Ayushman Bharat Scheme: अब आयुष्मान कार्ड से होगा 10 लाख तक का इलाज, क्या बढ़ेगी हेल्थ इंश्योरेंस लिमिट?
Ayushman Bharat Scheme: आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के तहत मिलने वाले 5 लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा कवर को बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने का प्रस्ताव सामने आया है। हालांकि, अभी यह केवल संसद की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संबंधी स्थायी समिति की सिफारिश है। केंद्र सरकार ने इस पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है।
क्या है पूरा मामला?
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संबंधी संसदीय स्थायी समिति ने सुझाव दिया है कि आयुष्मान भारत योजना के तहत मिलने वाले स्वास्थ्य बीमा कवर को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये प्रति परिवार प्रति वर्ष किया जाए। समिति का मानना है कि बढ़ती महंगाई और इलाज की लागत को देखते हुए मौजूदा बीमा राशि कई गंभीर बीमारियों के लिए पर्याप्त नहीं रह गई है।
हालांकि, यह सिर्फ एक सिफारिश है। जब तक केंद्र सरकार इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं देती, तब तक योजना के तहत मिलने वाला 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा ही लागू रहेगा।
अभी क्या-क्या लाभ मिलता है?
वर्तमान में आयुष्मान भारत योजना के पात्र परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा मिलता है। इस सुविधा का लाभ सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में लिया जा सकता है।
योजना के तहत अस्पताल में भर्ती होने, सर्जरी, जांच, गंभीर बीमारियों के इलाज और अन्य कई स्वास्थ्य सेवाओं का खर्च कवर किया जाता है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिलती है।
10 लाख रुपये की मांग क्यों उठी?
संसदीय समिति के अनुसार पिछले कुछ वर्षों में स्वास्थ्य सेवाएं काफी महंगी हुई हैं। कैंसर, हृदय रोग, किडनी प्रत्यारोपण और अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज में कई बार 5 लाख रुपये की सीमा जल्दी समाप्त हो जाती है। ऐसे में मरीजों को अपनी जेब से बड़ी रकम खर्च करनी पड़ती है।
समिति का मानना है कि यदि बीमा कवर 10 लाख रुपये कर दिया जाए, तो गंभीर बीमारियों से जूझ रहे परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होगा और बेहतर इलाज मिल सकेगा।
किन लोगों को मिल सकता है अधिक कवरेज?
कुछ राज्यों में राज्य सरकारें केंद्र सरकार की सहायता के अलावा अतिरिक्त स्वास्थ्य कवर भी देती हैं। उदाहरण के लिए, दिल्ली में पात्र लाभार्थियों को केंद्र के 5 लाख रुपये के अलावा 5 लाख रुपये अतिरिक्त सहायता मिलने से कुल 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवरेज उपलब्ध हो सकता है। इसके अलावा, 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी योजना के तहत अतिरिक्त लाभ का प्रावधान है।
अभी लाभार्थियों को क्या करना चाहिए?
यदि आप आयुष्मान भारत योजना के पात्र हैं, तो फिलहाल आपको 5 लाख रुपये तक का वार्षिक स्वास्थ्य बीमा ही मिलेगा। 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य कवर अभी लागू नहीं हुआ है। यदि भविष्य में केंद्र सरकार इस प्रस्ताव को मंजूरी देती है, तभी नई बीमा सीमा लागू होगी।
आयुष्मान भारत योजना के स्वास्थ्य बीमा कवर को 10 लाख रुपये करने का प्रस्ताव बढ़ते इलाज के खर्च को देखते हुए दिया गया है। फिलहाल यह केवल संसदीय स्थायी समिति की सिफारिश है और सरकार की मंजूरी का इंतजार है। इसलिए अभी योजना के तहत मिलने वाला 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर ही प्रभावी है।
यह भी पढ़ें: क्या EMI नहीं भरने पर बैंक आपका मोबाइल नंबर बंद कर सकता? जानिए RBI के नियम और सच्चाई
Car Comparison: टाटा एरिस और मारुति डिजायर CNG में कौन बेहतर? जानें कीमत और फीचर्स
Car Comparison: टाटा मोटर्स की नई कॉम्पैक्ट सेडान एरिस सीएनजी और मारुति सुजुकी डिजायर सीएनजी दोनों ही कम रनिंग कॉस्ट और परिवार के इस्तेमाल को ध्यान में रखकर पेश की गई हैं। दोनों कारों में 1.2 लीटर का तीन सिलेंडर इंजन दिया गया है। इसके साथ 5-स्पीड मैनुअल और एएमटी गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है। हालांकि, कीमत, सुविधाओं, माइलेज और सामान रखने की जगह के मामले में दोनों कारों में अंतर है।
टाटा एरिस आईसीएनजी की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 6.29 लाख रुपये है। इसका अकम्प्लिश्ड मैनुअल वेरिएंट 9.19 लाख रुपये तक जाता है, जबकि एएमटी वेरिएंट की कीमत 9.74 लाख रुपये तक है। वहीं, मारुति डिजायर सीएनजी वीएक्सआई मैनुअल की कीमत करीब 8.18 लाख रुपये, वीएक्सआई एएमटी 8.53 लाख रुपये, जेडएक्सआई मैनुअल 9.19 लाख रुपये और जेडएक्सआई एएमटी करीब 9.54 लाख रुपये है।
डिजाइन और इंटीरियर
दोनों कारों की लंबाई 3,995 मिलीमीटर और व्हीलबेस 2,450 मिलीमीटर है। एरिस की चौड़ाई 1,684 मिलीमीटर और ऊंचाई 1,532 मिलीमीटर है, जबकि डिजायर की चौड़ाई 1,735 मिलीमीटर और ऊंचाई 1,525 मिलीमीटर है।
एरिस को आधुनिक डिजाइन, एलईडी लाइटिंग और डुअल-टोन रंग विकल्पों के साथ पेश किया गया है। इसके केबिन में ओपनव्यू डैशबोर्ड, 10.25 इंच की टचस्क्रीन और 12.7 सेंटीमीटर का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है। ऊंचे वेरिएंट में लेदरेट और वेंटिलेटेड सीटों की सुविधा भी दी गई है।
एरिस में वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एपल कारप्ले, वायरलेस चार्जर, रियर एसी वेंट और कनेक्टेड कार फीचर्स मिलते हैं। कुछ वेरिएंट में 360 डिग्री कैमरा भी दिया गया है। दूसरी ओर, डिजायर में वायरलेस मिररिंग, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और रियर कैमरा जैसे फीचर्स मिलते हैं।
सुरक्षा के मामले में क्या मिलता है?
दोनों कारों में 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम, हिल होल्ड असिस्ट, एबीएस के साथ ईबीडी, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम और आईएसओफिक्स जैसे सुरक्षा फीचर्स दिए गए हैं।
मारुति डिजायर को ग्लोबल एनसीएपी क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सुरक्षा रेटिंग मिली है। वहीं, एरिस सीएनजी में 360 डिग्री कैमरे के अलावा गैस लीक डिटेक्शन जैसे सीएनजी से जुड़े सुरक्षा फीचर्स दिए गए हैं।
इंजन, प्रदर्शन और माइलेज
एरिस आईसीएनजी में 1.2 लीटर का रेवोट्रॉन इंजन दिया गया है। सीएनजी मोड में यह इंजन करीब 75.5 पीएस की पावर और 96.5 एनएम का टॉर्क पैदा करता है। वहीं, डिजायर सीएनजी में 1.2 लीटर का जेड-सीरीज इंजन मिलता है, जो 69.75 पीएस की पावर और 101.8 एनएम का टॉर्क देता है।
दोनों कारों में 5-स्पीड मैनुअल और एएमटी गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है। डिजायर सीएनजी का दावा किया गया माइलेज मैनुअल में 33.73 किलोमीटर प्रति किलोग्राम और एएमटी में 36.47 किलोमीटर प्रति किलोग्राम है। एरिस सीएनजी का आधिकारिक माइलेज आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है।
एरिस में ट्विन-सिलेंडर सीएनजी सेटअप दिया गया है, जिससे सीएनजी टैंक के बावजूद बूट स्पेस को ज्यादा उपयोगी रखने में मदद मिलती है। वहीं, डिजायर में पारंपरिक सीएनजी टैंक के कारण सामान रखने की जगह प्रभावित होती है।
कुल मिलाकर, एरिस सीएनजी में ज्यादा सुविधाओं, आधुनिक केबिन और उपयोगी स्पेस पर जोर दिया गया है, जबकि डिजायर सीएनजी बेहतर माइलेज और कम रनिंग कॉस्ट पर केंद्रित है। ऐसे में दोनों कारों में से चुनाव करते समय ग्राहक अपनी जरूरत, बजट और प्राथमिकताओं को ध्यान में रख सकते हैं।
(मंजू कुमारी)
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi










