RTE के 8.19 लाख बच्चों की फीस के लिए 502 करोड़ जारी करेगी मोहन सरकार, 20 हजार से ज्यादा निजी स्कूलों को मिलेगा भुगतान
भोपाल। मध्य प्रदेश में RTE के तहत निजी स्कूलों में पढ़ रहे 8 लाख 19 हजार से ज्यादा बच्चों की फीस के लिए सरकार 502 करोड़ रुपये जारी करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 11 अक्टूबर को नरसिंहपुर में आयोजित कार्यक्रम से यह राशि प्रदेश के 20 हजार 456 निजी स्कूलों के खातों में भेजेंगे। स्कूलों को यह भुगतान शैक्षणिक सत्र 2024-25 में RTE के तहत पढ़ाए गए बच्चों की फीस के एवज में किया जाएगा।
प्रदेश में RTE के तहत गरीब और वंचित परिवारों के बच्चों को निजी स्कूलों में कक्षा पहली से आठवीं तक मुफ्त पढ़ाई का अधिकार मिलता है। इन बच्चों की फीस का भुगतान सरकार करती है। वर्ष 2011 से अब तक 16 लाख 85 हजार से ज्यादा बच्चों की फीस के लिए निजी स्कूलों को करीब 3,600 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।
नरसिंहपुर में 45 करोड़ से ज्यादा की लागत से तैयार हुआ सांदीपनि स्कूल
नरसिंहपुर में होने वाला कार्यक्रम केवल RTE की राशि जारी करने तक सीमित नहीं रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव यहां 45 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से तैयार शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण भी करेंगे। KG-1 से 12वीं तक के इस स्कूल को पढ़ाई, खेल और दूसरी गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया गया है।
स्कूल में डिजिटल क्लासरूम, कंप्यूटर और साइंस लैब, लाइब्रेरी, मल्टीपर्पज हॉल और ऑडिटोरियम की सुविधा है। खेल मैदान के साथ विद्यार्थियों के आने-जाने के लिए परिवहन की व्यवस्था भी की गई है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में इसी स्कूल की छात्रा माही साहू ने कक्षा 12वीं की मेरिट लिस्ट में जगह बनाई थी।
बिजली चोरी पर एक्शन, खंभों पर हुकिंग कर लगाए गए कई किलो PVC वायर जब्त, बोले JE कार्यवाही जारी रहेगी
डबरा। शहर में बिजली के खंभों पर हुकिंग कर चोरी से बिजली इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ विद्युत विभाग ने कार्रवाई शुरू की है। बिजली घर टाउन की टीम ने जेल रोड, खेरी कॉलोनी और चीनौर रोड पर चेकिंग की तो कई जगह खंभों से अवैध तरीके से PVC वायर जुड़े मिले। टीम ने इन तारों को काटकर जब्त कर लिया। कार्रवाई में कई किलो PVC वायर जब्त होने की बात सामने आई है।
विद्युत विभाग के मुताबिक शहर के कुछ इलाकों से लगातार बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद टीम बनाकर चेकिंग शुरू की गई। जांच के दौरान कुछ जगह खंभों पर हुकिंग कर सीधे बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था, जबकि कई खंभों पर अवैध PVC वायर का जाल मिला। टीम ने ऐसे कनेक्शन हटाए और संबंधित क्षेत्रों में लोगों को बिजली चोरी नहीं करने की हिदायत दी।
डबरा टाउन के JE आशीष चौधरी ने बताया कि बिजली चोरी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास वैध बिजली कनेक्शन नहीं है, वे कनेक्शन लेकर नियमानुसार बिजली का उपयोग करें।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News








