Lockheed Martin भारत में बढ़ाएगी उत्पादन, 60 परिवहन विमानों की निविदा जीतने पर C-130J का निर्माण
(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, चार अक्टूबर अमेरिकी एयरोस्पेस कंपनी ‘लॉकहीड मार्टिन’ ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों के लिए मध्यम आकार के परिवहन विमानों की आपूर्ति का ठेका मिलने पर वह भारत में अपनी उत्पादन क्षमता का और विस्तार करेगी। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। भारत ने अगस्त में 10.5 अरब अमेरिकी डॉलर की लागत से 60 मध्यम परिवहन विमानों की खरीद के लिए निविदा जारी की थी।
इस ठेके की दौड़ में पांच भारतीय कंपनियां - टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (टीएएसएल), महिंद्रा समूह, अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) और रिलायंस डिफेंस शामिल हैं। इन कंपनियों से इस कार्यक्रम के लिए वैश्विक विमान निर्माताओं को साथ लाने की उम्मीद है। लॉकहीड मार्टिन के वैश्विक कारोबार विकास एवं रणनीति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डैन टेनी ने ‘पीटीआई’ के एक सवाल पर कहा, ‘‘टाटा के साथ हमारी लंबे समय से साझेदारी है।
वह सी-130जे विमानों के कलपुर्जों और पिछले हिस्से (एम्पेनेज) का निर्माण करती है। यह बहुत मजबूत क्षमता है और मौजूदा बोली के तहत इसका विस्तार किया जाएगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम भारत में उत्पादन और अन्य गतिविधियों के जरिए इस क्षमता का विस्तार करना चाहते हैं।’’ टीएएसएल ने इस ठेके के लिए लॉकहीड मार्टिन के साथ साझेदारी की है, जबकि महिंद्रा ने ब्राजील की एम्ब्रेयर के साथ हाथ मिलाया है। टेनी ने कहा, ‘‘हम इसे लेकर बहुत उत्साहित हैं।
भारत इस विमान और उससे आगे की उन्नत क्षमताओं को विकसित करने में मदद करने वाला हमारा एक महत्वपूर्ण साझेदार रहा है।’’ उन्होंने कहा कि अगर लॉकहीड मार्टिन और टीएएसएल इस बोली में सफल होते हैं, तो इस उत्पादन नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा। लॉकहीड मार्टिन ने कहा कि उसके प्रस्ताव में 12 विमान सीधे उड़ान भरने की स्थिति में तैयार करके देने और 48 विमानों का निर्माण भारत में करने की योजना शामिल है। कंपनी ने भारतीय वायुसेना के मौजूदा 12 सी-130जे विमानों को भी इसी आधुनिक मानक के अनुरूप उन्नत करने का प्रस्ताव दिया है।
इससे भारतीय वायुसेना के पास कुल 72 ऐसे विमान होंगे, जो एक समान आधुनिक तकनीक से लैस होंगे। भारतीय वायुसेना के मौजूदा सी-130जे विमानों ने 58,000 से अधिक उड़ान घंटे पूरे कर लिए हैं। इनका इस्तेमाल लद्दाख में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अभियान, नेपाल में बाढ़ के दौरान मानवीय सहायता मिशन और 2023 में सूडान से भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए किया गया था।
Bermuda से Boston जा रहा एयर एम्बुलेंस विमान लापता, 6 लोग थे सवार
नानटुकेट, चार अक्टूबर (एपी) बर्मुडा से बोस्टन जा रहा एक एयर एम्बुलेंस विमान शनिवार तड़के लापता हो गया जिसके बाद तटरक्षक बल ने उसकी तलाश तेज कर दी है। विमान में कुल छह लोग सवार थे। विमान के लापता होने से कुछ समय पहले हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) से हुई बातचीत में पायलट ने बिजली की समस्या की जानकारी दी और आपात स्थिति बताई।
बातचीत का यह ऑडियो एक वेबसाइट पर पोस्ट किया गया है, जिसमें नियंत्रक को पायलट से यह पूछते हुए सुना जा सकता है, ‘‘आपने कहा कि आप बिना किसी सहायता के अनुमान के आधार पर आ रहे हैं? क्या आपने यही कहा?’’ अमेरिकी परिवहन विभाग की पूर्व इंस्पेक्टर जनरल एवं विमानन मामलों की वकील मैरी शियावो का मानना है कि विमान में लगे दिशा सूचक यंत्रों तथा अन्य उपकरणों ने काम करना बंद कर दिया था। उसी वक्त रडार पर एक तूफान विमान के रास्ते में दिखाई दे रहा था।
उड़ानों से जुड़ी जानकारी साझा करने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटरडार24’ के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, विमान लगभग 24,000 फुट की ऊंचाई पर उड़ रहा था और फिर अचानक करीब 10,000 फुट पर आ गया। शियावो ने कहा कि इतनी तेजी से नीचे आने के पीछे कोई गंभीर समस्या हो सकती है और उसी वक्त विमान के रास्ते में बड़ा तूफान आ गया। उनके अनुसार, यदि विमान के उपकरण काम न कर रहे हों और विमान तूफान में हो, तो स्थिति बेहद खतरनाक हो सकती है।
ऐसी परिस्थिति में पायलट को यह समझना भी मुश्किल हो सकता है कि विमान मुड़ रहा है, ऊपर जा रहा है या नीचे आ रहा है। इसे ‘स्पैटियल डिसओरिएंटेशन’ कहा जाता है। बर्मुडा के एलएफ वाडे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से से उड़ान भरने वाला यह विमान कनाडा में पंजीकृत एयर एम्बुलेंस था।
हवाई अड्डे का संचालन करने वाली कंपनी ‘स्काईपोर्ट’ के अनुसार, विमान में चालक दल के चार सदस्य और दो यात्री, यानी कुल छह लोग सवार थे। विमान रात में बर्मुडा से मैसाचुसेट्स के लिए रवाना हुआ था। कनाडा के परिवहन मंत्री स्टीवन मैकिनन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि विमान में सवार छह लोगों में से चार कनाडाई नागरिक थे।
उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और खोज एवं बचाव अभियान में संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है। अमेरिका का ‘नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड’ भी मामले की जानकारी जुटा रहा है। हालांकि, उसने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह इस घटना की औपचारिक जांच करेगा या नहीं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








