29 September History: आरती साहा ने इंग्लिश चैनल पार कर रचा था इतिहास, जानें आज की प्रमुख घटनाएं
इतिहास में 29 सितंबर का दिन भारत के लिए बेहद खास है। 1959 में इसी दिन भारत की आरती साहा ने ‘इंग्लिश चैनल’ को तैरकर पार किया था और ऐसा करने वाली वह एशिया की पहली महिला बनीं। उफनती लहरों और बर्फीले पानी के कारण इस विशाल जलराशि को तैरकर पार करना एक कठिन चुनौती थी और ‘इसे तैराकी का माउंट एवरेस्ट’ कहा जाता है।
आरती ने 19 वर्ष की आयु में इस खतरनाक यात्रा को सफलतापूर्वक पूरा किया। इसके अलावा 29 सितंबर 2023 की विधि मंत्रालय की एक अधिसूचना में बताया गया कि राष्ट्रपति ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण प्रदान करने का प्रावधान करने वाले महिला आरक्षण विधेयक को 28 सितंबर 2023 को अपनी मंजूरी दे दी, जिसके बाद यह कानून बन गया। देश-दुनिया के इतिहास में 29 सितंबर की तारीख पर दर्ज कुछ अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 1836 : मद्रास चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की स्थापना।
1923 : बालफोर घोषणा (1917) के अनुसार ब्रिटेन द्वारा फलस्तीन में एक यहूदी बस्ती की स्थापना की सहमति को अंतत: काउंसिल ऑफ द लीड ऑफ नेशंस ने मंजूरी दी, जो आज के दिन अस्तित्व में आई। 1938 : पोलैंड ने टेश्चेन पर अपना अधिकार दोहराया। प्रथम विश्व युद्ध के बाद इस संपन्न इलाके को पोलैंड और चेकोस्लोवाकिया के बीच बांट दिया गया था।
इस क्षेत्र पर अधिकार को लेकर दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बना रहा। 1959 : भारत की आरती साहा ने ‘इंग्लिश चैनल’ को तैरकर पार किया। ऐसा करने वाली वह एशिया की पहली महिला बनीं।
उफनती लहरों और बर्फीले पानी के कारण इस विशाल जलराशि को तैरकर पार करना एक कठिन चुनौती थी और ‘इसे तैराकी का माउंट एवरेस्ट’ कहा जाता है। आरती ने 19 वर्ष की आयु में इस खतरनाक यात्रा को सफलतापूर्वक पूरा किया। 1961 : ऑस्ट्रेलिया की पहली महिला प्रधानमंत्री जूलिया गिलार्ड का जन्म।
वेल्स में जन्मीं जूलिया 2010 में ऑस्ट्रेलिया की प्रधानमंत्री बनीं। 1962 : कलकत्ता में बिरला तारामंडल की शुरुआत। 1970 : यूनियन कार्बाइड ने बम्बई स्थित अपने केमिकल्स एंड प्लास्टिक्स संयंत्र में पहला जलशोधन संस्थान स्थापित किया।
इसमें साफ किए जाने वाले सीवेज के पानी को औद्योगिक कार्यों में इस्तेमाल किया जाना था। 1977 : भारत और बांग्लादेश ने गंगा नदी जल बंटवारे पर एक संधि पर हस्ताक्षर किए। 1988 : चैलेंजर के दुर्घटनाग्रस्त होने के ढाई साल के बाद अमेरिका ने अपना पहला मानवयुक्त अंतरिक्ष यान सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया।
2000 : चीन के गुइझोउ प्रांत में स्थित मुचोंगगोउ कोयला खदान में एक भीषण गैस विस्फोट हुआ था, जिसमें 162 लोगों की मृत्यु हो गई थी। 2005 : इराक के बलाद शहर में सिलसिलेवार आत्मघाती बम धमाकों में 90 से अधिक लोगों की मौत हुई और 110 से अधिक घायल हो गए थे। 2006 : ब्राजील में अमेज़ॅन के जंगलों के ऊपर एक बोइंग 737 और एक एम्ब्रेयर 600 बिजनेस जेट के बीच हवा में भीषण टक्कर हुई।
इस हादसे में बोइंग विमान में सवार सभी 154 लोगों की मौत हो गई, हालांकि एम्ब्रेयर 600 बिजनेस जेट में सवार सभी सात लोग बच गए। 2009 : समोआ द्वीप समूह के पास 8.0 से 8.1 तीव्रता का भीषण भूकंप आया, जिसके कारण उठी विनाशकारी सुनामी से 189 से अधिक लोगों की मौत हो गई। 2013 : नाइजीरिया के गुज्बा में बोको हराम के आतंकवादियों ने एग्रीकल्चर कॉलेज पर हमला कर 42 छात्रों की हत्या कर दी थी।
2017 : मुंबई में एल्फिंस्टन रोड स्टेशन (अब प्रभादेवी) और परेल स्टेशन को जोड़ने वाले एक संकरे फुट ओवरब्रिज पर भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई थी जिससे 23 लोगों की मौत हो गई थी और 37 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। 2020 : कुवैत के अमीर (शासक) शेख सबाह अल अहमद अल सबाह का 91 वर्ष की उम्र में निधन। वह 2006 में कुवैत के अमीर बने थे।
2021 : इक्वाडोर की लिटोरल पेनिटेंटियरी जेल में मादक पदार्थ के प्रतिद्वंद्वी गिरोहों के बीच हिंसक झड़प और दंगे में 116 कैदियों की मौत हो गई। 2023 : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के महिला आरक्षण विधेयक को अपनी मंजूरी देने के बाद विधि मंत्रालय ने अधिसूचना जारी की। यह कानून लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण प्रदान करने का प्रावधान करता है।
इसी दिन 2023 को पाकिस्तान के बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनवा प्रांतों में ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के जुलूस और मस्जिद के पास हुए भीषण आत्मघाती बम धमाकों में 57 से अधिक लोगों की मौत हो गई और 70 से अधिक लोग घायल हो गए। 2024 : नेपाल में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से 140 से अधिक लोगों की जान चली गई और कई लोग लापता हो गए। 2025 : नाइजीरिया के उत्तर-मध्य क्षेत्र में बंदूकधारियों ने 12 वन रक्षकों की हत्या कर दी।
Israel के PM Benjamin Netanyahu ने की UAE की गोपनीय यात्रा, राष्ट्रपति शेख मोहम्मद से मिले
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस सप्ताहांत गोपनीय तरीके से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की यात्रा की। दोनों देशों ने सोमवार को इस यात्रा की आधिकारिक पुष्टि की। मामले से परिचित सूत्रों के हवाले से इजराइल के ‘चैनल 12’ की ओर से दी गई खबर के अनुसार, नेतन्याहू और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बीच रविवार को हुई बैठक करीब एक घंटे तक चली।
इस घटनाक्रम से परिचित एक सूत्र ने बताया कि वार्ता के केंद्र में इजराइली दैनिक समाचार पत्र ‘हारेत्ज’ में इस महीने की शुरुआत में प्रकाशित वह खबर थी, जिसमें कहा गया था कि यूएई के नेता ने सात अक्टूबर 2023 के हमले से ठीक पहले नेतन्याहू को हमास के संभावित हमले की चेतावनी दी थी। बैठक की प्रत्यक्ष जानकारी रखने वाले एक अन्य सूत्र के अनुसार, नेतन्याहू ने शेख मोहम्मद से इस खबर का सार्वजनिक रूप से खंडन करने का आग्रह किया। नेतन्याहू का कार्यालय पहले ही ‘हारेत्ज’ की इस खबर को खारिज कर चुका है।
यूएई ने सोमवार देर रात इस बैठक की पुष्टि करते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों और ‘‘उन्हें मजबूत तथा विकसित करने के तौर-तरीकों’’ पर चर्चा की। नेतन्याहू के कार्यालय ने भी सोमवार देर रात बयान जारी कर कहा कि बैठक का उद्देश्य ‘‘द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना’’ था। हालांकि, कार्यालय ने यूएई के नेता से खबर के संबंध में किसी भी तरह का अनुरोध किए जाने से इनकार किया।
कार्यालय ने यह भी बताया कि इजराइल की सुरक्षा एजेंसी ‘शिन बेट’ ने ‘चैनल 12’ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि चैनल ने नेतन्याहू के इजराइल लौटने से पहले ही उनकी यात्रा की खबर प्रसारित करके नियमों का उल्लंघन किया।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









