UP में भारी बारिश के बीच विद्युत आपूर्ति पर UPPCL की सख्त निगरानी, फॉल्ट तुरंत ठीक करने के आदेश
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच राज्य सरकार ने निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बढ़ा दी है। शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव एवं उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने लेसा समेत सभी वितरण निगमों के अधिकारियों को बिजली व्यवस्था की लगातार निगरानी करने और खराबी को कम से कम समय में ठीक करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बारिश के कारण कहीं भी विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर लाइनमैन तत्काल मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य पूरा करें। प्रसाद ने बताया कि स्थानीय फॉल्ट की जानकारी संचार माध्यमों के जरिए उपभोक्ताओं तक भी पहुंचाई जाए। बयान के अनुसार, बारिश के दौरान विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका के मद्देनजर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और अनुरक्षण कार्य सुरक्षा उपकरणों के साथ ही कराने के निर्देश दिए गए।
बयान में बताया गया कि अप्रत्याशित भारी बारिश के कारण प्रदेश में ब्रेकडाउन की घटनाएं बढ़ी हैं। बयान के मुताबिक, ज्यादातर फॉल्ट पेड़ या उनकी टहनियां गिरने के कारण हुए हैं। लखनऊ नियंत्रण कक्ष के अनुसार, 11 किलोवॉट (केवी) के 716 फीडर और 33 केवी के 173 उपकेंद्रों के बंद होने की सूचना मिली है, जिनकी लगातार निगरानी की जा रही है।
अधिकारियों को 1912 हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों का जल्द से जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
MP में इस वर्ष 1 लाख सरकारी पदों पर भर्ती होगी, CM Mohan Yadav का इंदौर में ऐलान
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को कहा कि युवाओं को रोजगार देने की मुहिम को आगे बढ़ाते हुए राज्य में इस साल एक लाख सरकारी पदों पर भर्ती की जाएगी। यादव ने इंदौर में ‘हिंदू इकोनॉमिक फोरम’ नामक संगठन के कार्यक्रम में कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने कहा,‘‘राज्य में पिछले ढाई साल के दौरान अलग-अलग विभागों के 85,000 से ज्यादा पदों पर सरकारी भर्ती की गई है।
इस साल हम करीब एक लाख और सरकारी पदों पर भर्ती करने वाले हैं।’’ मुख्यमंत्री ने देश में सबसे सस्ती बिजली, उद्योगों के अनुकूल नीतियों, एक लाख एकड़ के विशाल भूमि बैंक और शांत औद्योगिक वातावरण जैसी खूबियां गिनाते हुए निवेशकों से राज्य में इकाइयां लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सूबे में ऊर्जा, खनन और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में निवेश की बड़ी संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले ढाई साल में वैश्विक निवेशक सम्मेलन और अन्य आयोजनों के दौरान राज्य सरकार ने उद्योगपतियों के साथ करीब 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश के करार (एमओयू) किए हैं जिनमें से 33 प्रतिशत प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की दिशा में कदम बढ़ाए जा चुके हैं।
यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार निवेश को बढ़ावा देने के लिए अपनी नागर विमानन नीति के तहत वित्तपोषण करके अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की पहल भी कर रही है। उन्होंने कहा कि इस नीति के तहत जुलाई में इंदौर से अबू धाबी की उड़ान शुरू हो चुकी है और अगले महीने भोपाल से शारजाह की उड़ान शुरू होने वाली है। यादव ने यह भी कहा कि ‘हिंदुत्व’ देश की राष्ट्रीयता, संस्कारों, जीवन पद्धति और प्रकृति से जुड़ा शब्द है और इसकी अवधारणा में मनुष्य से मनुष्य को जोड़ने का भाव समाहित है।
उन्होंने कटाक्ष किया कि इस शब्द से कई लोगों को ठीक उस तरह तकलीफ हो सकती है, जैसे उन्हें किसी बिच्छू ने डंक मारा हो।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









