असम Assam बाढ़ से दो और लोगों की मौत, मृतकों की संख्या 87 हुई
गुवाहाटी, तीन अगस्त असम में बाढ़ से दो और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 87 हो गई है जबकि सात जिलों में 1.28 लाख से अधिक लोग अब भी प्रभावित हैं। एक आधिकारिक बुलेटिन में सोमवार को यह जानकारी दी गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि दोनों लोगों की मौत सबसे अधिक प्रभावित शिवसागर जिले में हुई।
बाढ़ प्रभावित सात जिलों चराइदेव, शिवसागर, धेमाजी, गोलाघाट, बिश्वनाथ, जोरहाट और लखीमपुर में 380 गांव तथा 14,230.148 हेक्टेयर कृषि भूमि अब भी जलमग्न है। असम में इस वर्ष बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 87 हो गई है। बाढ़ से प्रभावित कुल 1,28,071 लोगों में से 55,200 शिवसागर, 34,050 चराइदेव और 20,209 जोरहाट जिले के निवासी हैं।
रविवार को पांच जिलों में 1.35 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित थे। प्रशासन 38 राहत शिविरों का संचालन कर रहा है, जिनमें 11,066 विस्थापित लोगों को आश्रय दिया गया था। इसके अलावा 17 राहत वितरण केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं।
Dakshina Kannada में भारी बारिश का अनुमान, स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित
मंगलुरु, तीन अगस्त कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मंगलुरु उपखंड में सभी आंगनवाड़ी केंद्र, सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त तथा निजी प्राथमिक और हाईस्कूल (कक्षा 10 तक) बंद रहेंगे। यह आदेश मंगलुरु, बंतवाल, मूडबिदरी, मुलकी और उल्लाल तालुक के शैक्षणिक संस्थानों पर लागू होगा।
आदेश के अनुसार, पुत्तूर, बेलथांगडी, सुलिया और कडबा तालुक में सभी आंगनवाड़ी केंद्र, सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी प्राथमिक एवं हाईस्कूल, प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेज, आईटीआई तथा कक्षा 12 तक के डिप्लोमा कॉलेज भी बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों को जलभराव वाले निचले इलाकों, नदियों और समुद्र तट के आसपास जाने से रोकने की अपील की। प्रशासन ने खराब मौसम के मद्देनजर मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi



















