'धुरंधर' के बाद मालामाल हुए 'रहमान डकैत': Akshaye Khanna ने मुंबई के सबसे मंहगे इलाके में खरीदा करोड़ों का आशियाना
Akshaye Khanna property: 'धुरंधर' से जबरदस्त चर्चाओं में आने वाले बॉलीवुड अभिनेता अक्षय खन्ना ने हाल ही में मुबंई में अपने लिए एक आलीशान घर खरीदा है। अक्षय खन्ना का ये घर मुंबई के पॉश इलाके मलाबार हिल में स्थित है जो एक लग्जरी अपार्टमेंट बताया जा रहा है। इस प्रॉपर्टी की कीमत करोड़ों में है जिसे जानकर लोग हैरान रह जाएंगे। जानिए क्या खासियत है अक्षय के इस नए अपार्टमेंट में।
रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेजों के मुताबिक, इस घर की कीमत 33.26 करोड़ रुपये है। यह लेनदेन सितंबर 2026 में दर्ज किया गया है।
2,500 वर्ग फुट से ज्यादा है कुल क्षेत्रफल
स्क्वायर यार्ड्स के दस्तावेजों के मुताबिक, अक्षय विनोद खन्ना के नए अपार्टमेंट का कारपेट एरिया 2,341.39 वर्ग फुट है। इसके अलावा इसमें 175.45 वर्ग फुट का बालकनी एरिया भी शामिल है। इस तरह घर का कुल क्षेत्रफल करीब 2,516.84 वर्ग फुट है।
इस प्रॉपर्टी के साथ तीन पार्किंग यूनिट भी मिली हैं। सितंबर 2026 में हुए इस सौदे पर करीब 1.99 करोड़ रुपये की स्टांप ड्यूटी और 30 हजार रुपये के रजिस्ट्रेशन चार्ज का भुगतान किया गया है।
मुंबई के सबसे महंगे इलाकों में शामिल है मलाबार हिल
मलाबार हिल दक्षिण मुंबई के प्रमुख और महंगे रिहायशी इलाकों में गिना जाता है। अरब सागर के किनारे स्थित यह इलाका अपने प्रीमियम घरों, शांत माहौल और दक्षिण मुंबई के महत्वपूर्ण हिस्सों से कनेक्टिविटी के लिए जाना जाता है।
नेपियन सी रोड, वॉकेश्वर रोड और पेडर रोड जैसे प्रमुख रास्तों के जरिए मलाबार हिल से मरीन ड्राइव, नरीमन पॉइंट और कोलाबा जैसे इलाकों तक आसानी से पहुंचा जा सकता है।
लग्जरी घरों और बड़े नामों की पसंद है यह इलाका
समय के साथ मलाबार हिल एक खास लग्जरी रेजिडेंशियल डेस्टिनेशन के रूप में विकसित हुआ है। यहां हाई-एंड अपार्टमेंट टावरों के साथ कई प्रीमियम रेजिडेंशियल प्रॉपर्टीज मौजूद हैं।
इलाके की नरीमन पॉइंट, फोर्ट और लोअर परेल जैसे प्रमुख कारोबारी केंद्रों से नजदीकी भी इसे खास बनाती है। इसके अलावा आसपास स्कूल, अस्पताल, महंगे रेस्तरां, शॉपिंग सेंटर और मनोरंजन से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इन जगहों के कारण भी खास है मलाबार हिल
मलाबार हिल के आसपास हैंगिंग गार्डन, कमला नेहरू पार्क, बाणगंगा टैंक और वॉकेश्वर मंदिर जैसे चर्चित स्थान भी मौजूद हैं। समुद्र के करीब होने, सीमित प्रीमियम प्रॉपर्टीज और मजबूत बुनियादी सुविधाओं के कारण यह इलाका लग्जरी होमबायर्स के बीच लोकप्रिय है।
कई फिल्मों में नजर आ चुके हैं अक्षय विनोद खन्ना
अक्षय विनोद खन्ना ने हिंदी सिनेमा में कई अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी पहचान बनाई है। वह दिग्गज अभिनेता विनोद खन्ना के बेटे हैं, लेकिन अपने अभिनय के दम पर उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अलग मुकाम बनाया।
अक्षय विनोद खन्ना ‘दिल चाहता है’, ‘गांधी, माय फादर’, ‘हुलचुल’, ‘रेस’ और ‘दृश्यम’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। हाल के वर्षों में उन्होंने ‘छावा’ में औरंगजेब और ‘धुरंधर’ में रहमान डकैत का किरदार निभाया, जिनमें उनके अभिनय को दर्शकों का ध्यान मिला।
IT Raid Bollywood: रकुलप्रीत सिंह, वासु भगनानी से जुड़े 12 ठिकानों पर इनकम टैक्स छापा! फिल्म शूटिंग के नाम पर पैसे विदेश भेजने का आरोप
IT Raid Bollywood: बॉलीवुड के बड़े फिल्मकार, प्रोडक्शन कंपनी और स्टार्स पर इनकम टैक्स विभाग का छापा पड़ा है। इस छापे में अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह, फिल्ममेकर वासु भगनानी और पैनोरमा स्टूडियोज से जुड़े ठिकानों पर छापा पड़ने की खबरें सामने आई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई आयकर विभाग ने 28 सितंबर 2026 को करीब 12 जगहों पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई कथित तौर पर विदेश भेजे गए फिल्म से जुड़े फंड और संभावित टैक्स अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में की जा रही है।
12 ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई आयकर विभाग की कई टीमें रकुल प्रीत सिंह, वासु भगनानी और Panorama Studios से जुड़े ऑफिस और अन्य परिसरों में जांच कर रही हैं। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि विभाग को पिछले कुछ समय से फिल्म शूटिंग, विदेशी वितरण और निर्माण के नाम पर बड़ी रकम विदेश भेजे जाने की जानकारी मिल रही थी।
इसी जानकारी के आधार पर विभाग ने संबंधित ठिकानों पर तलाशी शुरू की है। हालांकि, जांच अभी जारी है और आधिकारिक तौर पर वित्तीय अनियमितताओं को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
विदेश भेजे गए फंड को लेकर जांच
रिपोर्ट के अनुसार, जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फिल्मों की शूटिंग, विदेशों में वितरण और निर्माण से जुड़े लेनदेन में कहीं टैक्स से जुड़ी गड़बड़ी तो नहीं हुई। कथित तौर पर बड़ी रकम विदेश भेजे जाने के मामले में वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
आयकर विभाग की यह कार्रवाई अभी चल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अधिकारियों को किस तरह की वित्तीय जानकारी या कथित अनियमितताएं मिली हैं।
रकुल प्रीत सिंह जल्द ‘रामायण’ में आएंगी नजर
रकुल प्रीत सिंह बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्रियों में शामिल हैं। वह जल्द ही निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ में नजर आएंगी। फिल्म में वह शूर्पणखा का किरदार निभा रही हैं।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में, साई पल्लवी सीता के किरदार में, रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता बनी हुई है।
वासु भगनानी और Panorama Studios का फिल्मी कनेक्शन
वाशु भगनानी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने निर्माता हैं। पैनोरमा स्टूडियोज के बैनर से भी कई चर्चित फिल्मों का निर्माण और जुड़ाव रहा है।
इस बैनर से ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी के अलावा ‘कुली नंबर 1’, ‘बड़े मियां छोटे मियां’, ‘रहना है तेरे दिल में’ और ‘मिशन रानीगंज’ जैसी फिल्मों का नाम जुड़ा है।
रकुल, जैकी और वासु भगनानी की ओर से प्रतिक्रिया का इंतजार
फिलहाल सामने आई रिपोर्ट्स में आयकर विभाग की कार्रवाई को जांच के स्तर पर बताया गया है। रकुल प्रीत सिंह, उनके पति जैकी भगनानी और वाशु भगनानी की ओर से इन तलाशी की खबरों पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi









