IND vs NZ t20is series: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 22 अक्टूबर से पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। इससे पहले न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर रचिन रवींद्र चोटिल हो गए हैं। प्रमोशनल शूट के दौरान कंधे में लगी चोट के कारण वह पूरी टी20 सीरीज में नहीं खेल पाएंगे।
रचिन को ठीक होने में करीब 6 हफ्ते लग सकते हैं। न्यूजीलैंड टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि वह 4 नवंबर से शुरू होने वाली वनडे सीरीज तक वापसी कर लेंगे। हालांकि, उनकी फिटनेस को लेकर जल्दबाजी नहीं की जाएगी।
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा- हम रचिन के बाहर होने से बेहद निराश हैं। वह इस गर्मी में टीम के लिए बड़ी भूमिका निभाने वाले हैं। इसलिए जरूरी है कि वह अपनी रिकवरी में जल्दबाजी न करें। हमें उम्मीद है कि वह वनडे सीरीज तक वापसी कर लेंगे।
बेवन जैकब्स को टीम में मिली जगह रचिन रवींद्र की जगह न्यूजीलैंड ने मध्यक्रम के बल्लेबाज बेवन जैकब्स को टीम में शामिल किया है। जैकब्स अब तक 11 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं। बांग्लादेश के खिलाफ अपने पिछले मैच में उन्होंने नाबाद 62 रन बनाए थे।
वहीं, तेज गेंदबाज एडम मिल्ने की भी टीम में वापसी हुई है। वह एक साल से ज्यादा समय बाद टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते नजर आ सकते हैं। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजी आक्रमण में लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, जैकब डफी, जाक फाउल्क्स और नाथन स्मिथ भी शामिल हैं। टखने की चोट से उबर रहे बेन सीयर्स को टीम में नहीं चुना गया है।
वर्कलोड मैनेजमेंट पर भी नजर कोच रॉब वाल्टर ने कहा- आने वाले महीनों में टीम को काफी क्रिकेट खेलना है। भारत के दौरे के बाद न्यूजीलैंड को ऑस्ट्रेलिया में चार टेस्ट मैच खेलने हैं। इसके बाद अगले साल की शुरुआत में श्रीलंका की मेजबानी करनी है।
उन्होंने कहा कि टीम के पास तेज गेंदबाजों का अच्छा विकल्प है और सीरीज के दौरान सभी 16 खिलाड़ियों का इस्तेमाल करके वर्कलोड मैनेजमेंट किया जाएगा।
फिन एलन और टिम सीफर्ट की वापसी फिन एलन और टिम सीफर्ट एक बार फिर न्यूजीलैंड की पारी की शुरुआत करते नजर आएंगे। दोनों खिलाड़ियों की टी20 विश्व कप के बाद पहली बार शीर्ष क्रम में जोड़ी बनेगी। इसके चलते टिम रॉबिन्सन को टीम में जगह नहीं मिली है।
वाल्टर ने कहा कि भारत जैसी मजबूत टीम की मेजबानी करना रोमांचक होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि घरेलू परिस्थितियों और दर्शकों के समर्थन के बीच न्यूजीलैंड अच्छा प्रदर्शन करेगा। भारत के खिलाफ पांच टी20 मैचों के बाद न्यूजीलैंड पांच वनडे और दो टेस्ट मैच भी खेलेगा।