India Post: 1 अगस्त से लागू होंगे इंडिया पोस्ट के नए स्पीड पोस्ट टैरिफ, जानें अब कितनी लगेगी फीस
India Post speed post new tariff: भारतीय डाक विभाग (Department of Posts) की तरफ से स्पीड पोस्ट सेवाओं को लेकर नए टैरिफ और नियम 1 अगस्त से लागू किए जा रहे हैं। इस नई व्यवस्था के तहत पहली बार डाक विभाग ने 'दस्तावेज' (Document) की एक स्पष्ट परिभाषा तय की है, जिसके दायरे में पत्र, प्रिंटेड सामान और बिना रीसेल वैल्यू वाली कॉम्प्लिमेंट्री वस्तुएं आएंगी।
इन वस्तुओं पर कम शुल्क लिया जाएगा, जबकि इसके अलावा बाकी सभी चीजें पार्सल श्रेणी के अंतर्गत गिनी जाएंगी। साथ ही, विभाग ने रिटेल और होलसेल ग्राहकों के लिए 24-स्पीड पोस्ट और 48-स्पीड पोस्ट सेवाओं की नई दरें भी अधिसूचित कर दी हैं, जहां 24 घंटे और 48 घंटे में डिलीवरी की सुविधा मिलती है।
दस्तावेज श्रेणी में कौन-कौन सी चीजें होंगी शामिल?
जारी अधिसूचना के अनुसार, बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और बीमा (BFSI) क्षेत्र से जुड़े उत्पाद जैसे कि वेलकम किट, लेटर, पासबुक, चेकबुक, बैंक विवरण, प्लास्टिक कार्ड, डेबिट और क्रेडिट कार्ड अब आधिकारिक रूप से 'दस्तावेज' श्रेणी में आएंगे। इसके अलावा पैन कार्ड, [Aadhaar Redacted] कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस जैसे तमाम सरकारी दस्तावेज भी इसी में शामिल किए गए हैं।
साथ ही, 500 ग्राम तक वजन वाले गैर-व्यावसायिक पैकेज जैसे राखी के लिफाफे, पैकेट और ग्रीटिंग कार्ड को भी दस्तावेज ही माना जाएगा। इन सभी तय चीजों के अलावा बाकी तमाम सामान पार्सल कैटेगरी के तहत भेजे जाएंगे।
रिटेल ग्राहकों के लिए क्या रहेगा शुल्क?
डाक विभाग के नियमों के मुताबिक, खुदरा यानी रिटेल ग्राहकों के मौजूदा शुल्कों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन दस्तावेज कैटेगरी में थोक बुकिंग (Bulk Booking) के लिए नए रेट जरूर तय किए गए हैं। आगामी 1 अगस्त से 24 स्पीड पोस्ट के तहत रिटेल ग्राहकों को वजन और दूरी के हिसाब से प्रति पैकेट 38 रुपये से लेकर 186 रुपये तक चुकाने होंगे। इसमें 50 ग्राम से कम वजन वाले पैकेट के लिए स्थानीय डाक शुल्क 38 रुपये और पूरे देश के लिए 94 रुपये (जीएसटी अतिरिक्त) तय किया गया है।
वहीं, 51 से 250 ग्राम तक के लिए पोस्टेज चार्ज 118 से 154 रुपये और 251 से 500 ग्राम तक के लिए 140 से 186 रुपये प्रति पैकेट निर्धारित किया गया है।
होलसेल ग्राहकों के लिए नए रेट और 6 प्रमुख शहर
थोक (होलसेल) ग्राहकों की बात करें तो 24 घंटे वाली स्पीड पोस्ट सेवा के लिए शुल्क 38 रुपये से 100 रुपये के बीच रहेगा, जबकि 48 घंटे वाली सेवा के लिए यह 48 रुपये से 72 रुपये के बीच तय किया गया है। इसके अलावा, 48 घंटे वाली स्पीड पोस्ट सेवा के अंतर्गत रिटेल ग्राहकों को वजन और दूरी के आधार पर प्रति पैकेट 61 रुपये से 121 रुपये का भुगतान करना होगा।
डाक विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल 24 घंटे और 48 घंटे की ये तेज स्पीड पोस्ट सेवाएं देश के केवल 6 प्रमुख शहरों- दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद में ही उपलब्ध कराई जा रही हैं।
तेजी से डिलीवरी के लिए पहले शुरू हुई थीं प्रीमियम सेवाएं
गौरतलब है कि दस्तावेजों और पार्सल की तेज डिलीवरी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ही इंडिया पोस्ट ने इससे पहले "24 स्पीड पोस्ट", "48 स्पीड पोस्ट" और "24 स्पीड पोस्ट पार्सल" जैसी आधुनिक प्रीमियम सेवाओं की शुरुआत की थी। अब इन्हीं सेवाओं के दायरे को और स्पष्ट करते हुए नए टैरिफ, नई परिभाषाएं और अलग-अलग श्रेणियों के हिसाब से शुल्कों का निर्धारण किया गया है, जिससे ग्राहकों को पार्सल और दस्तावेजों को भेजने में अधिक पारदर्शिता और सुविधा मिल सकेगी।
Gold Price Today: सोने-चांदी की कीमतों में तेज गिरावट, गोल्ड ₹1,907 हुआ सस्ता; सिल्वर ₹6,543 गिरी
Gold-Silver Price Today (28 July 2026): सोने-चांदी के भाव में 28 जुलाई को नरमी देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को सिल्वर की कीमत में 6,543 रुपए प्रति किलोग्राम की गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद इसका भाव घटकर करीब 2.18 लाख रुपए प्रति किलो रह गया।
वहीं, 24 कैरेट सोने की कीमत में भी कमी आई है। 10 ग्राम सोना 1,907 रुपए सस्ता होकर अब 1.43 लाख रुपए के स्तर पर पहुंच गया है। इसके अलावा, 22 कैरेट सोना ₹1,30,584 प्रति 10 ग्राम, 18 कैरेट सोना ₹1,06,919 प्रति 10 ग्राम और 14 कैरेट सोना ₹83,397 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार करता रहा। आइए अब देश के प्रमुख शहरों में 24 कैरेट सोने के ताजा भाव जानें।
प्रमुख शहरों में 24 कैरेट सोने की कीमत (₹/10 ग्राम)
| शहर | कीमत |
| दिल्ली | ₹1,44,320 |
| मुंबई | ₹1,44,170 |
| कोलकाता | ₹1,44,170 |
| जयपुर | ₹1,44,320 |
| लखनऊ | ₹1,44,320 |
| भोपाल | ₹1,44,220 |
| अहमदाबाद | ₹1,44,220 |
| रायपुर | ₹1,44,170 |
| पटना | ₹1,44,220 |
साल के अंत तक 1.60 लाख रुपए तक पहुंच सकता है सोना
कमोडिटी बाजार के जानकार के मुताबिक, सोने और चांदी की कीमतें फिलहाल अपने रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे कारोबार कर रही हैं। ऐसे में मौजूदा स्तर पर निवेश के अवसर बन सकते हैं। हालांकि, उनका सुझाव है कि निवेशकों को एकमुश्त बड़ी राशि लगाने के बजाय चरणबद्ध (SIP या किस्तों में) निवेश करना चाहिए, ताकि बाजार में उतार-चढ़ाव का जोखिम कम रहे।
एक्सपर्ट्स के अनुमान के मुताबिक, यदि बाजार का रुख अनुकूल रहा तो साल 2026 के अंत तक सोने की कीमत 10 ग्राम पर करीब ₹1.60 लाख तक पहुंच सकती है। वहीं, चांदी का भाव भी बढ़कर लगभग ₹2.80 लाख प्रति किलोग्राम के स्तर को छू सकता है।
अलग-अलग शहरों में सोने के दाम क्यों होते हैं अलग? जानें 4 प्रमुख वजहें
सोने की कीमतें पूरे देश में एक जैसी नहीं होतीं। अलग-अलग शहरों में सोने के रेट में फर्क देखने को मिलता है। इसके पीछे कई व्यावहारिक और आर्थिक कारण जिम्मेदार होते हैं।
1. ट्रांसपोर्टेशन और सिक्योरिटी खर्च
सोने को एक शहर से दूसरे शहर तक पहुंचाने में ट्रांसपोर्ट और सुरक्षा पर खर्च आता है। जैसे-जैसे दूरी बढ़ती है, यह लागत भी बढ़ती जाती है, जिसका असर अंतिम कीमत पर पड़ता है।
2. खरीदारी की मात्रा (डिमांड फैक्टर)
दक्षिण भारत में सोने की खपत देश में सबसे ज्यादा होती है। यहां कुल मांग का लगभग 40% हिस्सा है। बड़ी खरीदारी के बावजूद स्थानीय बाजार में छूट सीमित रहती है, जिससे कीमतों में फर्क आता है।
3. ज्वेलरी एसोसिएशन की भूमिका
हर राज्य और शहर में ज्वेलरी एसोसिएशन स्थानीय मांग और आपूर्ति के आधार पर रेट तय करते हैं। इसी वजह से अलग-अलग शहरों में सोने के भाव अलग हो जाते हैं।
4. पुराना स्टॉक और खरीद मूल्य
ज्वेलर्स ने सोना किस कीमत पर खरीदा है, यह भी बिक्री मूल्य तय करने में अहम भूमिका निभाता है। पुराना स्टॉक महंगा या सस्ता खरीदा गया हो तो उसका असर ग्राहकों को मिलने वाले रेट पर पड़ता है।
सोना खरीदते समय इन 2 बातों का रखें खास
1. सिर्फ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें
हमेशा BIS (Bureau of Indian Standards) हॉलमार्क वाला सोना ही खरीदें। हॉलमार्क से सोने की शुद्धता और कैरेट की जानकारी मिलती है, जैसे अल्फान्यूमेरिक कोड (AZ4524)।
2. कीमत जरूर क्रॉस चेक करें
खरीदने से पहले सोने का भाव अलग-अलग स्रोतों जैसे IBJA (India Bullion and Jewellers Association) से जरूर जांचें। सोने की कीमत 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होती है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi





















