर उल्लंघन किया। इस कानून के तहत बैंकों को धनशोधन का पता लगाने और उसे रोकने में सरकार की मदद करनी होती है।
बैंक ऑफ अमेरिका ने बयान में कहा, ‘‘वित्तीय अपराधों से जुड़े नियमों का अनुपालन गंभीर मामला है और यह सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है कि हम इन्हें सही तरीके से पूरा करें।’’ बीओए ने कहा, ‘‘हमने पहले से सार्वजनिक 2024 के मुद्रा नियंत्रक कार्यालय के सहमति आदेश और फिनसीईएन की जांच में उल्लिखित उल्लंघनों से जुड़े जुर्माने के मामलों को सुलझाने के लिए नियामकों के साथ काम किया।’’ उसने कहा, ‘‘हमने वित्तीय अपराधों से निपटने के लिए प्रौद्योगिकी में अरबों डॉलर का निवेश किया है और हजारों कर्मचारियों को इस काम में लगाया है। हमारे दल नियामकों की ओर से उठाए गए मुद्दों को दूर करने के लिए जरूरी कदम उठाने की दिशा में काफी आगे बढ़ चुके हैं और इसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’ इससे पहले सबसे बड़ा जुर्माना क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज बाइनेंस पर नवंबर 2023 में लगाया गया था, जो लगभग 4.3 अरब डॉलर का समझौता था। वहीं, 2024 में कनाडा के टीडी बैंक पर धनशोधन रोकथाम में विफल रहने के कारण लगभग तीन अरब डॉलर का संयुक्त जुर्माना लगाया गया था।
इसमें वित्त मंत्रालय की शाखा फिनसीईएन का 1.3 अरब डॉलर का जुर्माना भी शामिल था।
इमरान हाशमी की फिल्म के सेट पर पलटी SUV:नीचे खड़ी वैन से कार टकराई; घटना का वीडियो आया सामने
इमरान हाशमी की अपकमिंग फिल्म गनमास्टर G9 के सेट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा। इसमें हवा में पलटी SUV नीचे खड़ी वैन पर गिरती दिख रही है। वीडियो में आउटडोर सेट पर एक खतरनाक कार स्टंट नजर आ रहा है। हालांकि मेकर्स ने अब तक नहीं बताया कि यह सब प्लान किया गया था या स्टंट के दौरान हादसा हो गया। हादसे में अभी तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है। वीडियो में SUV के नीचे गिरते ही क्रू मेंबर्स और आसपास मौजूद लोग उसकी ओर भागते दिखते हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि जब क्रेन का मैकेनिज्म फेल हुआ और हवा में घूम रही SUV नीचे गिरी, तब इमरान हाशमी वहीं जमीन पर खड़े थे। वह गाड़ी उनके चेहरे से महज एक फीट (या कुछ इंच) की दूरी पर आकर नीचे खड़ी वैन से टकराई। हालांकि, वीडियो में इमरान हाशमी क्लियर नहीं दिख रहे हैं। न ही इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि हो पाई है कि वह वहां मौजूद थे। गौरतलब है कि इमरान हाशमी इन दिनों गनमास्टर G9 की शूटिंग कर रहे हैं। सेट से सामने आए इस बिहाइंड-द-सीन्स वीडियो में सड़क पर स्टंट की तैयारी दिखाई गई है। वीडियो में एक SUV को बड़े कंस्ट्रक्शन क्रेन सर्विस वाहन से हवा में लटकाया गया है। पक्की सड़क पर क्रू मेंबर्स और अन्य लोग इस सेटअप को देख रहे हैं। इसके बाद काउंटडाउन शुरू होता है। काउंटडाउन खत्म होते ही क्रेन की केबल से SUV अचानक झटके के साथ हवा में पलट जाती है। SUV नीचे की ओर घूमते हुए गिरती है और वहां खड़ी काली वैन की छत से जोरदार टक्कर होती है। इसके बाद अन्य प्रोडक्शन वाहन और क्रू मेंबर्स कार की तरफ भागते हैं। अभी तक किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है। मेकर्स ने यह भी साफ नहीं किया है कि SUV का पलटना स्टंट का हिस्सा था या यह वास्तव में गलत हो गया। फिल्म में ये कलाकार हैं आने वाली हिंदी एक्शन-रोमांस थ्रिलर फिल्म में इमरान हाशमी ईश्वर का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में जेनेलिया डिसूजा आरती और अपारशक्ति खुराना देसू के रोल में हैं। फिल्म की कहानी सरीम मोमिन और जुनैद वासी ने लिखी है। आदित्य दत्त इसके डारेक्टर हैं। गनमास्टर G9 में इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया फिर साथ आए हैं। फिल्म में स्टाइलिश विजुअल्स और भावनात्मक कहानी के साथ एक्शन और बड़े ड्रामे का दावा किया गया है। फिल्म की कहानी एक ऐसे प्रेमी की है, जो अपनी पसंद की महिला के साथ रहने के लिए बेहद कदम उठाता है। इस दौरान उसका सामना एक खतरनाक दुश्मन से होता है। दीपक मुकुट, हुनर मुकुट और संगीता अहीर फिल्म के निर्माता हैं। ये सभी सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट के बैनर के तहत फिल्म बना रहे हैं। गनमास्टर G9 को 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi










