MP में नर्सिंग रजिस्ट्रेशन सिस्टम पर उठे सवाल, जीतू पटवारी बोले “फर्जी वोट से बनी सत्ता चला रही फर्जी सिस्टम”
मध्यप्रदेश में नर्सिंग रजिस्ट्रेशन की ऑनलाइन व्यवस्था में सामने आई कथित गड़बड़ी को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस मामले को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में फर्जी वोट से चुनी गई सत्ता फर्जी तरीके से फर्जी सरकार का फर्जी सिस्टम चला रही है।
कांग्रेस नेता ने बीजेपी को घेरते हुए कहा कि “फर्जी वोट से चुनी गई, फर्जी सत्ता, फर्जी तरीके से ही, फर्जी सरकार का फर्जी सिस्टम चला रही है।” दरअसल, मध्यप्रदेश की नर्सिंग रजिस्ट्रेशन व्यवस्था में एक गंभीर खामी उजागर हुई है। ऑनलाइन पोर्टल पर महज दो फर्जी दस्तावेज अपलोड करके किसी भी नाम से नर्सिंग रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट और नंबर हासिल किया जा सकता है।
सिस्टम में पाई गई क्या खामी
नए ऑनलाइन सिस्टम में आवेदक को ट्रेनिंग कंप्लीशन सर्टिफिकेट और डिग्री/डिप्लोमा अपलोड कर सीधे आवेदन करने की सुविधा मिल गई है। कॉलेज प्राचार्य या किसी अधिकारी से आवेदन फॉरवर्ड कराने की जरूरत नहीं रह गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सिस्टम का परीक्षण करने के दौरान अलग-अलग नामों से रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट तैयार होने का दावा किया गया।
इसपर की गई पड़ताल के बाद दैनिक भास्कर की रिपोर्ट में बताया गया है कि उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला और स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव सुकवीर सिंह के नाम से भी कुछ ही मिनट में सर्टिफिकेट और रजिस्ट्रेशन नंबर जनरेट हो गए। एक परीक्षण में जानवर की तस्वीर लगाए जाने के बाद भी सर्टिफिकेट बनने की बात सामने आई है। यह मामला इसलिए गंभीर है क्योंकि इससे यह पता चलता है कि आवेदन के शुरुआती चरण में सिस्टम आवेदक की पहचान और लगाए गए दस्तावेजों की वास्तविकता की जांच नहीं कर रहा है।
पहले कॉलेज से जांच के बाद जाता था आवेदन
पुरानी व्यवस्था में नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य की भूमिका महत्वपूर्ण थी। आवेदक के 10वीं-12वीं के प्रमाण-पत्र, मार्कशीट, नर्सिंग कोर्स के दस्तावेज, ट्रेनिंग कंप्लीशन और डिग्री या डिप्लोमा की जांच के बाद आवेदन काउंसिल को भेजा जाता था। इसके बाद काउंसिल स्तर पर भी दस्तावेजों का सत्यापन होता था और प्रक्रिया पूरी होने पर रजिस्ट्रेशन जारी किया जाता था। अब उस व्यवस्था में बदलाव के बाद रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट और नंबर पहले जारी होने तथा दस्तावेजों की विस्तृत जांच बाद में होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
कांग्रेस ने सरकार की जवाबदेही पर उठाए सवाल
जीतू पटवारी ने इस पूरे घटनाक्रम को सरकार की व्यवस्था से जोड़ते हुए हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिस सिस्टम में किसी दूसरे व्यक्ति के नाम से भी रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र तैयार हो सकता है वह सरकार की प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा फर्जी वोट के सहारे सत्ता में आई सरकार अब उसी तरह फर्जी सिस्टम के जरिए अपना शासन चला रही है।
सच्चाई सिर्फ यही है फर्जी वोट से चुनी गई, फर्जी सत्ता, फर्जी तरीके से ही, फर्जी सरकार का फर्जी सिस्टम चला रही है!@DrMohanYadav51 pic.twitter.com/xA277zwIts
— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) September 28, 2026
उज्जैन में शाही मस्जिद हटाने के विरोध में पथराव, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
उज्जैन में शाही मस्जिद को हटाए जाने विरोध में मुस्लिम समाज पिछले दो दिन से प्रदर्शन कर रहा है। शनिवार रात से ही मस्जिद के बाहर लोगों की भीड़ लगी हुई है। रविवार रात भी यहां बड़ी संख्या में लोग विरोध स्वरूप एकत्रित हुए। वहीं दूसरी तरफ भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया।
आज सुबह तक क्षेत्र का माहौल शांत बना हुआ था। लेकिन अब आ रही जानकारी के मुताबिक मस्जिद को हटाने के विरोध में गहमागहमी की स्थिति बन गई है। पुलिस पर पथराव की स्थिति बन गई है। इसके बाद भीड़ को नियंत्रण में करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए।
पुलिस पर किया जा रहा पथराव
शाही मस्जिद हटाने के विरोध में उतरे कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव किया है। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण नजर आ रही है। बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात है और स्थिति पर नजर रख रहा है। जानकारी के मुताबिक भीड़ को तितर बितर करने के लिए लगभग डेढ़ दर्जन से ज्यादा आंसू गैस के गोले छोड़ें जा चुके हैं। इसके बावजूद भी कुछ लोग पुलिस पर पथराव करने में लगे हुए हैं। तस्वीरों में पथराव की स्थिति साफ तौर पर दिखाई दे रही है।
दो दिन से चल रहा विरोध
शाही मस्जिद को हटाने के विरोध में मुस्लिम समाज की ओर से पिछले दो दिनों से प्रदर्शन किया जा रहा है। शनिवार की रात से ही मस्जिद के अंदर और बाहर लोगों की भीड़ इकट्ठा होने लगी थी। यह लोग शनिवार की रात से लेकर सुबह तक वहीं डटे रहे। इसी बीच पुलिस द्वारा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च भी निकाला गया।
इसके बाद रविवार की रात जब भारी पुलिस बल जेसीबी और पोकलेन मशीनों के साथ मौके पर पहुंचा। तब एक बार फिर बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर गए। मशीने देखकर मौके पर मौजूद लोग अलग अलग तरह से प्रशासन को वहां से जाने की बात कहते नजर आए। हालांकि, इस दौरान प्रशासन भी मौके पर डटा रहा। सुरक्षा को देखते हुए जेसीबी और पोकलेन मशीनों के साथ 2 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News











