Shafali Verma के शतक से Asian Games सेमीफाइनल में India ने बनाए 195 रन
आक्रामक सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा के शानदार नाबाद शतक की मदद से भारत ने रविवार को यहां एशियाई खेलों की महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ चार विकेट पर 195 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। शेफाली ने 49 गेंद में नाबाद 100 रन की पारी के दौरान नौ छक्के और तीन चौके लगाए। अपना 118वां मैच खेल रही शेफाली का यह सबसे छोटे प्रारूप में पहला शतक है। शेफाली टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक जड़ने वाली सिर्फ तीसरी भारतीय महिला बल्लेबाज हैं। दाएं हाथ की इस आक्रामक सलामी बल्लेबाज को दूसरे छोर पर अनुभवी स्मृति मंधाना (37) और कप्तान हरमनप्रीत कौर (40) का अच्छा साथ मिला।
दोनों भारतीय सलामी बल्लेबाजों शेफाली और स्मृति ने शुरूआत से ही आक्रामक रुख अपनाते हुए पहले विकेट के लिए 72 रन जोड़े। शेफाली और स्मृति ने बांग्लादेशी गेंदबाजों पर लगातार प्रहार किए और रन गति बनाए रखी। बांग्लादेशी गेंदबाजों के पास उनके आक्रामक तेवर का कोई जवाब नहीं था। हालांकि पावरप्ले की अंतिम गेंद पर यह साझेदारी टूट गई। नाहिदा अख्तर की गेंद पर स्मृति ने स्लॉग स्वीप खेलने की कोशिश में शोभना मोस्तरी को कैच थमा दिया। तीसरे नंबर पर उतरीं गुनालन कमालिनी बल्लेबाजी की अनुकूल पिच पर 10 गेंद में सिर्फ तीन रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।
दूसरे छोर पर शेफाली ने आक्रामक रुख जारी रखा। उन्होंने नौ छक्के और तीन चौके लगाकर सहजता से गेंद को सीमा रेखा के पार भेजा लेकिन शतक पूरा करने के लिए उन्हें भारत की पारी के अंतिम ओवर तक इंतजार करना पड़ा। कप्तान हरमनप्रीत ने बीच के ओवरों में शेफाली का अच्छा साथ देते हुए 33 गेंद में 40 रन बनाए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 55 गेंद में 94 रन की साझेदारी की।
भारत 200 से अधिक रन बनाने की स्थिति में दिख रहा था लेकिन पारी के अंतिम चरण में विकेट गिरने से उसकी रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई। 18वें ओवर में हरमनप्रीत को बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना ने राबिया खान की गेंद पर स्टंप किया जिसके बाद ऋचा घोष भी दो रन बनाकर सस्ते में पवेलियन लौट गईं।
T20 International में 4788 रन: Smriti Mandhana बनीं दुनिया की नंबर 1 बल्लेबाज
भारत की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना रविवार को यहां बांग्लादेश के खिलाफ एशियाई खेलों के सेमीफाइनल के दौरान न्यूजीलैंड की दिग्गज सूजी बेट्स को पछाड़कर महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं। तीस वर्षीय बाएं हाथ की बल्लेबाज स्मृति को रिकॉर्ड अपने नाम करने के लिए सात रन की जरूरत थी। उन्होंने तीसरे ओवर में बांग्लादेश की तेज गेंदबाज मारूफा अख्तर की आखिरी दो गेंद पर लगातार चौके जड़कर यह उपलब्धि हासिल की। स्मृति ने 19 गेंद में पांच चौकों और दो छक्कों से 37 रन बनाए। वह पावरप्ले की आखिरी गेंद पर आउट हुईं।
पावरप्ले का अंत एक और छक्के के साथ करने की कोशिश में स्मृति ने अख्तर की गेंद पर स्लॉग स्वीप खेला, लेकिन डीप मिडविकेट पर शोभना मोस्तरी को कैच दे बैठीं। हालांकि आउट होने से पहले ही वह रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी थीं और महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गईं। उनके नाम अब 4,788 रन हैं। सूजी बेट्स 4,758 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं जबकि भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर 4,287 रन के साथ तीसरे और श्रीलंका की कप्तान चामरी अटापट्टू 4,282 रन के साथ चौथे स्थान पर हैं।
स्मृति महिला क्रिकेट में सभी प्रारूपों को मिलाकर भी सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं। उन्होंने हाल में महिला एशिया कप के दौरान पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज के 10,868 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा था। स्मृति के नाम अब सभी प्रारूपों में 10,987 अंतरराष्ट्रीय रन हैं जिसमें टेस्ट में 788, एकदिवसीय में 5,411 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 4,788 रन शामिल हैं। बेट्स 10,740 रन के साथ सभी प्रारूपों में तीसरे स्थान पर हैं। स्मृति के नाम महिला क्रिकेट में सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय शतक का रिकॉर्ड भी है। उन्होंने हाल में महिला एशिया कप के ग्रुप चरण में हांगकांग, चीन के खिलाफ शतक जड़कर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था।
बांग्लादेश के खिलाफ स्मृति की आक्रामक शुरुआत ने भारत को महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय के उसके सबसे तेज पावरप्ले में से एक तक पहुंचाया। पावरप्ले के अंत में भारत का स्कोर एक विकेट पर 72 रन था जो महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में उसका चौथा सर्वश्रेष्ठ पावरप्ले स्कोर है।
भारत ने इससे पहले 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ बिना विकेट खोए 77, 2018 में श्रीलंका के खिलाफ चार विकेट पर 75 और इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ दो विकेट पर 73 रन बनाए थे। भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। विजेता टीम फाइनल में श्रीलंका से भिड़ेगी जिसने एक अन्य सेमीफाइनल में पाकिस्तान को आठ विकेट से हराया।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi










