एशियन गेम्स 2026 में मेडल से चूकीं मनु भाकर, 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में पांचवें स्थान पर रहीं, कोरिया की चू गाएउन ने जीता गोल्ड
एशियन गेम्स 2026 में भारत की स्टार निशानेबाज मनु भाकर 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकीं। दरअसल क्वालिफाइंग राउंड में शानदार वापसी कर फाइनल में पहुंचने वाली मनु फाइनल मुकाबले में पांचवें स्थान पर रहीं और पदक से चूक गईं। वहीं दूसरी ओर भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ईरान को हराकर शानदार जीत दर्ज की है जबकि पदक तालिका में भारत ने शीर्ष-10 में अपनी जगह बनाए रखी है।
दरअसल मनु ने कुल 181.1 अंक बनाए और पांचवें स्थान पर रहते हुए प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। दक्षिण कोरिया की चू गाएउन ने 184.5 अंक के साथ गोल्ड मेडल जीता। चीन की जियांग रैनशिन ने 182.0 अंक लेकर सिल्वर और ताइवान की चेंग येन चिंग ने 181.9 अंक के साथ ब्रॉन्ज अपने नाम किया।
फाइनल में नहीं मिली बढ़त
जानकारी दे दें कि मनु भाकर ने क्वालिफाइंग राउंड में तीसरे स्थान पर रहकर फाइनल में जगह बनाई थी। शुरुआत में उनका प्रदर्शन सामान्य रहा था लेकिन बाद की सीरीज में लगातार बेहतर निशाने लगाकर उन्होंने शीर्ष खिलाड़ियों में अपनी जगह बनाई। इसी प्रदर्शन के कारण भारतीय खेल प्रेमियों को फाइनल में उनसे बड़ी उम्मीदें थीं। फाइनल का प्रारूप लगातार दबाव वाला होता है जहां हर सीरीज के बाद खिलाड़ी बाहर होते जाते हैं। मनु शुरुआती दौर में ही बढ़त नहीं बना सकीं और एलिमिनेशन में पहुंचने के बाद अंतर कम नहीं कर पाईं। महज 0.8 अंक के अंतर से वह पदक की दौड़ से बाहर हो गईं। इस इवेंट में भारत को टीम स्पर्धा में भी सफलता नहीं मिली है। भारतीय टीम चौथे स्थान पर रही और पदक से मामूली अंतर से चूक गई। ऐसे में शूटिंग में भारत की बड़ी उम्मीदें फिलहाल अगले मुकाबलों पर टिक गई हैं।
कबड्डी टीम की जीत से बढ़ा भारत का मनोबल
वहीं शूटिंग में निराशा के बीच भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन कर देश को खुश होने का मौका दिया। टीम ने ईरान को 37-23 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। मुकाबले के दौरान भारत ने शुरुआत से बढ़त बनाए रखी और ईरान को वापसी का मौका नहीं दिया। इससे पहले भारतीय टीम बांग्लादेश को 42-21 से हराकर भी दमदार शुरुआत कर चुकी थी। लगातार दो बड़ी जीत के बाद टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है और आगे के मुकाबलों के लिए उसकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। इसी बीच भारत को weight lifting में भी उम्मीदें बनी हुई हैं। मीराबाई चानू 49 किलोग्राम वर्ग में पदक की दावेदार हैं और उनसे स्वर्ण पदक की उम्मीद की जा रही है।
पदक तालिका में भारत की स्थिति पर नजर डालिए
दरअसल महिला क्रिकेट टीम के गोल्ड मेडल के बाद भारत ने एशियन गेम्स 2026 की पदक तालिका में शीर्ष-10 में जगह बनाई। फिलहाल भारत के खाते में कुल 9 पदक हैं, जिनमें 1 गोल्ड, 4 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज शामिल हैं।
इंदौर में भारत-वेस्टइंडीज T20 का काउंटडाउन शुरू, मैदान पर बनेगा ‘चेक्स’ पैटर्न, 25 सितंबर से टिकटों की बिक्री
इंदौर के होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को होने वाले भारत और वेस्टइंडीज टी-20 मैच को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार मैदान की आउटफील्ड को एक बेहद खास और नया लुक दिया जा रहा है।
दरअसल टीवी प्रसारण और स्टेडियम में मौजूद दर्शकों के अनुभव को शानदार बनाने के लिए घास पर ‘चेक्स’ यानी चौकड़ी वाला खूबसूरत पैटर्न तैयार किया जा रहा है। इस नए लुक को देखने के लिए क्रिकेट फैंस भी काफी उत्साहित हैं।
मिनटों में फुल हुईं स्टूडेंट टिकटें, 25 से सामान्य बिक्री
मैच के क्रेज का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मंगलवार को स्टूडेंट कन्सेशन टिकटों की बुकिंग शुरू होते ही कुछ ही मिनटों में 1200 छात्रों का रजिस्ट्रेशन पूरा हो गया। दस्तावेजों की जांच के बाद छात्रों को ये टिकट जारी कर दिए जाएंगे। आपको बता दें कि सामान्य श्रेणी के दर्शकों के लिए ऑनलाइन टिकटों की बिक्री 25 सितंबर की सुबह 6 बजे से शुरू होगी, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
शाई होप की कप्तानी में इंदौर पहुंचेगी वेस्टइंडीज
इस मुकाबले के लिए वेस्टइंडीज की टी-20 टीम का ऐलान भी हो चुका है, जिसकी कमान शाई होप संभालेंगे। टीम में शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, रोमारियो शेफर्ड और अकील होसेन जैसे कई आक्रामक खिलाड़ी शामिल हैं। दरअसल, कैरेबियाई टीम के ये धाकड़ खिलाड़ी अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में इंदौर के छोटे और बल्लेबाजी के अनुकूल मैदान पर छक्कों और चौकों की बरसात होना लगभग तय माना जा रहा है।
होलकर में हमेशा रहा है हाई-स्कोरिंग मैचों का इतिहास
होलकर स्टेडियम का टी-20 इतिहास बेहद रोमांचक रहा है। इसी मैदान पर 22 दिसंबर 2017 को कप्तान रोहित शर्मा ने सिर्फ 35 गेंदों में तूफानी शतक जड़ा था। भारत ने यहाँ खेले गए चार में से तीन मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज की है, जिसमें 2024 में अफगानिस्तान के खिलाफ मिली जीत भी शामिल है। आपको बता दें कि इंदौर की यह पिच हमेशा से बल्लेबाजों के लिए मददगार रही है, इसलिए इस बार भी बड़ा स्कोर बनने की उम्मीद है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News









