स्टूडेंट बोला-जल्दी कर, पनवेल निकलना है; प्रोफेसर ने कॉलर पकड़ी:धमकी दी, कहा- मैं किसी भी हद तक जा सकता हूं, अहमदाबाद की यूनिवर्सिटी का मामला
अहमदाबाद की निरमा यूनिवर्सिटी के एक प्रोफेसर का छात्र का कॉलर पकड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें एक प्रोफेसर स्टेज पर कुछ बोलने जा रहे होते हैं। देरी होने पर एक स्टूडेंट चिल्लाकर कहता है, अरे जल्दी कर, सुबह पनवेल निकलना है। यह सुनते ही प्रोफेसर गुस्सा हो जाते हैं। वे स्टूडेंट को स्टेज पर बुलाते हैं, जैसे ही छात्र मंच पर चढ़ता है। प्रोफेसर सभी के सामने उसका कॉलर पकड़ लेते हैं। फिर धमकी देते हुए कहते हैं कि, मैं किसी भी हद तक जा सकता हूं। जिस दिन तुमने निरमा यूनिवर्सिटी कैंपस के किसी फैकल्टी सदस्य का अपमान करने की हिम्मत की, तुम हमेशा के लिए बाहर हो। यह घटना यूनिवर्सिटी में आयोजित तीन दिवसीय ‘टेक्नोफ्रा 2026’ कार्यक्रम के दौरान हुई। हालांकि ये विवादित वीडियो किस दिन का है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई। घटना से जुड़ी 4 तस्वीरें… अब जानिए पूरा मामला क्या है अहमदाबाद की निरमा यूनिवर्सिटी में 18 से 20 सितंबर के बीच ‘टेक्नोफ्रा 2026’ कार्यक्रम हुआ था। यह यूनिवर्सिटी के इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी विभाग के छात्रों का कार्यक्रम था। इसमें तकनीकी गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्टैंड-अप कॉमेडी शो भी हुआ था। यूनिवर्सिटी के मुताबिक कार्यक्रम में 800 से ज्यादा लोगों की मौजूदगी रही। स्टैंड-अप कॉमेडियन रजत सूद के शो के दौरान एक प्रोफेसर मंच पर मौजूद थे। इसी दौरान दर्शकों में बैठे एक छात्र ने कथित तौर पर फिल्म ‘गोलमाल 3’ से जुड़ा मशहूर डायलॉग “जल्दी कर, पनवेल निकलना है” चिल्ला दिया। रिपोर्टों में प्रोफेसर की पहचान डॉ. हिमांशु के पटेल के रूप में की गई है। यूनिवर्सिटी की वेबसाइट भी उन्हें इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रमेंटेशन इंजीनियरिंग विभाग का प्रमुख बताया गया है। विवाद क्यों बढ़ा, NSUI ने माफी की मांग की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रोफेसर द्वारा छात्र का कॉलर पकड़ने और धमकी देने को लेकर सवाल उठे। वहीं, कुछ लोगों ने छात्र की टिप्पणी को भी शिक्षक के प्रति अनुचित बताया। कांग्रेस से जुड़े छात्र संगठन NSUI ने मामले में प्रोफेसर से माफी मांगने और जांच कराने की मांग की है। NSUI ने कहा कि छात्र के साथ अनुचित व्यवहार हुआ। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदर्शन किया जाएगा। यूनिवर्सिटी का क्या कहना है? PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, यूनिवर्सिटी ने मामले पर प्रतिक्रिया मांगने वाले ईमेल का जवाब नहीं दिया। दूसरी रिपोर्ट में यूनिवर्सिटी के एग्जीक्यूटिव रजिस्ट्रार ने मामले की जानकारी होने से इनकार किया है। इसलिए यूनिवर्सिटी की ओर से घटना पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ------------------------------------------- ये खबर भी पढ़ें… IIT-बॉम्बे सुसाइड केस, साहिल के पेरेंट्स भूख हड़ताल पर बैठे: कहा- बेटे को प्रताड़ित किया गया IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की मौत मामले में उसके माता-पिता रवींद्र और सोनाली गुरुवार को मुंबई के आजाद मैदान में भूख हड़ताल पर बैठ गए। साहिल के पिता रवींद्र ने आरोप लगाया कि उनके बेटे ने संस्थान में बार-बार जातिगत भेदभाव का सामना करने की बात बताई थी। उन्होंने कहा- जिन लोगों ने मेरे बेटे को प्रताड़ित किया, उन्हें जेल में डालना चाहिए। पूरी खबर पढ़ें…
दिल्ली में VIP वोटर्स का वेरिफिकेशन पूरा:जल्द लिस्ट में नाम जुड़ेगा, आडवाणी-जयशंकर-केजरीवाल समेत कई लोगों को भेजे गए थे नोटिस
दिल्ली में जारी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के दौरान नोटिस पाने वाले VIP वोटर्स के डिटेल का फील्ड वेरिफिकेशन पूरा हो गया है। चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, सत्यापन के बाद उनके नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए सुरक्षित कर लिए गए हैं। नोटिस पाने वालों में भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, चुनाव आयुक्त एसएस संधू, दिल्ली की CM रेखा गुप्ता और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कई प्रमुख लोग शामिल थे। इनमें से ज्यादातर को 2002 की पिछली SIR सूची से नाम मैच नहीं होने यानी 'अनमैप्ड”' होने के कारण नोटिस जारी किया गया था। इनमें बड़ी संख्या में लोग नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं। चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, 33.13 लाख मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म की जानकारी में गड़बड़ी के कारण नोटिस भेजे गए हैं। SIR का दावा-आपत्ति चरण 30 सितंबर तक चलेगा और अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर को जारी होगी। 33 लाख से ज्यादा वोटर्स के फॉर्म में गड़बड़ियां मिलीं 98 साल के लालकृष्ण आडवाणी, उनकी बेटी प्रतिभा और बहू गीतिका को 2002 की SIR मतदाता सूची से नाम मैप नहीं होने के कारण नोटिस मिला था। उनके बेटे जयंत की मैपिंग प्रक्रिया पूरी हो गई है। चारों नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर और उनकी पत्नी क्योको जयशंकर, जो नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के सुनहरी बाग इलाके में मतदाता हैं, उनको भी ‘पिछली SIR से मैप नहीं’ कारण से नोटिस मिला था। पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी सुदेश को भी नोटिस दिया गया था। उनके मतदाता रिकॉर्ड में उपराष्ट्रपति आवास का पता दर्ज था। चुनाव आयुक्त एस.एस. संधू को उनके नाम में अंतर के कारण नोटिस मिला था, जबकि उनके बेटे दमनबीर को माता-पिता के नाम में अंतर के कारण नोटिस जारी किया गया है। दोनों दिल्ली कैंट विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं। दिल्ली, महाराष्ट्र समेत 16 राज्यों में SIR का तीसरा फेज चुनाव आयोग ने 14 मई को हरियाणा, झारखंड, उत्तराखंड, दिल्ली और महाराष्ट्र समेत 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में स्पेशल इंटेसिव रिवीजन (SIR) की घोषणा की थी। यह SIR का तीसरा फेज है। पूरी प्रक्रिया 30 मई से 23 दिसंबर तक चलेगी। इस दौरान 36.73 करोड़ वोटरों का वेरिफिकेशन हो रहा है। जिन राज्यों में SIR होगा, उनमें पंजाब, उत्तराखंड और मणिपुर में अगले साल विधानसभा चुनाव हैं। अन्य 13 राज्यों में 2028 और 2029 में चुनाव होंगे। नगालैंड: SIR के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची में 11.99 लाख नाम, 1.59 लाख हटे नगालैंड में रविवार को स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई। इसमें SIR से पहले की 13.57 लाख मतदाताओं वाली सूची में से करीब 1.59 लाख नाम शामिल नहीं किए गए। नई ड्राफ्ट सूची में 11.99 लाख मतदाताओं के नाम हैं। SIR के दौरान पिछली सूची में 29,944 मतदाता मृत, 1.23 लाख अनुपस्थित या स्थायी रूप से स्थानांतरित और 5,059 मतदाता एक से अधिक जगहों पर रजिस्टर्ड पाए गए। -------------------- ये खबर भी पढ़ें… SIR पर 23 विपक्षी दलों ने CJI को लेटर लिखा: बोले- चुनाव आयोग की प्रकिया मनमानी और लोकतंत्र विरोधी चुनाव आयोग की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया और चुनाव से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर 23 विपक्षी दलों और एक निर्दलीय सांसद ने जून में चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) को लेटर लिखा। लेटर पर कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) समेत 23 विपक्षी दलों और निर्दलीय राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने हस्ताक्षर किए हैं। पढ़ें पूरी खबर…
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 










