श्रेयस अय्यर को ICC रैंकिंग में 18 स्थान का फायदा:टॉप-10 टी-20 बैटर्स में शामिल; लखनऊ में विंडीज के खिलाफ शतक लगाया
भारत के टी-20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने ICC रैंकिंग में 18 स्थान की छलांग लगाई है। वे टी-20 बैटर्स की रैंकिंग में 7वें स्थान पर आ गए हैं। अय्यर ने मंगलवार रात को वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 102 रन की शतकीय पारी खेली। इसका फायदा उन्हें बुधवार को जारी रैंकिंग में मिला। अब टी-20 के टॉप-10 बैटर्स में 4 भारतीय हैं। श्रेयस के अलावा ईशान पहले, अभिषेक दूसरे और तिलक 10वें स्थान पर हैं। बुमराह की टॉप-10 में वापसी, राशिद टी-20 के नंबर-1 बॉलर टी-20 बॉलर्स की रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह टॉप-10 में शामिल हो गए हैं। उन्हें 3 स्थान का फायदा मिला है। इसमें अफगानिस्तान के राशिद खान ने पाकिस्तान के अबरार अहमद को पीछे छोड़कर नंबर-1 स्थान हासिल कर लिया है। भारत के अक्षर पटेल ने भी 16 पायदान की छलांग लगाई है। वे 7वें नंबर पर पहुंच गए हैं। बांग्लादेश के नसुम अहमद 8वें और मेहदी हसन 9वें नंबर पर हैं। हार्दिक पंड्या को एक स्थान का नुकसान भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को टी-20 ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में एक स्थान का नुकसान हुआ है। वे 8वें स्थान पर हैं। वे टॉप-10 में शामिल इकलौते भारतीय हैं। जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा नंबर-1 पर हैं। हार्दिक चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने आखिरी टी-20 इंटरनेशनल मैच 8 मार्च 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ अहमदाबाद में खेला था। गिल वनडे के नंबर-1 बैटर, राहुल टॉप-10 में पहुंचे वनडे रैंकिंग में शुभमन गिल का नंबर-1 स्थान और मजबूत हुआ है। वेस्टइंडीज के खिलाफ गुवाहाटी में नाबाद 223 रन बनाने के बाद उनके 841 रेटिंग पॉइंट हो गए हैं। कप्तान शाई होप 2 स्थान ऊपर चढ़कर छठे नंबर पर पहुंच गए हैं, जबकि केएल राहुल 7 पायदान की छलांग लगाकर संयुक्त रूप से 10वें स्थान पर हैं। ---------------------------------------------- क्रिकेट की यह खबर भी पढ़िए… टी-20 में 2 साल बाद भारतीय कप्तान का शतक; डेब्यू पर नमन धीर का रिकॉर्ड भारत ने पहले टी-20 मैच में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हरा दिया। मंगलवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने करियर का पहला टी-20 इंटरनेशनल शतक लगाया। पढ़ें पूरी खबर
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 4 क्रिकेटरों की मौत:100 की स्पीड में ट्रक में घुसी अर्टिगा, लखनऊ से देवरिया जा रहे थे
सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 4 क्रिकेटरों की सड़क हादसे में मौत हो गई। 2 लोग घायल हैं। खिलाड़ी अर्टिगा कार से लखनऊ से देवरिया जा रहे थे। बुधवार सुबह 5 बजे कार पीछे से ट्रक में घुस गई। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, झपकी आने से हादसा हुआ। कार की रफ्तार करीब 100 किमी प्रति घंटे रही होगी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों और यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने कार के गेट तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 3 को मृत घोषित कर दिया। 3 घायलों को अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में एक घायल की मौत हो गई। हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में हुआ। मृतक खिलाड़ियों की पहचान देवरिया के रहने वाले नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20), आनंद यादव और भागलपुर का रहने वाले अनिकेत (24) के रूप में हुई है। घायलों में देवरिया के राजू (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जयंतो शर्मा (30) शामिल हैं। क्रिकेट खेलने लखनऊ गए थे 11 खिलाड़ी, लौटते समय हादसे में 4 की मौत खिलाड़ी पवन चौरसिया ने बताया कि देवरिया के अलग-अलग इलाकों के 11 खिलाड़ी सोमवार रात टेनिस क्रिकेट खेलने के लिए लखनऊ के बीकेटी गए थे। सभी देवरिया टेनिस क्रिकेट टीम की ओर से खेलने गए थे। मैच के बाद खिलाड़ी अलग-अलग वाहनों से वापस घर लौट रहे थे। पवन ने बताया कि मैं दूसरी कार से खिलाड़ियों के पीछे आ रहे थे। जिस कार में हादसा हुआ, उसमें नित्य प्रजापति, आनंद यादव, अनिकेत सिंह और इरफान अंसारी समेत अन्य खिलाड़ी सवार थे। कार इमरान अंसारी की थी। हादसे में नित्य प्रजापति (24), इरफान अंसारी (23), अनिकेत सिंह (23) और आनंद यादव की मौत हो गई। यूपी-बिहार की प्रतियोगिताओं में खेलने जाते थे पवन ने बताया कि सभी खिलाड़ी अच्छे क्रिकेटर थे। वे यूपी, बिहार समेत अन्य जगहों पर होने वाली क्रिकेट प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने जाते थे। सोमवार को भी 11 खिलाड़ी एक साथ क्रिकेट खेलने लखनऊ गए थे। हादसे के वक्त सभी सो रहे थे, दरवाजा तोड़कर निकाला घायल जयंतो शर्मा ने बताया- हम लोग सो रहे थे। कार की टक्कर हुई तो नींद खुली। देखा तो कार ट्रक में घुसी हुई थी। हमारे साथी खून से लथपथ थे। राहगीरों ने हम लोगों को दरवाजा तोड़कर निकाला। सभी काफी अच्छा क्रिकेट खेलते थे मईल थाना क्षेत्र के बगहा के रहने वाले नित्य प्रजापति के पिता मनोज प्रजापति कैटरिंग का काम करते हैं। मईल थाना क्षेत्र के बलिया दक्षिण के रहने वाले इरफान के पिता इफ्तिखार घर पर रहते हैं। इरफान के तीन भाई आजम, कैस और बबली हैं। अनिकेत देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र के चुरिया गांव के रहने वाले थे। पिता अमरजीत सिंह शराब की दुकान पर सेल्समैन हैं। मां रंभा देवी गृहिणी हैं। छोटा भाई अंकित सिंह पढ़ाई करता है। दो बहनें रिया और रिशु हैं। परिजनों का कहना है कि सभी काफी अच्छा क्रिकेट खेलते थे। --------------------- ये खबर भी पढ़ें- बेटे की अस्थियां लेकर लौट रहे पिता की मौत:बुलंदशहर में बेकाबू कार ने हाईवे पर रौंदा, 48 घंटे में दोनों की जान गई बुलंदशहर में श्मशान घाट से बेटे की अस्थियां लेकर लौट रहे व्यापारी की सड़क हादसे में मौत हो गई। बुधवार सुबह 6 बजे वह पैदल ही हाईवे पार कर रहे थे, तभी अर्टिगा कार ने उन्हें रौंद दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा जिला मुख्यालय से 20 किमी दूर सिकंदराबाद थाना क्षेत्र में हुआ। पढ़ें पूरी खबर
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 










