विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर टेली-मानस बना सहारा, अब तक 47 लाख से ज्यादा कॉल
नई दिल्ली, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय 10 अक्टूबर को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस 2026 मनाएगा। इस बार का वैश्विक विषय है लिव्ड एक्सपीरिएन्स हर्ड: रीयल वॉइसेज, रीयल चेंज। सरकार का कहना है कि मानसिक स्वास्थ्य सेवा को सुलभ, किफायती, समावेशी और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में काम जारी है।
इस कड़ी में टेली-मानस कार्यक्रम देश की मानसिक स्वास्थ्य सेवा का अहम स्तंभ बनकर उभरा है। टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 के जरिए पूरे भारत में लोगों को मुफ्त, गोपनीय और 24 घंटे मानसिक स्वास्थ्य सहायता दी जा रही है।
10 अक्टूबर 2022 को लॉन्च होने के बाद से टेली-मानस पर अक्टूबर 2026 तक 47,75,644 कॉल आ चुके हैं। देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 53 टेली-मानस सेल काम कर रहे हैं।
आंकड़े बताते हैं कि इस सेवा का लाभ महिलाएं भी बड़ी संख्या में ले रही हैं। कुल रिकॉर्ड किए गए 13,35,275 कॉलर्स में 43.78 प्रतिशत यानी 5,84,587 महिलाएं हैं, जबकि 54.18 प्रतिशत पुरुष हैं। इससे पता चलता है कि टेलीफोन परामर्श ने महिलाओं के लिए मदद लेना आसान बनाया है।
सबसे ज्यादा कॉल 18 से 45 साल के युवा और कामकाजी उम्र के लोगों ने किए हैं, जो कुल कॉलर्स का 73.2 प्रतिशत हैं। लोग भावनात्मक परेशानी, चिंता, तनाव, परीक्षा, कार्यस्थल और रिश्तों से जुड़े तनाव और नींद की समस्याओं को लेकर संपर्क कर रहे हैं।
टेली-मानस बहुभाषी सेवा है। इस पर लोग बिना किसी हेल्थ सेंटर जाए, घर बैठे प्रशिक्षित काउंसलर से बात कर सकते हैं। यह सेवा ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों के लिए खासतौर पर मददगार है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों तक पहुंच मुश्किल है। जरूरत पड़ने पर कॉलर्स को विशेषज्ञ और रेफरल सेवाओं से भी जोड़ा जाता है।
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के मौके पर मंत्रालय एमएएनएन जागृति पहल को भी आगे बढ़ा रहा है। इसका मकसद सामुदायिक जागरूकता बढ़ाना, जल्दी मदद लेने के लिए प्रोत्साहित करना और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े कलंक को खत्म करना है। इसके तहत स्कूलों, कॉलेजों, कार्यस्थलों और स्वास्थ्य केंद्रों में खुली बातचीत को बढ़ावा दिया जाएगा।
सरकार ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। 767 जिलों के लिए जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम को मंजूरी दी गई है। इसके तहत आउट पेशेंट सेवा, परामर्श, दवाएं, फॉलो-अप और रेफरल की सुविधा दी जा रही है।
साथ ही देश भर में 1.83 लाख से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को एकीकृत किया गया है, जहां प्राथमिक स्वास्थ्य टीमें शुरुआती जांच और सहायता दे रही हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपील की है कि मदद मांगने में झिझक नहीं होनी चाहिए। मंत्रालय ने कहा, हर बातचीत मायने रखती है, हर आवाज सुनी जानी चाहिए। अगर किसी को भी परेशानी है तो वह 14416 पर कॉल कर मुफ्त सहायता ले सकता है।
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
पाकिस्तान में रची गई थी किश्तवाड़ में हुए आतंकी हमले की साजिश, गिरफ्तार मनीर अहमद पर आतंकियों को पनाह देने का आरोप
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में हुए आतंकी हमले के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई की है. NIA ने 9 अक्टूबर को जम्मू की विशेष NIA अदालत में 535 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की. इसमें गिरफ्तार आरोपी मनीर अहमद के साथ मारे जा चुके पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के तीन आतंकियों को भी आरोपी बनाया गया है. इनमें आतंकी कमांडर सैफुल्लाह उर्फ सैफुल्लाह कश्मीरी उर्फ अतीक नजीर उर्फ अतीक उर रहमान शामिल है.
यह मामला 22 फरवरी 2026 को जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के छत्रू इलाके के वानी मोहल्ला, पासर कोटे में हुए आतंकी हमले से जुड़ा है. NIA के मुताबिक, जांच में हमले की साजिश के तार पाकिस्तान से जुड़े मिले हैं.
चार्जशीट में सामने आईं अहम बातें
535 पन्नों की चार्जशीट दाखिल: NIA ने जम्मू की विशेष अदालत में गिरफ्तार आरोपी मनीर अहमद और मारे जा चुके तीन आतंकियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है.
सैफुल्लाह था आतंकी कमांडर: चार्जशीट के अनुसार, पाकिस्तान का रहने वाला सैफुल्लाह प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का कमांडर था. वह कश्मीर टाइगर्स (अजरेल ग्रुप) से भी जुड़ा था. यह समूह जैश-ए-मोहम्मद के तहत काम करता था.
सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में तीनों आतंकी ढेर: हमले में तीन आतंकी शामिल थे, जिनका नेतृत्व सैफुल्लाह कर रहा था. सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में तीनों मारे गए.
मनीर अहमद पर आतंकियों को पनाह देने का आरोप: NIA की जांच में गिरफ्तार आरोपी मनीर अहमद की भूमिका आतंकियों को मदद देने में सामने आई है. उस पर सुरक्षा बलों और आम नागरिकों पर हमलों में शामिल आतंकियों को जानबूझकर पनाह देने और छिपाने का आरोप है.
पहाड़ी इलाकों में सक्रिय था आतंकी समूह: जांच एजेंसी के मुताबिक, यह समूह किश्तवाड़ जिले के ऊपरी पहाड़ी इलाकों में सक्रिय था. इस पर सुरक्षा बलों के जवानों और स्थानीय लोगों की जान लेने वाले कई हमलों में शामिल होने का आरोप है.
पाकिस्तान में रची गई साजिश: करीब पांच महीने तक चली जांच में NIA ने आतंकी हमले की साजिश के तार पाकिस्तान से जुड़े होने की बात कही है. मामले में आगे की जांच जारी है.
देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने और साजिश रचने के आरोप
NIA ने मनीर अहमद के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 (UAPA) की संबंधित धाराओं के तहत आरोप लगाए हैं. वहीं, आरोपी आतंकियों के खिलाफ भारत के विरुद्ध युद्ध छेड़ने और सीमा पार से साजिश रचने से संबंधित दंडात्मक प्रावधान भी लगाए गए हैं. जांच एजेंसी के अनुसार, चार्जशीट में हमले की साजिश, तीनों मारे गए आतंकियों की भूमिका, मनीर अहमद की कथित मदद और इन आरोपों के समर्थन में जुटाए गए साक्ष्यों का विवरण दिया गया है. मामले में आगे की जांच जारी है.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation










