Responsive Scrollable Menu

दिल की बीमारी के ये शुरुआती संकेत भूलकर भी न करें नजरअंदाज, जानें शरीर कैसे देता है चेतावनी

नई दिल्ली, 29 सितंबर (आईएएनएस)। दिल हमारे शरीर का वह हिस्सा है, जो बिना रुके दिन-रात काम करता रहता है। दिल लगातार शरीर के हर हिस्से तक खून और ऑक्सीजन पहुंचाने का काम करता है। परेशानी तब शुरू होती है, जब दिल या उसे खून पहुंचाने वाली नसों में किसी तरह की समस्या पैदा होने लगती है। कई बार शरीर इसकी जानकारी अचानक नहीं देता, बल्कि उससे पहले छोटे-छोटे संकेत देता रहता है। दिक्कत यह है कि इन संकेतों को अक्सर गैस, थकान, तनाव, कमजोरी या बढ़ती उम्र का असर समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है।

हर साल 29 सितंबर को वर्ल्ड हार्ट डे मनाया जाता है। इस मौके पर कई संस्थान कैंपेन के जरिए लोगों को दिल की बीमारी के उन संकेतों के बारे में जागरूक करते है, जिन्हें लोग अक्सर हल्के में ले लेते है।

दिल की बीमारी का मतलब सिर्फ हार्ट अटैक नहीं है। कोरोनरी आर्टरी डिजीज, हार्ट फेलियर और दिल की धड़कन से जुड़ी समस्याएं भी इसके दायरे में आती हैं। इसलिए शरीर में होने वाले बदलावों को समझना जरूरी है। मेडिकल रिसर्च और अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन की जानकारी के मुताबिक इन संकेतों पर खास तौर पर ध्यान देना जरूरी है।

सीने में दबाव, भारीपन या जलन: हार्ट अटैक में हमेशा तेज दर्द ही हो, ऐसा जरूरी नहीं है। सीने के बीच में दबाव, जकड़न, भारीपन, जलन या असहजता भी चेतावनी हो सकती है। यह कुछ मिनट तक रह सकती है या बीच में ठीक होकर दोबारा शुरू हो सकती है। इसे सिर्फ गैस या एसिडिटी समझकर नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।

सांस फूलना: सामान्य काम करने, थोड़ा चलने या सीढ़ियां चढ़ने पर पहले के मुकाबले ज्यादा सांस फूलने लगे तो इसे भी गंभीरता से लेना चाहिए। हार्ट फेलियर में सांस फूलना धीरे-धीरे बढ़ सकता है और कुछ लोगों को रात में अचानक सांस लेने में परेशानी के कारण नींद से उठना पड़ सकता है।

बिना वजह ज्यादा थकान: अगर रोज के सामान्य काम करने में भी असामान्य थकान महसूस हो रही है, तो इसका कारण सिर्फ नींद की कमी या काम का दबाव नहीं हो सकता। खासकर महिलाओं में असामान्य थकान और कमजोरी हार्ट अटैक से जुड़े लक्षणों में शामिल हो सकते हैं।

हाथ, पीठ, गर्दन या जबड़े में दर्द: दिल से जुड़ी परेशानी का असर सिर्फ सीने तक सीमित नहीं रहता। दर्द या दबाव एक या दोनों हाथों, कंधे, पीठ, गर्दन या जबड़े तक पहुंच सकता है। महिलाओं में पीठ, कंधे या जबड़े का दर्द कभी-कभी कम सामान्य लगने वाला हार्ट अटैक लक्षण हो सकता है।

पैरों और टखनों में सूजन: पैरों, टखनों या शरीर के दूसरे हिस्सों में लगातार सूजन को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। हार्ट फेल्योर में दिल की पंपिंग क्षमता कम होने पर शरीर में अतिरिक्त तरल जमा हो सकता है, जिससे पैरों और टखनों में सूजन दिखाई दे सकती है।

चक्कर आना या सिर हल्का लगना: अचानक चक्कर, कमजोरी या सिर हल्का लगना कई कारणों से हो सकता है, लेकिन अगर इसके साथ सीने में परेशानी, सांस फूलना या पसीना आए तो तुरंत मेडिकल मदद लेना जरूरी है।

बिना वजह पसीना आना: अचानक पसीना आना हार्ट अटैक के चेतावनी संकेतों में शामिल है। अगर इसके साथ सीने में दबाव या सांस फूलने जैसी समस्या भी हो तो इसे इमरजेंसी की तरह लेना चाहिए।

इनमें से कोई एक लक्षण दिखने का मतलब यह नहीं है कि व्यक्ति को निश्चित रूप से दिल की बीमारी है, लेकिन अगर लक्षण नए हैं, बार-बार हो रहे हैं, बढ़ रहे हैं या कई संकेत एक साथ दिखाई दे रहे हैं, तो डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।

डॉक्टर जरूरत के अनुसार, ईसीजी, ब्लड टेस्ट, इकोकार्डियोग्राम, स्ट्रेस टेस्ट, सीटी या कोरोनरी एंजियोग्राम जैसी जांच करा सकते हैं।

दिल को स्वस्थ रखने के लिए धूम्रपान से दूरी, नियमित शारीरिक गतिविधि, संतुलित खानपान, ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल पर नजर और डायबिटीज का सही नियंत्रण जरूरी है।

--आईएएनएस

पीके/वीसी

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Continue reading on the app

बढ़ती क्षमता उपयोग और मजबूत मांग से नए पूंजीगत निवेश चक्र को मिल रहा बढ़ावा, बढ़ा उद्योग जगत का भरोसा: फिक्की अध्यक्ष

मुंबई, 29 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय उद्योग परिसंघ फिक्की (एफआईसीसीआई) के अध्यक्ष और आरपीजी ग्रुप के वाइस चेयरमैन अनंत गोयनका ने मंगलवार को कहा कि भारत में व्यापक आधार पर आर्थिक वृद्धि देखने को मिल रही है और बढ़ते क्षमता उपयोग के चलते कंपनियां पूंजीगत निवेश (कैपेक्स) बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों में मांग सुधरने से कारोबारी विश्वास मजबूत हुआ है और इससे निवेश गतिविधियों को नई गति मिल रही है।

फिक्की फ्रेम्स कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में गोयनका ने कहा कि लगभग सभी क्षेत्रों में विकास के संकेत दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा, हम अर्थव्यवस्था में व्यापक स्तर पर वृद्धि देख रहे हैं। क्षमता उपयोग बढ़ने के साथ विभिन्न क्षेत्रों में पूंजी निवेश भी बढ़ रहा है।

उन्होंने विशेष रूप से ऑटोमोबाइल क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि इस सेक्टर में अपेक्षाकृत अधिक तेज वृद्धि दर्ज की गई है, जिसका सकारात्मक प्रभाव पूरे सप्लाई नेटवर्क और वैल्यू चेन पर पड़ रहा है। ऑटो सेक्टर में बढ़ती मांग के कारण पुर्जों, कच्चे माल, लॉजिस्टिक्स और अन्य संबद्ध उद्योगों को भी लाभ मिल रहा है।

हालांकि, गोयनका ने यह भी कहा कि उद्योगों के सामने लाभ मार्जिन को लेकर चुनौतियां बनी हुई हैं। बढ़ती कमोडिटी कीमतों के कारण कंपनियों की लागत बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कंपनियां कुछ अतिरिक्त लागत उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन आमतौर पर इसमें समय लगता है और इसका पूरा असर तुरंत कीमतों में दिखाई नहीं देता।

उन्होंने कहा कि कमोडिटी कीमतों के स्थिर होने तक मार्जिन पर दबाव बना रह सकता है। विशेष रूप से कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी को उन्होंने उद्योगों के लिए चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतें लगभग 90 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल या उससे ऊपर पहुंच गई हैं, जिससे विभिन्न उद्योगों की लागत बढ़ रही है।

मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र पर टिप्पणी करते हुए गोयनका ने एफआईसीसीआई फ्रेम्स को उद्योग का एक प्रतिष्ठित मंच बताया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन अब 26 वर्षों का सफर पूरा कर चुका है और मीडिया उद्योग में हो रहे बड़े बदलावों को समझने तथा भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि आज मीडिया उद्योग एक बड़े परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। कंटेंट देखने के तरीके, प्रसारण के माध्यम, मल्टी-स्क्रीन उपभोग, कम होती ध्यान अवधि, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और सिंथेटिक डेटा जैसी तकनीकें उद्योग की प्रकृति को तेजी से बदल रही हैं।

गोयनका के अनुसार, फ्रेम्स ऐसा मंच है जहां कंटेंट क्रिएटर्स, तकनीकी विशेषज्ञ, उद्योग प्रतिनिधि और उपभोक्ता एक साथ आकर यह समझ सकते हैं कि भविष्य का मीडिया उद्योग किस दिशा में आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय मीडिया जगत के लिए परिवर्तन और नवाचार का दौर है और ऐसे मंच इस बदलाव को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

--आईएएनएस

डीबीपी

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Continue reading on the app

  Sports

Asian Games 2026: हॉकी इंडिया ने खोला खजाना, 44 साल बाद गोल्ड जीतने वाली भारतीय बेटियों को मिला लाखों का इनाम

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने इतिहास रचते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया. इस ऐतिहासिक जीत पर हॉकी इंडिया ने प्राइज मनी का ऐलान किया है. Fri, 02 Oct 2026 20:35:46 +0530

  Videos
See all

Breaking News: Ajay Rai की जगह आराधना मिश्रा बनीं UP कांग्रेस की नई अध्यक्ष | UP Congress #tmktech #vivo #v29pro
2026-10-02T16:10:11+00:00

Gold जीतते ही झूम उठीं महिला हॉकी खिलाड़ी! | #Shorts #Trending #tmktech #vivo #v29pro
2026-10-02T16:10:49+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers