धार में 5 साल के बच्चे की अनोखी पहल, जनसुनवाई पहुंचकर बोला – ‘गणेश विसर्जन के लिए एक जगह तय करें, तालाब बचाइए’
धार की जनसुनवाई में मंगलवार को एक ऐसा आवेदन पहुंचा जिसने अधिकारियों के साथ मौजूद लोगों का भी ध्यान खींच लिया। दरअसल पहली कक्षा में पढ़ने वाला 5 साल का सिवान जोशी अपने पिता के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और बड़ी गणेश प्रतिमाओं के लिए एक तय और साफ विसर्जन स्थल बनाने की मांग की। वहीं बच्चे का कहना है कि अलग-अलग तालाबों और घाटों पर विसर्जन होने से जलस्रोत गंदे होते हैं इसलिए पर्यावरण बचाने के लिए एक ही जगह व्यवस्था की जानी चाहिए।
दरअसल सिवान ने अपने आवेदन में लिखा कि शहर में कई समितियां बड़ी गणेश प्रतिमाएं स्थापित करती हैं और उनका विसर्जन 25 और 26 सितंबर को होना है। फिलहाल अलग-अलग तालाबों और घाटों पर प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है जिससे पानी में पूजन सामग्री पहुंचती है और जलस्रोतों पर असर पड़ता है। उसने प्रशासन से इस व्यवस्था में बदलाव करने की अपील की है।
गणेश विसर्जन के लिए कई जगहों का सुझाव
वहीं सिवान ने केवल समस्या नहीं बताई बल्कि उसके समाधान के सुझाव भी दिए। आवेदन में मुंज सागर तालाब के एंट्री पॉइंट को विसर्जन स्थल बनाने का सुझाव दिया गया है। इसके अलावा बड़े गणपति मंदिर के आगे की जगह को भी उपयुक्त बताया गया है। उसने यह भी कहा कि फिल्टर प्लांट के कुंड का आकार बढ़ाकर वहां भी बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन की व्यवस्था की जा सकती है।
बच्चे का कहना है कि अगर एक तय जगह पर विसर्जन होगा तो व्यवस्थाएं संभालना आसान होगा और तालाबों में अनियंत्रित तरीके से पूजन सामग्री फेंकने की समस्या भी कम होगी। उसका मानना है कि इससे श्रद्धालु भी विधि-विधान के साथ विसर्जन कर सकेंगे और पर्यावरण पर पड़ने वाला असर भी घटेगा। सिवान ने प्रशासन से यह भी मांग की कि विसर्जन वाले दिन तालाबों और घाटों पर एक विशेष टीम तैनात की जाए जो लोगों को पूजन सामग्री सीधे पानी में डालने से रोके। साथ ही सभी गणेश समितियों को पहले से तय विसर्जन स्थल की जानकारी भी दी जाए ताकि वे उसी स्थान पर प्रतिमा विसर्जन करें।
प्रशासन ने दिया भरोसा
दरअसल जनसुनवाई में पांच साल के बच्चे की पहल ने अधिकारियों का भी ध्यान खींचा। जिला पंचायत सीईओ अखिलेश जैन ने सिवान से बातचीत की और उसके आवेदन को गंभीरता से लेने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि विसर्जन व्यवस्था को लेकर जल्द प्रक्रिया शुरू करने का प्रयास किया जाएगा और संबंधित विभागों के साथ इस पर चर्चा होगी।
इंदौर में सिटी बस कंडक्टर और दो साथियों ने यात्री से की मारपीट, वीडियो वायरल, पुलिस ने तीनों पर किया केस दर्ज
इंदौर शहर में आए दिन मारपीट और विवाद के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। जिन पर पुलिस द्वारा कार्रवाई भी की जाती है। इस बीच, पलासिया थाना क्षेत्र से से एक और वीडियो सामने आया है। जिसमें कुछ लोगों द्वारा एक शख्स के साथ मारपीट की जा रही है। जो लोग पीट रहे हैं वह सिटी बस के कंडक्टर और उसके दो साथी बताये जा रहे हैं। मामले में पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच के बाद कंडक्टर समेत तीन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर हाल ही में वायरल हो रहा मारपीट का यह वीडियो पलासिया चौराहे का बताया जा रहा है मामले की जानकारी देते हुए एसीपी नीति दंडोतिया ने बताया कि पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर पीड़ित को थाने बुलाकर घटना के संबंध में जानकारी ली गई है।
क्या है पूरे विवाद का कारण?
बता दें कि पुलिस ने जब पीड़ित से मारपीट का कारण पूछा तो उसने बताया कि वह दोपहर में सिटी बस से पलासिया से विजयनगर गया था, जिसके लिये उसने 10 रुपये किराया दिया था। इसके बाद जब वह शाम को विजयनगर से पलासिया वापस आया तो उससे 15 रुपये किराया मांगा गया। पीड़ित ने जब बढ़े हुये किराये का विरोध किया तो सिटी बस के कंडक्टर निहाल धाकड़ और उसके दो साथियों सुनिल चौहान एवं महेश चौहान ने उसके साथ मारपीट की।
पीड़ित की शिकायत पर पलासिया थाना पुलिस ने कंडक्टर निहाल धाकड़ और उसके दोनों साथियों सुनिल चौहान एवं महेश चौहान के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक मामले में कार्यवाही की गई है।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News








